विज्ञापन
This Article is From Mar 31, 2018

अब सोशल मीडिया पर 12वीं का हिन्दी का फर्जी प्रश्न-पत्र हो रहा शेयर, CBSE ने किया सतर्क

सोमवार को होनी है 12वीं के हिन्दी विषय की परीक्षा, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने परीक्षार्थियों और अभिभावकों को भ्रमित न होने के लिए चेताया

अब सोशल मीडिया पर 12वीं का हिन्दी का फर्जी प्रश्न-पत्र हो रहा शेयर, CBSE ने किया सतर्क
सीबीएसई के पेपर लीक होने के खिलाफ देश भर में प्रदर्शन हो रहे हैं. जबलपुर में विरोध जताती हुईं छात्राएं.
  • व्हाट्सऐप, यू-ट्यूब सहित अन्य सोशल मीडिया पर फर्जी पेपर
  • प्रश्न-पत्र या तो पिछले किसी साल की परीक्षा का है या फर्जी है
  • बोर्ड के प्रश्न-पत्रों के लीक होने पर व्यापक जनाक्रोश
नई दिल्ली: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 12वीं की सोमवार को होने वाली हिन्दी विषय की परीक्षा का एक फर्जी  प्रश्न-पत्र सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है. सीबीएसई ने इस पेपर को लेकर विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को सतर्क किया है.

सीबीएसई ने कहा है कि जानकारी मिली है कि 12वीं की परीक्षा का हिन्दी का फर्जी प्रश्न-पत्र व्हाट्सऐप, यू-ट्यूब सहित अन्य सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है. यह प्रश्न-पत्र वास्तविक नहीं है. बोर्ड ने कहा है कि यह प्रश्न-पत्र या तो पिछले किसी साल की परीक्षा का है या फर्जी है.

यह भी पढ़ें : सीबीएसई पेपर लीक : झारखंड से कोचिंग संचालक, 2 शिक्षक और 9 छात्र किए गए गिरफ्तार

सीबीएसई ने कहा है कि सोशल मीडिया पर शेयर हो रहे इस प्रश्न-पत्र को लेकर परीक्षार्थी और संबंधित व्यक्ति भ्रमित न हों. सीबीएसई के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में उक्त जानकारी दी है.

VIDEO : पेपर लीक पर बढ़ता जा रहा आक्रोश


सीबीएसई की 12वीं की हिन्दी की परीक्षा 2 अप्रैल को होनी है. सीबीएसई का अर्थशास्त्र का पेपर और 10वीं का गणित का पेपर लीक होने के मुद्दे पर व्यापक जनाक्रोश फैल रहा है.

सीबीएसई की प्रेस विज्ञप्ति
cbse press release 650

केंद्र सरकार ने कहा है कि 12वीं कक्षा के अर्थशास्त्र विषय की दोबारा परीक्षा 25 अप्रैल को होगी. 10वीं कक्षा के गणित विषय की दोबारा परीक्षा जरूरत पड़ने पर जुलाई में सिर्फ दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा के लिए कराई जा सकती है.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
CBSE Fake Question Paper
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com