विज्ञापन
This Article is From Oct 21, 2019

कैसा है महाराष्ट्र और हरियाणा का सियासी गणित, जहां आज हो रहे हैं मतदान, पढ़ें- 10 खास बातें

Maharashtra, Haryana Assembly Election: महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए आज मतदान हो रहे हैं. बीजेपी और उसकी सहयोगी पार्टियां दोनों ही राज्यों में सत्ता बरकरार रखने कोशिश में जुटी हुई हैं.

कैसा है महाराष्ट्र और हरियाणा का सियासी गणित, जहां आज हो रहे हैं मतदान, पढ़ें- 10 खास बातें
महाराष्ट्र और हरियाणा में आज चुनाव (प्रतिकात्मक फोटो)
नई दिल्ली:
  1. महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीटों के लिए 235 महिलाओं समेत कुल 3,237 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. मतदान के लिए 96,661 मतदान केंद्र बनाये गए हैं, जिनपर साढ़े छह लाख कर्मचारी तैनात किये गए हैं. महाराष्ट्र में बीजेपी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अगुवाई में लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए पूरा दमखम लगा रहे हैं.
  2. यहां बीजेपी 164 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जिसमें उसके कमल के निशान पर चुनाव लड़ने वाले छोटे सहयोगी दलों के उम्मीदवार शामिल हैं. वहीं शिवसेना ने 126 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए हैं.  दूसरी ओर, कांग्रेस ने 147 और सहयोगी राकांपा ने 121 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं. 
  3. अन्य दलों में, राज ठाकरे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने 101 उम्मीदवार, भाकपा ने 16, माकपा ने आठ उम्मीदवार उतारे हैं. बसपा ने 262 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं. जबकि दूसरी तरफ, 1400 निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में ताल ठोंक रहे हैं.
  4. प्रमुख उम्मीदवारों में मुख्यमंत्री फडणवीस और कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण शामिल हैं. वहीं कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण सतारा जिले के कराद दक्षिण से चुनाव मैदान में हैं. उद्धव ठाकरे के बेटे और युवा सेना प्रमुख आदित्य ठाकरे मुंबई के वर्ली से चुनाव लड़ रहे हैं. 
  5. इसी तरह, हरियाणा विधानसभा चुनाव (Haryana Assembly Election) में राज्य के लगभग 1.82 करोड़ मतदाता 1169 उम्मीदवारों के भाग्य का फ़ैसला करेंगे. हरियाणा की अद्यतन मतदाता सूची एवं अन्य अहम आंकड़ों के बारे में निर्वाचन आयोग द्वारा जारी ब्योरे के मुताबिक़ राज्य मे कुल 1,82,82,570 मतदाता हैं.
  6. इनमें 97.7 लाख पुरुष और 85 लाख महिला मतदाताओं के अलावा 724 अनिवासी भारतीय और 1.07 लाख सर्विस वोटर शामिल हैं. राज्य की 90 विधानसभा सीटों के लिए कुल 1169 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. इनमें 1064 पुरुष, 104 महिलाएं और एक अन्य उम्मीदवार शामिल हैं. 
  7. सर्वाधिक 25 उम्मीदवार हांसी सीट पर और सबसे कम छह उम्मीदवार अंबाला केंट और शाहबाद (सुरक्षित) सीट पर हैं. राज्य के सियासी समीकरण की बात करें तो सत्ताधारी बीजेपी का मुकाबला विपक्षी कांग्रेस और नयी पार्टी 'JJP' के साथ है. हरियाणा में कांग्रेस सत्ता में वापसी की उम्मीद कर रही है. 
  8. दूसरी तरफ, मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व में बीजेपी ने 90 में से 75 सीटें जीतने का टारगेट तय किया है. चुनाव लड़ रहे प्रमुख उम्मीदवारों में खट्टर (करनाल), पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा (गढ़ी सांपला किलोई), रणदीप सिंह सुरजेवाला (कैथल), किरण चौधरी (तोशाम) और कुलदीप बिश्नोई (आदमपुर) और JJP के दुष्यंत चौटाला (उचना कलां) शामिल हैं. 
  9. महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनाव के साथ-साथ आज 17 राज्यों की 51 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव (By Election) भी होगा. बीजेपी और उसके सहयोगी दलों के पास इनमें से करीब 30 सीटें हैं जबकि कांग्रेस ने 12 सीटें जीती थीं और बाकी क्षेत्रीय दलों के पास गई थीं. 
  10. बीजेपी शासित उत्तर प्रदेश की 11 सीटों, गुजरात की 6 सीटों, बिहार की 5, असम की 4 और हिमाचल प्रदेश और तमिलनाडु की 2-2 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होगा. अन्य राज्यों जहां उपचुनाव होगा उनमें पंजाब की 4 सीटें, केरल की 5, सिक्किम की 3, राजस्थान की 2 और अरूणाचल प्रदेश, मध्यप्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पुडुचेरी, मेघालय और तेलंगाना की 1-1 विधानसभा सीटें शामिल होंगी. 
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Assemblyelections2019, Maharashta Assembly Election, Maharashta Assembly Election 2019, Haryana Assembly Election 2019
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com