- राजा रघुवंशी हत्याकांड में आरोपी सोनम को जमानत मिलने के खिलाफ राजा का परिवार हाईकोर्ट में याचिका दायर करेगा.
- राजा के भाई विपिन ने शिलांग के वकील से संपर्क कर जमानत रद्द कराने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.
- राजा की मां उमा रघुवंशी ने सोनम को फांसी देने की मांग की और कहा कि गोविंद रघुवंशी मामले के मास्टरमाइंड हैं.
इंदौर के बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की आरोपी सोनम रघुवंशी को जमानत मिलने के बाद अब राजा का परिवार उसकी जमानत खारिज कराने की कोशिश में जुट गया है. इसे लेकर राजा के भाई विपिन ने शिलांग के वकील से बात की है और हाईकोर्ट में जमानत रद्द कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है. वकील ने उनसे संबंधित दस्तावेज भेज दिए हैं, जिन पर साइन कर वे दोबारा वापस भेजेंगे. मालूम हो कि राजा रघुवंशी हनीमून मनाने पत्नी सोनम के साथ शिलांग गए थे. जहां उनकी पत्नी ने ही प्रेमी के साथ मिलकर उनकी हत्या करवा दी थी. पिछले साल सामने आए इस केस ने पति-पत्नी के प्यार और भरोसे वाले रिश्ते पर गंभीर सवाल खड़े किए थे. कई दिनों तक चली जांच के बाद सोनम को यूपी के गाजीपुर से गिरफ्तार किया गया था. लेकिन अब सोनम को जमानत मिलने से इस मामले की यादें फिर से ताजा हो गई है.
हाई कोर्ट में सोनम की जमानत खारिज करने की दायर करेंगे याचिका
राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने कहा, "मैंने वकील से बात की तो उन्होंने बताया कि सोनम को जब गाजीपुर से पुलिस ने गिरफ्तार किया था तो गिरफ्तारी की वजह नहीं बताई थी. इसी आधार पर कोर्ट ने सोनम को जमानत दी है. अब हाई कोर्ट में सोनम की जमानत खारिज करने के लिए अपील दायर करेंगे."
राजा की मां बोलीं- सोनम को फांसी देनी चाहिए थी
राजा रघुवंशी की मां उमा रघुवंशी ने कहा, "हमें कानून पर पूरा भरोसा था, फिर भी सोनम को जमानत दे दी गई. सरकार को सोनम को नहीं छोड़ना चाहिए था, बल्कि उसे फांसी देनी चाहिए थी. गोविंद रघुवंशी पूरे मामले का मास्टरमाइंड है. गोविंद ने पैसा देकर सबको खरीद लिया है और जमानत में भी मदद की है. सोनम रघुवंशी अगर माफी मांगने भी इंदौर आती है तो उसे माफ नहीं करेंगे.
सोनम ने मेरे बेटे को मरवाया, वह मास्टरमाइंड थी.
— Priya singh (@priyarajputlive) April 28, 2026
उसने इतना बड़ा गुनाह किया. इसके बाद भी उसे बेल कैसे मिल गई ? - मृतक राजा रघुवंशी की माँ https://t.co/10pJJ66vrL pic.twitter.com/iiUXAacGVy
राजा की मां बोली- सोनम किसी के साथ कुछ भी कर सकती है
उन्होंने कहा कि सोनम रघुवंशी को आखिर जमानत कैसे मिल गई, जब वह गुनहगार है? सोनम ने अपने पति को अपनी आंखों के सामने मरवाया था, तो जमानत किस आधार पर मिल गई? हमें तो भरोसा था कि इंसाफ मिलेगा, लेकिन नहीं मिला. प्रधानमंत्री से मांग की है कि सीबीआई की जांच कराई जाए. सोनम किसी के साथ मिलकर कुछ भी कर सकती है, इसलिए उनके परिवार को खतरा है."
26 मई को शिलांग से लापता हुए थे राजा, बाद में मिली थी लाश
बता दें कि राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम 21 मई 2025 को हनीमून मनाने शिलांग गए थे. यहां से दोनों 26 मई को सोहरा घूमने गए, जहां दोनों लापता हो गए थे. पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय टीमों ने बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया. करीब एक हफ्ते बाद 2 जून 2026 को राजा का शव सोहरा के मशहूर वेई सादोंग फॉल्स के पास एक गहरी खाई में मिला था.
आरोपियों ने अपने आरोपों से इनकार किया
राजा रघुवंशी की हत्या का आरोप पत्नी सोनम, राज कुशवाहा और तीन हमलावर विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी पर लगे हैं. हालांकि इन सभी ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है. इस सनसनीखेज मामले में पुलिस जांच में तो बहुत कुछ सामने आया है, लेकिन कोर्ट में आरोपियों ने अपनी ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है.
यह भी पढ़ें - राजा रघुवंशी हत्याकांड: पुलिस की टाइपिंग मिस्टेक बनी सोनम की ढाल, शिलॉन्ग कोर्ट से मिली जमानत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं