विज्ञापन

कल का मौसम: बंगाल, तमिलनाडु समेत 7 राज्यों में भारी बारिश, चक्रवात अर्नब मचाएगा तबाही, दिल्ली-यूपी में बढ़ेगी ठंड

कल का मौसम, 27 अक्टूबर 2026: IMD ने कल 7 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. दिल्ली-एनसीआर में मौसम साफ रहने और सुबह-शाम हल्की ठंड बने रहने का अनुमान है. जानिए आपके यहां कैसा मौसम रहेगा.

कल का मौसम: बंगाल, तमिलनाडु समेत 7 राज्यों में भारी बारिश, चक्रवात अर्नब मचाएगा तबाही, दिल्ली-यूपी में बढ़ेगी ठंड
कल का मौसम: जानिए कहां होगी बारिश Weather Update
NDTV
  • दिल्ली-एनसीआर में रविवार तड़के हुई बारिश के बाद सोमवार को न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है
  • बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोन अर्नब को लेकर मछुआरों को समुद्र में जाने से मना किया गया है
  • छत्तीसगढ़ के सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर और बस्तर जिलों में 28 अक्टूबर को साइक्लोन के कारण रेड अलर्ट जारी

Kal Ka Mausam 27 October 2026: दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल गया है. बंगाल की खाड़ी में आ रहे अर्नब चक्रवात को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. यह चक्रवात बंगाल, ओडिशा से लेकर तमिलनाडु और छत्तीसगढ़ तक तबाही मचा सकता है. वहीं दिल्ली-एनसीआर में अचानक बारिश के बाद ठंड बढ़ गई है. उधर पहाड़ों पर बर्फबारी जारी है. इस बीच मौसम विभाग ने कल यानी 27 अक्टूबर 2026 के लिए वेदर फॉरकास्ट जारी किया है. आईएमडी के डेली बुलेटिन के मुताबिक कल देशभर के 7 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश की संभावना और अलर्ट है, जानिए कल कहां कैसा मौसम रहेगा.

अपने शहर का मौसम और अपने इलाके का AQI जानने के लिए यहां क्लिक करें

दिल्ली-एनसीआर में ठंड की दस्तक, कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. सोमवार सुबह लोगों को जहां हल्की ठंड का एहसास हुआ, वहीं रविवार तड़के हुई हल्की बारिश ने प्रदूषण के स्तर पर भी सकारात्मक असर डाला है. सोमवार सुबह शहर का न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे मौसम सुहावना हो गया है. कल तापमान 31 से 16 डिग्री के बीच रहेगा और आसमान साफ रहेगा. सुबह और दोपहर के समय उत्तर-पश्चिम दिशा से 12 से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जो शाम/रात में धीमी होकर 10 किमी प्रति घंटे रह जाएंगी. 28 अक्टूबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा. हालांकि, 29 और 30 अक्टूबर को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है, जहां गरज-चमक के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान है. इस दौरान तापमान 31 से 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री के आसपास रहेगा. 31 अक्टूबर को फिर से आसमान आंशिक रूप से बादलों वाला रहेगा और तापमान 31 से 18 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है.

राजस्थान में मौसम कैसा रहेगा?

राजस्थान में बीते चौबीस घंटे में मौसम आमतौर सूखा रहा और इस दौरान सर्वाधिक 37.6 डिग्री सेल्सियस तापमान बाड़मेर में दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार सोमवार सुबह तक बीते चौबीस घंटे में राज्य में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा. बाड़मेर में अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस व सिरोही में न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अनुसार राज्य में अभी कुछ दिन मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. हालांकि 29-30 अक्टूबर को पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में एक बार फिर तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश हो सकती है.

यूपी और बिहार में कैसा रहेगा मौसम?

कल उत्तर प्रदेश में मौसम पूरी तरह से शुष्क रहेगा. पूर्वी और पश्चिमी दोनों उत्तर प्रदेश में कल के लिए बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. हालांकि आने वाले दिनों यानी 29-30 अक्टूबर को पूर्वी यूपी में भारी बारिश की संभावना है. वहीं कल बिहार में भी मौसम पूरी तरह से शुष्क और साफ रहेगा. कल के लिए राज्य में बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. बिहार में बारिश का दौर 28 अक्टूबर से शुरू होगा और 29-30 अक्टूबर को भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है.

Latest and Breaking News on NDTV

बंगाल में चक्रवात अर्नब को लेकर अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने सोमवार को मछुआरों को मंगलवार से गुरुवार तक समुद्र में जाने से मना कर दिया. मौसम विभाग चक्रवात 'अर्नब' के मार्ग और तीव्रता में हो रहे बदलावों पर बारीकी से नजर रख रहा है, जिसके आंध्र प्रदेश तट पर दस्तक देने की आशंका है. हालांकि पश्चिम बंगाल पर इसका सीधा प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है, लेकिन राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका है. दक्षिण बंगाल में बुधवार से बारिश बढ़ने की संभावना है, और बुधवार से शुक्रवार के बीच कुछ जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है. गुरुवार को दक्षिण 24 परगना, पूर्वी मिदनापुर, पश्चिमी मिदनापुर और झाड़ग्राम में बारिश बढ़ सकती है और कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है. उत्तर बंगाल में भी सप्ताह के अंत तक बारिश होने की आशंका है. गुरुवार और शुक्रवार को दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कलिम्पोंग और अलीपुरदुआर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इन जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है.

छत्तीसगढ़ में साइक्लोन अर्नब का असर, कई जिलों में रेड अलर्ट जारी

छत्तीसगढ़ में 28 और 29 अक्टूबर को साइक्लोन अर्नब के प्रभाव से भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका है. मौसम वैज्ञानिक डॉ. गायत्री वाणी ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना सिस्टम अगले 24 घंटे में और तीव्र होकर सीवियर साइक्लोनिक स्टॉर्म का रूप ले सकता है। इसके प्रभाव को देखते हुए दक्षिण छत्तीसगढ़ के सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर और बस्तर जिलों के लिए 28 अक्टूबर को रेड अलर्ट जारी किया गया है.

इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट

  • भारी बारिश: आंध्र प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना
  • मध्यम बारिश: केरल, असम और मेघालय
  • हल्की बारिश: तमिलनाडु, पुडुचेरी, लक्षद्वीप, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल और झारखंड
     

यह भी पढ़ें | प्रदूषण की मार पर इंद्रदेव का सहारा, दिल्ली में बारिश ने मौसम कर दिया कूल-कूल, AQI 300 से गिरकर 150 के करीब 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kal Ka Mausam, Kal Kaisa Rahega Mousam 8 October 2026, Weather Update, Weather Forecast, Weather News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com