- देश के 17 शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है, बाड़मेर में पारा 50 डिग्री के करीब है
- दिल्ली में 11 से 13 मई के बीच बारिश का येलो अलर्ट था लेकिन मौसम साफ रहा और गर्मी बनी रही
- 14 से 18 मई के दौरान दिल्ली में अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है
Weather Today IMD: मई का पहला पखवाड़ा लगभग बीतने को है और फिर एक बार गर्मी का प्रचंड रूप देखने को मिल रहा है. दिन में आसमान से बरसती आग और लू के थपेड़े ने लोगों की हालत खराब कर रखी है. देश के 17 शहरों में बढ़ते पारे ने संकट बढ़ा दिया है. मंगलवार को देश के 17 शहरों में पारा 44°C के पार पहुंच गया. बाड़मेर में पारा हाफ सेंचुरी मारने वाला है.ऐसे में फिर एक बार लोगों को बारिश से उम्मीद बढ़ गई है. इस बार मॉनसून के भी पहले आने के संकेत हैं. आइए नजर डालते हैं आज और आगे का मौसम कैसा रहेगा.
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली में बारिश ने धोखा दे दिया. 11 मई से 13 मई के बीच बारिश-आंधी के साथ गरज-चमक का येलो अलर्ट था पर इन तीन दिनों में मौसम साफ रहा और गर्मी के तेवर भी हाई रहे. आज भी मौसम विभाग ने हल्की बारिश और आंधी का अलर्ट जारी हुआ है. अधिकतम तापमान 39 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 27 डिग्री तक जाएगा मतलब रातें आज भी गर्म रहने वाली हैं. 14 मई से 18 मई के बीच मौसम साफ रहेगा. अधिकतम तापमान बढ़कर 42 डिग्री पहुंच सकता है वहीं न्यूनतम पारा 29 डिग्री तक चला जाएगा.
पहाड़ी इलाकों में कैसा रहेगा मौसम?
जम्मू-कश्मीर लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फरबाद और उत्तराखंड में 12 से 14 मई के दौरान और हिमाचल प्रदेश में 12 से 16 मई के दौरान छिटपुट से लेकर व्यापक स्तर पर हल्की से मध्यम वर्षा / बर्फबारी के साथ छिटपुट गरज, बिजली और तेज हवाएं (40-50 किमी प्रति घंटा की गति तक) चलने की संभावना है. 14 मई के बाद पहाड़ी इलाकों में भी मौसम साफ हो जाएगा. आज जम्मू-कश्मीर - लद्दाख - गिलगित-बाल्टिस्तान - मुजफ्फरबाद,हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में छिटपुट ओलावृष्टि की संभावना है.
यूपी, राजस्थान और अन्य राज्यों में कैसा रहेगा मौसम?
छत्तीसगढ़ में 13 से 16 मई के दौरान गरज, बिजली और तेज हवाओं ( 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक) के साथ छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.झारखंड और अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में 13 से 18 मई के दौरान; बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 13 से 16 मई के दौरान छिटपुट से लेकर व्यापक स्तर तक हल्की से मध्यम वर्षा, गरज, बिजली और तेज हवाएं (40-60 किमी प्रति घंटा की गति तक) चलने की संभावना है. बिहार में 13 मई को गरज के साथ तेज हवाएं (50-60 किमी प्रति घंटा की गति से 70 किमी प्रति घंटा तक के झोंके ) चलने की संभावना है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं