विज्ञापन

‘बोरिया-बिस्तर बांध लें घुसपैठिए’, बंगाल में पीएम मोदी ने दीं 6 बड़ी गारंटी; टीएमसी सरकार पर जमकर बरसे

पीएम मोदी ने बंगाल के लिए छह बड़ी गारंटी दीं, जिनमें भ्रष्टाचार मुक्त शासन, शरणार्थियों को संवैधानिक अधिकार, और 7वां वेतन आयोग लागू करना शामिल है.

‘बोरिया-बिस्तर बांध लें घुसपैठिए’, बंगाल में पीएम मोदी ने दीं 6 बड़ी गारंटी; टीएमसी सरकार पर जमकर बरसे

PM Modi Bengal Rally: पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्द्धमान में एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य की तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार पर तीखा प्रहार किया. पीएम मोदी ने साफ शब्दों में कहा कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनते ही घुसपैठियों को देश से बाहर खदेड़ा जाएगा और शरणार्थियों को सम्मान के साथ नागरिकता दी जाएगी. उन्होंने बंगाल की जनता के सामने '6 मोदी गारंटी' पेश करते हुए दावा किया कि अब राज्य में 'भ्रष्टाचार की दुकान' बंद होने का समय आ गया है. 

प्रधानमंत्री ने घुसपैठ के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा, "जो भारत में अवैध तरीके से घुसे हैं, वे अपना बोरिया-बिस्तर बांध लें, उन्हें चुन-चुनकर बाहर निकाला जाएगा." 

उन्होंने उन लोगों को भी चेतावनी दी जिन्होंने फर्जी दस्तावेज बनाने में घुसपैठियों की मदद की है. पीएम ने कहा कि इन सभी साजिशकर्ताओं से पाई-पाई का हिसाब लिया जाएगा.

दूसरी ओर, मतुआ और नामशूद्र समाज समेत सभी शरणार्थी परिवारों को भरोसा दिलाते हुए पीएम ने कहा कि वे किसी टीएमसी नेता की दया पर नहीं, बल्कि भारत के संविधान के संरक्षण में हैं. उन्होंने वादा किया कि भाजपा सरकार बनते ही नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के तहत नागरिकता देने की प्रक्रिया में और तेजी लाई जाएगी.

पीएम मोदी की बंगाल के लिए '6 बड़ी गारंटी'

  1.  भय के माहौल को खत्म कर 'विश्वास' का वातावरण बनाना.
  2.  सरकारी सिस्टम को पूरी तरह जवाबदेह बनाना.
  3.  हर घोटाले और अन्याय की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करना.
  4.  भ्रष्टाचार में लिप्त टीएमसी नेताओं को सलाखों के पीछे भेजना.
  5.  शरणार्थियों को संवैधानिक अधिकार और घुसपैठियों को देश निकाला.
  6.  राज्य कर्मचारियों के लिए 7वां वेतन आयोग (7th Pay Commission) लागू करना.

युवाओं को रोजगार और महिलाओं को 3,000 रुपये की सौगात

बेरोजगारी के मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने बड़ी घोषणाएं कीं. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ऐसे उद्योग लगाएगी जिससे लाखों युवाओं को रोजगार मिले. इसके साथ ही, टीएमसी की नीतियों के कारण सरकारी भर्ती में उम्र सीमा पार कर चुके युवाओं को आयु में विशेष छूट दी जाएगी. सरकारी विभागों के खाली पदों को मिशन मोड में भरा जाएगा और राज्य में नियमित रूप से 'रोजगार मेले' आयोजित होंगे.

महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण पर जोर देते हुए पीएम ने बंगाल भाजपा के उस वादे को दोहराया जिसमें हर महीने महिलाओं को ₹3,000 की आर्थिक सहायता देने की बात कही गई है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का मतलब है बेटियों की सुरक्षा का पक्का भरोसा.

किसानों के लिए 'डबल इंजन' का डबल लाभ

प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि टीएमसी ने राज्य के आलू किसानों को एमएसपी (MSP) के नाम पर धोखा दिया, जिससे आज उनका उत्पाद सड़ रहा है. उन्होंने घोषणा की कि बंगाल में भाजपा सरकार आते ही किसानों को 'पीएम किसान सम्मान निधि' के तहत मिलने वाली राशि को बढ़ाकर 9,000 रुपये कर दिया जाएगा. इसमें 6,000 रुपये केंद्र सरकार देगी और 3,000 रुपये राज्य की भाजपा सरकार जोड़ेगी.

'भय नहीं, भरोसा'

संबोधन के अंत में पीएम मोदी ने 'भय नहीं, भरोसा' (BhoyNoyBhorosa) का नारा दिया. उन्होंने कहा कि टीएमसी के 15 साल के शासन ने केवल डर और लूट का माहौल दिया है. यह चुनाव इसी डर को मिटाने का है. उन्होंने कहा कि भाजपा किसी भी जन कल्याणकारी योजना को बंद नहीं करेगी, बल्कि केवल टीएमसी की 'भ्रष्टाचार की दुकान' पर ताला लगाएगी.

यह भी पढ़ें:  बंगाल में BJP की सरकार बनी तो शरणार्थी नागरिकता प्रक्रिया में तेजी आएगी...कटवा रैली में PM मोदी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
West Bengal Election, Bengal Election 2026, West Bengal Election | Tamil Nadu Election | Assam Election | Kerala Election | Puducherry Election | India Elections | Voting D, PM Modi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com