विज्ञापन

नूंह में ईद की नमाज के बाद दो गुटों में हिंसक झड़प, गर्भवती महिला समेत कई लोग घायल

हरियाणा के नूंह जिले में दो पक्षों के बीच पुरानी दुश्मनी को लेकर हुआ विवाद एक बार फिर हिंसा में बदल गया. इस झड़प में एक गर्भवती महिला सहित कई लोग घायल हुए हैं.

नूंह में ईद की नमाज के बाद दो गुटों में हिंसक झड़प, गर्भवती महिला समेत कई लोग घायल
  • हरियाणा के नूंह जिले के गांव सिंगार में बकरीद की नमाज के बाद पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ.
  • विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया जिसमें एक गर्भवती महिला समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
  • घायल लोगों को मंडीखेड़ा अस्पताल और नलहड़ मेडिकल कॉलेज में बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है.

हरियाणा के नूंह जिले के थाना बिछोर क्षेत्र के गांव सिंगार में बकरीद के दिन नमाज के बाद पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें एक गर्भवती महिला समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

घटना को लेकर एक पक्ष के शाहरुख ने बताया कि उनका परिवार घर पर खाना खा रहा था, तभी दूसरे पक्ष के लोग योजनाबद्ध तरीके से वहां पहुंचे और हमला कर दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि पुरानी दुश्मनी के चलते उनके परिवार को निशाना बनाया गया. इस हमले में उनके भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी पांच महीने की गर्भवती भाभी को भी चोटें आईं. शाहरुख ने यह भी कहा कि बचाव के लिए आए कुछ अन्य लोगों पर भी हमलावरों ने हमला किया और उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की.

वहीं, मौके पर मौजूद खुर्शीद ने बताया कि बकरीद की नमाज के बाद जब लोग अपने-अपने घर लौट रहे थे, तभी दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गया. उन्होंने कहा कि कई घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने बताया कि आपसी झगड़े में घायल 6 से 7 लोग इलाज के लिए पहुंचे थे. घायलों के सिर, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें पाई गई हैं. कुछ लोगों के जबड़े में भी गंभीर चोट आई है, जबकि एक व्यक्ति का हाथ टूटने की भी जानकारी सामने आई है. डॉक्टर के अनुसार, सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए मंडीखेड़ा अस्पताल और नलहड़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. उधर, मामले को लेकर पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि शिकायत के आधार पर नियमानुसार जांच की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

कासिम खान की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें : 'कुछ ही दिनों में खत्म हो जाएगी तृणमूल कांग्रेस' : TMC सांसद का सनसनीखेज दावा

लेखक के बारे में
img
आलोक कुमार ठाकुर
Senior Sub Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nuh Haryana Clash News, Haryana Nuh Violence Latest Update, Singar Village Clash Nuh, Pregnant Woman Injured Nuh Incident, Haryana Village Violence Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com