विज्ञापन

टाइगर श्रॉफ पर हमले की पटकथा सामने आई, तीन नहीं सात थे किरदार

मुंबई में टाइगर श्रॉफ पर गोली रविवार को चली लेकिन इसकी साजिश दिल्ली और हरियाणा में बैठे कुछ लोगों ने बहुत पहले ही रचनी शुरू कर दी थी. उन्होंने हमले के लिए 17 अक्टूबर का दिन चुना था. हमले के पीछे के सभी किरदारों के बारे में जानें.

टाइगर श्रॉफ पर हमले की पटकथा सामने आई, तीन नहीं सात थे किरदार
टाइगर श्रॉफ के हमलावरों के बारे में डिटेल में जानें
NDTV
  • टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के मामले में सात आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं, जिनमें दो महिलाएं हैं
  • तीन आरोपियों को कोटा से और चार आरोपियों को दिल्ली और हरियाणा से पुलिस ने पकड़ा है
  • मुख्य शूटर कुणाल लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा था और हथियारों का इंतजाम उसने और सुमित ने किया था
मुंबई:

बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर रविवार शाम हुई फायरिंग के बाद पूरा बॉलीवुड सहम गया है. टाइगर की कार पर गोली भले ही दो लोगों ने चलाई हो लेकिन इसके पीछे एक, दो या तीन नहीं बल्कि पूरे सात किरदार होने का खुलासा हुआ है. ये सभी अब पुलिस की गिरफ्त में हैं. गोली मुंबई में चली लेकिन इसके पीछे के किरदार दिल्ली में मौजूद थे, जो अब पुलिस की गिरफ्त में हैं. पुलिस ने तीन शूटर्स को कोटा से और साजिश के चार आरोपियों को दिल्ली से धर दबोचा. हैरानी की बात यह है कि इस साजिश में दो महिलाएं भी शामिल थीं.

टाइगर पर हमले के 7 आरोपी

  1.  ऋतिक उर्फ रोशन- टाइगर के इस शूटर की उम्र 22 साल है. वह बिहार के बेगूसराय का रहने वाला है और मुंबई में रैपिडो बाइक चलाता था.
  2. रेहान- इस शूटर की उम्र 17 साल है. यह हरियाणा के सोनीपत के बड़ौदा थूथन गांव का रहने वाला है.
  3. फूल सिंह-यह आरोपी हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है. उसकी उम्र 18 साल है. मुंबई पुलिस ने उसे राजस्थान के कोटा से धर दबोचा.
  4. कुणाल- टाइगर पर हमले के इस साजिशकर्ता की उम्र 21 साल है. यह हरियाणा के सोनीपत जिले के रोहणा गांव का रहने वाला है.
  5. सुमित- उम्र 19 साल है. वह हरियाणा के सोनीपत के मटिंडू रोड के वार्ड नंबर 10 का रहने वाला है.
  6. राधा- उम्र 23 साल है. वह उत्तर प्रदेश के सीतापुर के नहवइया की रहने वाली है.उसके पति का नाम सुनील है.
  7. बबीता- उम्र 23 साल है. वह उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के कोठियार की रहने वाली है.

कुणाल और सुमित ने किया हथियारों का इंतजाम

पुलिस ने पहले ऋतिक, रेहान और फूल सिंह को गिरफ्तार किया था. बाद में हरियाणा के सोनीपत से कुणाल, सुमित और दिल्ली से राधा और बबीता को भी धर दबोचा. पुलिस जांच के मुताबिक, टाइगर पर गोली चलाने वाला मुख्य शूटर  कुणाल, लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अनिल पंडित के संपर्क था. उसने ही टाइगर पर हमले की जिम्मेदारी ली थी. हथियारों का इंतजाम कुणाल और सुमित ने ही किया था. बाद में ये हथियार कथित तौर पर राधा और बबीता को दिए गए थे.जानकारी के मुताबिक, राधा और बबीता ही इन हथियारों को मुंबई के दादर लेकर पहुंची थीं. दोनों लड़कियों ने ये हथियार शूटरों को दिए थे. इन चारों को दिल्ली से अरेस्ट किया गया. इसके बाद सभी को मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया.

Latest and Breaking News on NDTV

लॉरेंस गैंग के गुर्गे से कैसे मिला कुणाल?

कुणाल हाल ही में जमानत पर जेल से छूटा था. उसकी अनिल पंडित से मुलाकात हरसाना गांव के अपने एक दोस्त के जरिए हुई थी. फिर वह एक एन्क्रिप्टेड ऐप की मदद से अनिल पंडित से बात करने लगा.कुणाल अनिल पंडित के कहने पर ही अमृतसर से एक पिस्टल और 20 कारतूस लेकर आया था. राधा से उसकी मुलाकात दो महीने पहले हुई थी. 

राधा और बबीता मुंबई लेकर पहुंचीं थीं हथियार

राधा और बबीता 17 अक्टूबर को मुंबई दादर स्टेशन पर उतरीं और एक होटल में रुकी थीं. सुबह करीब 11 बजे एक नाबालिग लड़का होटल के पास पहुंचा, जिसे राधा ने हथियारों वाला बैग दे दिया था.  टाइगर श्रॉफ की कार पर इन हथियारों से 18 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे फायरिंग हुई. इसी दिन राधा और बबीता दादर से हरिद्वार एक्सप्रेस में सवार होकर मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना हो गईं. 20 अक्टूबर को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से दोनों को पुलिस ने धर दबोचा.जबकि कुणाल और सुमित को हरियाणा के सोनीपत से गिरफ्तार किया गया.

ये वीडियो भी देखें-

ये भी पढे़ं-ओ माई गॉड- टाइगर श्रॉफ पर गोली चलाने वालों ने अक्षय, आमिर, अमिताभ के घर की भी रेकी की थी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Tiger Shroff Firing Case, Tiger Shroff Firing Case Update, Tiger Shroff Attacker, Tiger Shroff Attacker Rapido Biker, Tiger Shroff Attackers
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com