विज्ञापन

राहुल गांधी पर आरोप लगाने वाली महिला पत्रकार NDTV से बोली, हालचाल पूछने का मौका कांग्रेस के पास भी था

एक टीवी चैनल के लिए काम करने वाली पत्रकार रिचा पराशर का आरोप है कि सोमवार को सुप्रीम कोर्ट परिसर में राहुल गांधी ने उन्हें और उनके कैमरापर्सन को धक्का दिया. इससे उन्हें चोटें आई हैं और अस्पताल में भर्ती हैं.

राहुल गांधी पर आरोप लगाने वाली महिला पत्रकार NDTV से बोली, हालचाल पूछने का मौका कांग्रेस के पास भी था
नई दिल्ली:

लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को दिल्ली के बाराखंभा रोड से सुप्रीम कोर्ट तक मार्च किया. इसमें हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आम लोग शामिल हुए. इस प्रदर्शन में शामिल रिचा पराशर नाम की एक महिला टीवी पत्रकार ने राहुल गांधी पर बदसलूकी करते हुए धक्का देने का आरोप लगाया है. यह महिला पत्रकार तीन महीने की गर्भवती है. उन्हें दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बीजेपी नेताओं ने अस्पताल में जाकर महिला पत्रकार से मुलाकात की और उसका हालचाल पूछा. 

पत्रकार के पति ने लाइव देखा घटनाक्रम

अस्पताल में भर्ती रिचा पराशर ने एनडीटीवी से बात की. इस दौरान उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने उन्हें धक्का दिया. इससे उन्हें चोट आई है. पराशर ने बताया कि उन्होंने घटना की जानकारी अपने चैनल के उच्च अधिकारियों को दी. उनका कहना था कि उनके पति ने यह पूरा घटनाक्रम लाइव देखा था. उन्होंने बताया कि उनके पति और चैनल के अधिकारी शाम सात-सवा सात बजे तक वहां पहुंच गए थे. उन्होंने कहा कि उनके हाथ की एक अंगुलि का नाखून टूट जाने से खून निकल रहा था. उनका कहना था कि इस धक्का-मुक्की में उनका आईफोन टूट गया, एक मध्यवर्गीय महिला के लिए यह बहुत बड़ा नुकसान था.

इस मामले को क्या वो बीजेपी के साथ मिलकर आगे बढ़ाएंगी, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि यह बीजेपी या लेफ्ट-राइट का मसला नहीं है, कांग्रेस के पास भी मौका था कि वो मुझसे पूछते कि मेरी हालत कैसी है.लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया. उन्होंने कहा कि जो लोग उनका हालचाल लेने आ रहे हैं, उनके प्रति मेरे मन में हमदर्दी तो होगी ही. उन्होंने कहा कि उनके चैनल की टीम उनके पास आ रही है, सब लोग मिल बैठकर तय करेंगे कि आगे क्या करना है. उनका कहना था कि अभी उनका फोकस अपने सेहत पर है.वो अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं. उन्होंने बताया कि दर्द की दवाओं की वजह से उनकी हालत ठीक लग रही है.

जब उनसे पूछा गया कि राहुल गांधी ने आपको धक्का क्यों दिया. इस पर उन्होंने कहा कि आप राहुल गांधी से पूछिए कि उन्होंने मुझे क्यों धक्का दिया. कांग्रेस के आरोप पर उन्होंने कहा कि कहा कि उनकी बहन रिया ने ओल्ड राजेंद्र नगर स्थित अपने घर के पास रहने वाले बीजेपी के एक नेता से संपर्क किया  क्योंकि वो उसके घर के पीछे ही रहते हैं,इसलिए उसने उनसे संपर्क किया था. 

बीजेपी नेता ने पोस्ट किया वीडियो

महिला पत्रकार से बातचीत का एक वीडियो बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट किया है. इस वीडियो में रिचा पराशर ने पूरी घटना बताई है. यह वीडियो अस्पताल में शूट किया गया है. इसमें वो कहती हैं कि वो राहुल गांधी के प्रदर्शन को कवर करने गई थीं.  उनका कहना है कि वो राहुल गांधी के बिल्कुल करीब थीं. उन्होंने कहा, ''मैंने उनकी तरफ अपना माइक बढ़ाया तो उन्होंने हाथ से माइक हटाने का इशारा किया. इसके बाद मैंने अपना माइक हटा लिया.इसके बाद मैंने देखा कि वहां और माइक लग रहे हैं, यह देखकर मैंने अपना माइक वहां लगा दिया.मेरा कैमरा पर्सन मेरे पीछे था.'' महिला पत्रकार ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी ने अचानक से मेरा हाथ पकड़कर खींचा और उनके सुरक्षाकर्मियों ने मुझे धक्का दिया, इससे मैं मुंह के बल सीढ़ियों पर गिर गई. उनका कहना है कि यह सब इतना अचानक हुआ कि मैं कुछ समझ नहीं पाई कि हो क्या रहा है. महिला पत्रकार का आरोप है कि राहुल गांधी ने मुझे सबसे पहले पकड़ा, इसका वीडियो भी है, जिसमें सबकुछ साफ-साफ दिख रहा है. 

महिला पत्रकार ने बताया कि यह घटना सुप्रीम कोर्ट की है. उनका आरोप है कि वो सीढ़ियों पर पेट के बल गिरी. उनका आरोप है कि उनके कैमरा पर्सन को राहुल गांधी ने खुद धक्का दिया. उनका कहना है कि पहले वो गिरी हैं और बाद में उनके पीठ पर उनका कैमरा पर्सन गिरा. उनका आरोप है कि उनके ऊपर चार-पांच लोग और गिर गए थे. महिला पत्रकार ने आरोप लगाया कि इस धक्का-मुक्की में उनका फोन और माइक टूट गया. 

उनका कहना था कि इतना सब होने के बाद भी राहुल गांधी के लोग वहां पर 'राहुल गांधी जिंदाबाद' के नारे लगा रहे थे. पराशर का कहना था कि इसका मैंने वहां पर विरोध किया और कहा कि मैं अपना मुंह बंद नहीं करुंगी. उनका आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने मुझे ही झूठा ठहराने की कोशिश की. उनका कहना था कि वो वहां से रोते हुए निकल आईं. लेकिन कोई भी उनका हालचाल लेने नहीं आया.   

ये भी पढ़ें: पंजाब के एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर झोटा की हत्या, मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने पर मारी गोलियां

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rahul Gandhi, TV Journalist, Rahul Gandhi March
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com