पनामा के झंडे वाला एक कार्गो शिप शनिवार को ओडिशा तट से करीब 240 नॉटिकल मील दूर डूब गया. शिप ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म मरीन ट्रैफिक के मुताबिक, MV ओशन विनर नाम का यह जहाज ओडिशा के पारादीप पोर्ट से निकला था.
अधिकारियों के मुताबिक, उस समय जहाज पर 24 क्रू मेंबर थे. इसमें 20 चीनी, 3 म्यांमार के नागरिक थे. एक क्रू मेंबर बांग्लादेशी था. यह जहाज ओडिशा से आयन अयस्क का कार्गो लेकर सिंगापुर जा रहा था. जहाज डूबने के बाद इंडियन कोस्ट गार्ड और इंडियन नेवी ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया है.
रेस्क्यू के लिए कोस्ट गार्ड और नेवी रवाना
श्री विजयपुरम स्थित समुद्री बचाव समन्वय केंद्र को 22 अगस्त को सुबह 11:48 बजे सूचना मिली कि शिप से संपर्क टूट गया है. खोज एवं बचाव सहायता के अनुरोध के साथ यह जानकारी शिप का संचालन करने वाली कंपनी विक्ट्री स्टार ग्रुप कंपनी लिमिटेड से हासिल हुई थी.
जहाज डूबने की घटना के बाद भारतीय कोस्ट गार्ड और भारतीय नौसेना ने संयुक्त बचाव अभियान शुरू किया है. खोज और बचाव अभियान में भाग लेने के लिए तटरक्षक बल के जहाज वरद और अनमोल को भेजा गया. जबकि अभियान में सपोर्ट के लिए श्री विजयपुरम से एक तीसरा जहाज विजेट भी तैनात किया गया था.
एक सीनियर IPS ऑफिसर ने PTI को बताया, "हमें पक्का नहीं पता कि कितने क्रू मेंबर बचाए गए हैं. जहाज शुक्रवार को ओडिशा कोस्ट से निकला था."
उन्होंने आगे कहा कि इलाके के दूसरे शिप को भी अलर्ट कर दिया गया है और उनसे रेस्क्यू में मदद करने को कहा गया है. अफसर ने बताया कि जहाज पर सवार ज्यादातर लोग चीनी नागरिक थे.
यह भी पढ़ें: 'पानी को हथियार की तरह इस्तेमाल कर सकता है भारत', सिंधु जल संधि को लेकर घबराए PAK के मंत्री
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं