नोएडा समेत पूरे गौतमबुद्ध नगर जिले में काम करने वाले श्रमिकों के लिए अच्छी खबर है. डीएम मेधा रूपम ने श्रमिकों के लिए बड़ा फैसला लेते हुए नई गाइडलाइंस जारी की हैं. श्रमिकों को महीने की 10 तारीख तक उनका वेतन दिया जाएगा. इसके अलावा ओवर टाइम करने वाले श्रमिकों को दोगुना पैसा दिया जाएगा.औद्योगिक इकाइयों के साथ हुई उच्च-स्तरीय बैठक के बाद लिए गए इन फैसलों का पालन अब सभी कारखानों और कंपनियों के लिए अनिवार्य होगा.
वेतन और बोनस पर कड़े निर्देश
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रमिकों के आर्थिक हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. श्रमिकों को ओवरटाइम का भुगतान दोगुनी दर से किया जाएगा. यानी जो भी श्रमिक ओवर टाइम करता है उसको उस दिन के हिसाब से दोगुने पैसे दिए जाएंगे.इसमें किसी भी तरह की कटौती दंडनीय होगी. इसके अलावा प्रत्येक महीने की 10 तारीख तक वेतन का एकमुश्त भुगतान अनिवार्य है. साथ ही हर श्रमिक को सैलरी स्लिप भी देना अनिवार्य कर दिया गया है.
डीएम ने कंपनियों को त्योहार पर श्रमिकों के लिए बोनस देने को भी कहा है. दिवाली के बाद या नियमानुसार बोनस का भुगतान अधिकतम 30 नवंबर तक सीधे बैंक खातों में करना होगा.

संडे को देनी होगी छुट्टी, अगर काम कराया तो दोगुना भुगतान
हर श्रमिक को साप्ताहिक अवकाश दिया जाएगा. अगर किसी विशेष परिस्थिति में रविवार को कार्य कराया जाता है, तो उसका भुगतान भी डबल रेट पर होगा. इसके अलावा महिला श्रमिकों की सुरक्षा के लिए हर कारखाने में यौन उत्पीड़न रोकथाम समिति का गठन होगा, जिसकी कमान अनिवार्य रूप से एक महिला के हाथ में होगी. श्रमिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के लिए शिकायत पेटी लगाई जाएगी.
सहायता के लिए कंट्रोल रूम बनाए
श्रमिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन ने एक डेडीकेटेड कंट्रोल रूम बनाया है. श्रमिक अपनी किसी भी शिकायत या सूचना के लिए इन नंबरों 0120-2978231, 0120-2978232, 0120-2978862, 0120-2978702 पर संपर्क कर सकते हैं. जिलाधिकारी ने सभी श्रमिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें. उन्होंने श्रमिकों से शांतिपूर्वक अपने कार्यस्थलों पर लौटने और जिले की कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया है.
यह भी पढ़ें: ये कोलकाता में ही संभव है, एक ही दुकान पर चाय पर चर्चा करते दिखे बीजेपी और लेफ्ट उम्मीदवार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं