विज्ञापन

दिल्‍ली एनसीआर में बारिश, हिमाचल में बर्फबारी... मौसम फिर लेने जा रहा करवट, IMD ने जारी किया अलर्ट

Weather Update: उत्तर भारत में मई में लू नहीं चल रही है और इस बीच मौसम विभाग ने दिल्ली सहित कई राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी कर दिया है. मौसम विभाग ने बताया कि रविवार से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिससे मौसम करवट लेगा.

दिल्‍ली एनसीआर में बारिश, हिमाचल में बर्फबारी... मौसम फिर लेने जा रहा करवट, IMD ने जारी किया अलर्ट
  • मई के महीने में उत्तर भारत में तेज गर्मी का असर नहीं दिखा और रविवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक रहा
  • मौसम विभाग ने दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है
  • दिल्ली में सोमवार और मंगलवार को गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट घोषित किया गया है
नई दिल्‍ली:

मई के महीने में भी उत्‍तर भारत में लू के थपेड़े और चिलचिलाती धूप देखने को नहीं मिली है. रविवार को अधिकतम पारा 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है. इस बीच मौसम विभाग ने दिल्‍ली और उत्‍तर भारत के ज्‍यादातर राज्‍यों के लिए बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी कर दिया है. सोमवार से दिल्‍ली नोएड, गुरुग्राम, से हिमाचल प्रदेश तक मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. दिल्‍ली और आसपास के इलाकों में सोमवार को बारिश होने का अनुमान है. वहीं, हिमाचल प्रदेश के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मई में बदलते मौसम से लोग हैरान हैं और पूछ रहे हैं आखिर गर्मी कब पड़ेगी?   

दिल्‍ली में बारिश का येलो अलर्ट

दिल्‍ली में आज अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्‍यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है. इस दौरान आसमान साफ रहेगा और 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. लेकिन सोमवार को मौसम फिर फिरकी लेने जा रहा है. आईएमडी ने सोमवार और मंगलवार के लिए ‘येलो' अलर्ट जारी करते हुए गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई है. आईएमडी के एक अधिकारी ने बताया, "रविवार से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है. दिल्ली में सोमवार और मंगलवार को गरज-चमक के साथ बहुत हल्की बारिश हो सकती है. साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलने की संभावना है. हवा की गति 50 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है."

Latest and Breaking News on NDTV

दिल्‍ली में AQI 100 के पार

आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार तक अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है जबकि न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. इस बीच, दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘मध्यम' श्रेणी में रही और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शनिवार को शाम चार बजे तक 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 116 (मध्यम) दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार को इसी समय 24 घंटे का औसत एक्यूआई 100 (संतोषजनक) दर्ज किया गया था. दिल्ली के लिए वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली (एक्यूईडब्ल्यूएस) ने अगले कुछ दिनों तक एक्यूआई के ‘मध्यम' श्रेणी में ही रहने का पूर्वानुमान जताया है.

हिमाचल में बर्फबारी, चलेंगी तेज हवाएं  

शिमला, नौ मई (भाषा) हिमाचल प्रदेश में छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश हुई और शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार को चार जिलों कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला के लिए 12 और 13 मई को छिटपुट स्थानों पर बिजली चमकने, तेज हवाएं (40-50 किलोमीटर प्रति घंटा) चलने और गरज के साथ बूंदाबांदी का ‘ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है. मौसम विभाग ने 11 मई से निचले, मध्य और ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और हिमपात का अनुमान जताया है क्योंकि 10 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है. शुक्रवार शाम से पिछले 24 घंटे में सराहन में 25.7 मिलीमीटर बारिश हुई, उसके बाद खदराला में (14 मिमी.), रोहड़ू में (10 मिमी.), रामपुर में (3.6 मिमी.) और चोपाल में (दो मिमी.) बारिश दर्ज की गई. कल्पा में गरज चमक के साथ बूंदाबांदी हुई और बिजली चमकी. केलांग में रात का समय सबसे ठंडा रहा और न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ऊना में दिन के समय सबसे अधिक गर्मी रही और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

Latest and Breaking News on NDTV

तेज आंधी और बारिश से बिहार में भारी तबाही

बिहार में मई की भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट बदल ली है. राजधानी पटना समेत कई जिलों में तेज तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई, जिसने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं. इस पूरे मामले पर बिहार सरकार में मंत्री रत्नेश सदा ने दुख जताया है. उन्होंन कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें आर्थिक मदद दी जाएगी. साथ ही प्रदेश के बिल्डरों के काम की मॉनिटरिंग के लिए एक एजेंसी बनाने की भी बात कही. मंत्री रत्नेश सदा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "ऐसा लगा जैसे प्रकृति ने अपना आपा खो दिया हो. जिस तरह शुक्रवार को 135 किलोमीटर की रफ्तार से तूफान आया, उसने भारी नुकसान पहुंचाया. इस घटना में 9 लोगों की मौत हो गई." बिहार में पिछले करीब 10 दिनों से तेज आंधी और बारिश का सिलसिला जारी है. इस दौरान कई जगह पेड़ गिर गए और बिजली गिरने की घटनाएं भी हुईं. इन हादसों में राज्यभर में अब तक 30 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है.

ये भी पढ़ें :-बिहार में 'काल बैसाखी' का तांडव, पटना से बांका तक मची भारी तबाही, अगले 96 घंटों के लिए अलर्ट जारी

राजस्थान में बढ़ेगा तापमान, पश्चिमी जिलों में लू का अनुमान

राजस्थान के अधिकांश भागों में आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने का अनुमान है. मौसम विभाग ने शनिवार को यह जानकारी दी. विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश भागों में आगामी दिनों में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने के आसार हैं. साथ ही पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों में अगले पांच से छह दिन लू चलने की प्रबल संभावना है. इसने बताया कि शनिवार को कोटा और उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ आंधी और बारिश हो सकती है. एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 11 और 12 मई को बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र तथा जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी भागों में कहीं-कहीं आंधी और हल्की बारिश होने का अनुमान है, जबकि शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा. मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार सुबह तक पिछले 24 घंटे की अवधि में राज्य में कहीं-कहीं आंधी के साथ हल्की बारिश हुई. सर्वाधिक पांच मिलीमीटर बारिश नागौर जिले के मेड़ता में दर्ज की गई और अधिकतम तापमान फलौदी में 44.8 डिग्री सेल्सियस रहा.

ये भी पढ़ें :-बिहार में तूफानी बारिश से 7 की मौत, CM आवास से लालू के घर तक तांडव; बाल-बाल बचे तेजस्वी यादव

लेखक के बारे में
img
तिलकराज
Deputy News Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi NCR Alert, Weather Update, Himachal Weather, IMD Alert, Delhi Rain
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com