विज्ञापन

पहले मजबूत करेंगे कांग्रेस का 'हाथ', फिर लेंगे साइकिल का साथ; राहुल गांधी ने प्रियंका को दी यूपी की कमान

उत्तर प्रदेश में सपा के साथ संभावित गठबंधन वार्ता से पहले कांग्रेस अपने संगठन को मजबूत करने में जुट गई है. राहुल गांधी ने राज्य की जिम्मेदारी काफी हद तक प्रियंका गांधी को सौंप दी है, जो अब संगठन और चुनावी तैयारियों की कमान संभालेंगी.

पहले मजबूत करेंगे कांग्रेस का 'हाथ', फिर लेंगे साइकिल का साथ; राहुल गांधी ने प्रियंका को दी यूपी की कमान
प्रियंका गांधी को यूपी की कमान
ANI
  • उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करते हुए प्रियंका गांधी को प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी है.
  • कांग्रेस और सपा के बीच विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन पर अंतिम फैसला शीर्ष नेताओं के स्तर पर होगा.
  • कांग्रेस नेताओं को अनावश्यक बयानबाजी से बचने और गठबंधन पर नकारात्मक प्रभाव नहीं डालने के निर्देश दिए गए हैं.

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत जल्द शुरू होने वाली है. हालांकि उससे पहले कांग्रेस ने अपने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है. राहुल गांधी ने एक तरह से उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी प्रियंका गांधी को सौंप दी है. 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित रैली में समाजवादी पार्टी की सक्रिय भागीदारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से कांग्रेस नेतृत्व काफी संतुष्ट है. यही वजह रही कि रैली में अखिलेश यादव को विशेष महत्व दिया गया. कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि विधानसभा चुनाव को लेकर सपा के साथ गठबंधन में कोई बड़ी अड़चन नहीं है और इस पर अंतिम फैसला राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव के स्तर पर ही होगा.

हाल ही में हुए विधान परिषद चुनावों के नतीजों से उत्साहित समाजवादी पार्टी गठबंधन को लेकर आत्मविश्वास से भरी हुई है. इस बीच प्रियंका गांधी ने भी उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है. उनकी सक्रियता का एक उद्देश्य कांग्रेस नेताओं की अनियंत्रित बयानबाजी पर लगाम लगाना भी है. दरअसल, कांग्रेस और सपा के बीच कुछ ऐसे मुद्दे हैं जो रिश्तों में खटास पैदा कर सकते हैं. कांग्रेस के कुछ नेताओं द्वारा 180 से 200 सीटों की तैयारी का दावा करना या यह कहना कि पार्टी को हल्के में न लिया जाए, सपा को असहज करता है. वहीं, सपा नेताओं का मानना है कि कांग्रेस को 80 से 100 सीटों के दायरे में रहना होगा.

बयानबाजी को लेकर कांग्रेस का निर्देश

प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष, कार्यकारी अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे अनावश्यक बयान देने से बचें. नेताओं से कहा गया है कि ऐसा कोई बयान न दें जिससे संभावित गठबंधन पर नकारात्मक असर पड़े. उधर, सपा के एक वरिष्ठ नेता का कहना है कि राष्ट्रीय राजनीति में भले ही पार्टी कांग्रेस के साथ तालमेल रखती हो, लेकिन उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में नेतृत्व की भूमिका सपा की ही रहेगी. उनका कहना है कि प्रदेश की राजनीति में सपा बड़े भाई की भूमिका में होगी और कांग्रेस को इस वास्तविकता को स्वीकार करना होगा.

तनाव की एक बड़ी वजह स्वामी प्रसाद मौर्य भी

कांग्रेस और सपा के बीच तनाव की एक बड़ी वजह स्वामी प्रसाद मौर्य भी हैं. सपा नेतृत्व उन्हें पसंद नहीं करता, जबकि कांग्रेस के कुछ नेता उन्हें अपना करीबी मानते हैं. स्वामी प्रसाद मौर्य 2017 में भाजपा के टिकट पर विधायक बने और मंत्री भी रहे. बाद में 2022 विधानसभा चुनाव से पहले वह सपा में शामिल हुए, लेकिन चुनाव हार गए. इसके बाद उन्होंने अपनी अलग राजनीतिक पार्टी बना ली और लगातार अखिलेश यादव तथा पीडीए की आलोचना करते रहे हैं. सपा ने स्पष्ट कर दिया है कि वह किसी भी स्थिति में स्वामी प्रसाद मौर्य को गठबंधन का हिस्सा नहीं बनाएगी. ऐसे में कांग्रेस के सामने दुविधा है कि यदि वह उन्हें साथ रखती है तो अपने हिस्से की सीटों में से उन्हें जगह देनी पड़ेगी. यही वजह है कि प्रियंका गांधी को उत्तर प्रदेश में अधिक सक्रिय भूमिका दी गई है. प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना के नेतृत्व में संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ प्रियंका गांधी को मैनिफेस्टो कमेटी, कैंपेन कमेटी और कोऑर्डिनेशन कमेटी के गठन की जिम्मेदारी भी दी गई है.

इसके अलावा पूर्वांचल, बुंदेलखंड, अवध और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बड़ी रैलियों की योजना पर भी काम किया जा रहा है. प्रियंका गांधी की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी 100 से 115 ऐसी सीटों पर मजबूत उम्मीदवारों का चयन करना होगा, जो भाजपा को कड़ी चुनौती देने की क्षमता रखते हों और कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े हों. उम्मीद की जा रही है कि छठ पर्व समाप्त होते ही कांग्रेस अपनी तैयारियों को और तेज करेगी. इसके बाद सीट बंटवारे को लेकर सपा के साथ औपचारिक बातचीत शुरू हो सकती है. कांग्रेस चाहती है कि वह पूरी तैयारी के साथ ही गठबंधन वार्ता में उतरे.

ये भी पढ़ें : योगी ने SIR में हिंदुओं के नाम कटने की बात कही तो अखिलेश यादव बोले- आधार कार्ड से जुड़े वोटिंग

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Congress, Priyanka Gandhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com