पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के मद्देनजर श्री करतारपुर साहिब गलियारा दोबारा खोलने की अपील की, ताकि लाखों नानक नाम लेवा संगत प्रथम सिख गुरु साहिब से जुड़े इस पवित्र स्थान पर दोबारा नतमस्तक हो सके. मुख्यमंत्री ने कहा कि संगत बिछड़े हुए गुरुधामों के खुले दर्शन-दीदार के लिए रोजाना अरदास कर रही है. उन्होंने बताया कि पंजाब विधानसभा ने भी इस गलियारे को दोबारा खोलने की मांग करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया था. उन्होंने प्रधानमंत्री से अपील की कि वे संगत की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए जल्द से जल्द इस गलियारे को दोबारा खोलने की घोषणा करें.
"मुझे उम्मीद है संगत की धार्मिक भावनाओं का सम्मान...
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स' पर कहा, "मैं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी से अपील करता हूं कि सिख धर्म के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पवित्र अवसर पर श्री करतारपुर साहिब गलियारे को दोबारा खोला जाए. नानक नाम लेवा संगत रोजाना अरदास करती है कि उन्हें बिछड़े हुए पवित्र गुरुधामों के दर्शन करने और वहां नतमस्तक होने का सौभाग्य प्राप्त हो. इन धार्मिक भावनाओं और संगत की इच्छाओं को ध्यान में रखते हुए हमने पंजाब विधानसभा में भी एक प्रस्ताव पारित किया था, जिसमें इस गलियारे को दोबारा खोलने की मांग की गई थी. मुझे उम्मीद है कि संगत की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए आप जल्द ही इस गलियारे को दोबारा खोलने की घोषणा करेंगे."
जहां गुरु साहिब ने अपने जीवन के 16 वर्ष...
केंद्र सरकार से अपील करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, "24 नवंबर को श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व है. यदि वाघा बॉर्डर नहीं खोला जा सकता तो कम से कम श्री करतारपुर साहिब गलियारा ही खोल दिया जाए. हमें वहां जाने की अनुमति दी जाए, ताकि हम उस पवित्र स्थान पर नतमस्तक हो सकें और उसी दिन वापस लौट सकें, जहां गुरु साहिब ने अपने जीवन के 16 वर्ष मेहनत-मजदूरी, खेती, परमात्मा का नाम सिमरन करने और दूसरों के साथ मिल-बांटकर खाने में बिताए थे. हम केंद्र सरकार से अपील करते हैं कि श्री करतारपुर साहिब गलियारा खोला जाए, ताकि हम वहां जाकर नतमस्तक हो सकें और उसी दिन वापस लौट सकें."
श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर को बंद रखना सिर्फ़ सुरक्षा का मुद्दा नहीं
आप पंजाब के सांसद मालविंदर सिंह कंग ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दुनिया भर के सिख समुदाय की भावनाओं को बताते हुए एक पत्र लिख चुके हैं और कॉरिडोर को बिना किसी देरी के खोलने की अपील की है. उन्होंने आगे कहा, "श्री करतारपुर साहिब का बहुत धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व है क्योंकि यह वह पवित्र जगह है जहां श्री गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन का एक बड़ा हिस्सा बिताया और मानवता को ‘किरत करो' का एक महान संदेश दिया."
प्रधानमंत्री से सीधी अपील करते हुए, सांसद मालविंदर सिंह कंग ने कहा, "दुनिया भर में सिख समुदाय की भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए. श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व आ रहा है और भक्त श्री करतारपुर साहिब जाने का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं. केंद्र सरकार को तुरंत यह कॉरिडोर खोल देना चाहिए ताकि संगत इस पवित्र जगह पर माथा टेक सकें और श्री गुरु नानक देव जी का आशीर्वाद ले सकें."
सुरक्षा कारणों का हवाला देकर कॉरिडोर बंद रखने के केंद्र के तर्क पर सवाल उठाते हुए आप विधायक ने कहा, "अगर करतारपुर साहिब कॉरिडोर सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया गया है, तो गुजरात पोर्ट्स समेत दूसरे रास्तों से पाकिस्तान के साथ व्यापार कैसे जारी है? केंद्र सरकार को यह साफ करना चाहिए कि व्यापार की गतिविधियां जारी रह सकती हैं, लेकिन सिख तीर्थयात्रियों को उनके सबसे पवित्र धार्मिक स्थलों पर जाने से क्यों रोका जा रहा है."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं