विज्ञापन
This Article is From Aug 22, 2024

ये युद्ध का युग नहीं... यूक्रेन दौरे से पहले PM मोदी का पोलैंड की धरती से दुनिया को बड़ा संदेश

पीएम मोदी पोलैंड के पीएम डोनाल्ड टुस्क और राष्ट्रपति आंद्रेज डुडा से मुलाक़ात करेंगे.  वह कुछ बिजनेस लीडर्स से भी मिलेंगे, तो ज़ाहिर है बिजनेस बढ़ाने की संभावनाओं पर ज़ोर रहेगा.

ये युद्ध का युग नहीं... यूक्रेन दौरे से पहले PM मोदी का पोलैंड की धरती से दुनिया को बड़ा संदेश
भारत-पोलैंड रिश्तों की मजबूती पर पीएम मोदी का जोर.
दिल्ली:

पोलैंड के दो दिन के दौरे पर पहुंचे पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय (PM Modi In Poland) के लोगों को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने बताया कि भारत और पोलैंड ऐतिहासिक तौर पर किस तरह से साझीदार रहे हैं और कैसे एक दूसरे के साथ सहयोग और समर्थन में आगे बढ़ सकते हैं. पोलैंड में भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने इससे जुड़े तमाम पहलुओं को छुआ. उन्होंने 45 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री के पोलैंड पहुंचने की बात का भी ज़िक्र किया. उन्होंने ये बताने की कोशिश की कि कैसे उनके कार्यकाल में उन तमाम देशों से संबंधों को मज़बूती देने की कोशिश की जा रही है, जो अलग-अलग सरकारों के दौर में दशकों से नज़रअंदाज़ किए जाते रहे हैं.

ये भी पढ़ें-PM मोदी का पोलैंड दौराः आज क्या-क्या करेंगे, किससे मिलेंगे, जानिए पूरा शेड्यूल

भारत-पोलैंड के ऐतिहासिक रिश्तों का जिक्र

पीएम मोदी ने यूक्रेन-रूस युद्ध की शुरुआत के समय जिस तरह से भारतीय छात्रों को सुरक्षित निकलने में पोलैंड ने मदद की, उसके लिए उन्होंने वहां की सरकार और वहां बसने वाले भारतीय समुदाय की सराहना की. गुजरात के नवानगर के जाम साहब का ज़िक्र करने उन्होंने बताया कि भारत और पोलैंड के संबंध किस ऐतिहासिक तौर पर जुड़े हैं. मोंटे कैसीनो की लड़ाई हो या फिर गुजरात के नव नगर में पोलैंड की शरणार्थियों को आश्रय देने की बात, भारत और पोलैंड दशकों से आपस में एक दूसरे के हितों का ख्याल रखते रहे हैं. 

Latest and Breaking News on NDTV

पीएम मोदी ने इसी आपसी समझ को मज़बूती देने और आगे बढ़ाने के लिए जाम साहब यूथ एक्शन प्रोग्राम शुरु करने का ऐलान किया, जिसमें हर साल पोलैंड के 40 युवकों को भारत ले जाकर परिचय कराया जाएगा. ये पीपल टू पीपल कॉन्ट्रैक्ट बढ़ाने की दिशा में एक क़दम है. पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय को ये भी ज़िम्मेदारी दी कि वे हर साल पांच पोलीश परिवार को भारत देखने के लिए प्रेरित करें और भेजें. पीएम के संबोधन में भारत की अर्थव्यवस्था की बढ़ती ताक़त और उसके हिसाब से अहम होती भूमिका का ज़िक्र रहा.

2047 तक भारत को विकसित देश बनाने पर ज़ोर

पीएम मोदी ने बताया कि विश्व में भारत की जनसंख्या की जितनी हिस्सेदारी है, भारत का ग्लोबल ग्रोथ उससे अधिक दर से बढ़ने लगा है. उन्होंने अपने तीसरे टर्म में भारत को तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का संकल्प फिर से दोहराया और 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने पर ज़ोर दिया. दूसरी तरफ़ पोलैंड भी आर्थिक शक्ति के तौर पर उभरा है. अगले साल वो यूरोपीय संघ की अध्यक्षता करने जा रहा है. वह सेंट्रल और पूर्वी यूरोप का एक अत्यंत प्रभावशाली देश है और कई यूरोपीय देशों तक पहुंच के लिए भारत का ज़रिया बन सकता है. ऐसे में पोलैंड और भारत की आपसी साझेदारी की ज़रूरत है. PM ने अपने संबोधन में इस महत्व को भी उभारा.

Latest and Breaking News on NDTV

इस मौक़े पर पीएम मोदी ने अपनी सरकार की उपलब्धियां भी गिनवाईं और कहा कि पिछले एक दशक में जितने घर बनाए गए हैं वो तीन पोलैंड को बसाने जैसा है. इन सब बातों का ज़िक्र करते हुए उन्होंने यूक्रेन पहुंचने से पहले ही एक बड़ा संदेश दे दिया. उन्होंने इस बात को फिर दोहराया कि ये युद्ध का युग नहीं है. इस क्षेत्र में वो शांति देखना चाहते हैं. रूस का दौरा करने के बाद यूक्रेन के दौरे पर पहुंचने से पहले पीएम मोदी शांति पर ज़ोर दे रहे हैं, तो उसके पीछे का एक बड़ा मक़सद ये भी है कि पहले कोराना महामारी और फिर दो दो युद्धों से दुनिया के देशों की अर्थव्यवस्था पर जो संकट पैदा हुआ है और ग्लोबल सप्लाई चेन में जो कठिनाई पैदा हुई है वो जल्द दूर हो.

पीएम मोदी के यूक्रेन दौरे पर दुनिया की नजर

 पीएम मोदी लगातार ग्लोबल साउथ की आवाज़ उठाते रहे हैं. ग्लोबल साउथ में अफ़्रीकी देश भी आते हैं, जहां यूक्रेन-रूस युद्ध की वजह से अनाज पहुंचने में भारी दिक्कत हो रही है. ऐसे में अगर ये युद्ध रुकता है तो ग्लोबल साउथ की भलाई के लिहाज़ से ये काफ़ी अहम होगा. इसके लिए 23 अगस्त की तारीख़ यानी कि पीएम मोदी के यूक्रेन दौरे पर सबकी निगाह रहेगी. 

आज पोलैंड में राजकीय सम्मान मिलने के बाद पीएम का दिन भर मुलाक़ातों का सिलसिला चलता रहेगा. पीएम मोदी पोलैंड के पीएम डोनाल्ड टुस्क और राष्ट्रपति आंद्रेज डुडा से मुलाक़ात करेंगे.  वह कुछ बिजनेस लीडर्स से भी मिलेंगे, तो ज़ाहिर है बिजनेस बढ़ाने की संभावनाओं पर ज़ोर रहेगा. पीएम मोदी पोलैंड के इंफ्लुएंसर्स से भी मुलाकात करेंगे, यानि कि भारत और पोलैंड के संबंधों की नई इबारत लिखने के लिए नए ज़माने के किरदारों से मुलाक़ात उनकी प्राथमिकता है.वह  टॉम्ब ऑफ़ अन-नोन सोल्जर्स पर जाकर पोलैंड के उन शहीदों को श्रद्धांजलि भी देंगे जिन्होंने प्रथम विश्वयुद्द से लेकर कई युद्धों तक अपनी देश की रक्षा और आज़ादी के लिए जान दी. पोलैंड के शहीदों का सम्मान पोलैंड के संकल्प का सम्मान है और ये भावनात्मक जुड़ाव का भी मामला है.पोलैंड का दौरा ख़त्म कर पीएम मोदी यूक्रेन के लिए जाएंगे. उनके इस दौरे पर दुनिया की निगाह है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PM Modi Poland Visit, PM Modi In Poland, Pm Modi Ukraine Visit, Poland Indian Community
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com