- एनसीपी के दोनों गुटों के विलय की चर्चा अजित पवार के निधन के बाद समाप्त हो गई थी, सुप्रिया सुले ने स्पष्ट किया.
- उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने पार्टी विधायकों से विलय पर राय मांगे जाने की खबरों को पूरी तरह खारिज किया.
- महाराष्ट्र की सियासत में एनसीपी के दोनों धड़ों के विलय की चर्चाएं तीन सप्ताह से तेज थीं.
महाराष्ट्र की राजनीति में पिछले कुछ सप्ताह से NCP के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर चल रही अटकलों के बीच एनसीपी (शरद पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने साफ कर दिया कि दोनों गुटों के बीच विलय को लेकर जो भी चर्चा चल रही थी, वह उसी समय समाप्त हो गई थी, जब उनके भाई और एनसीपी नेता अजित पवार का निधन हुआ था. वहीं, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने भी उन खबरों को खारिज कर दिया, जिनमें दावा किया जा रहा था कि उन्होंने पार्टी विधायकों से संभावित विलय पर राय मांगी है. उनके इस बयान से संकेत मिलता है कि फिलहाल पार्टी के भीतर इस मुद्दे पर कोई औपचारिक प्रक्रिया या सक्रिय मंथन नहीं चल रहा है.
दरअसल, पिछले तीन सप्ताह से महाराष्ट्र की सियासत में NCP के दोनों धड़ों के एक बार फिर साथ आने की चर्चाएं तेज थी. इन चर्चाओं को उस समय और बल मिला, जब एनसीपी नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी. बाद में वरिष्ठ नेताओं के बीच हुई बैठकों और एनसीपी नेता छगन भुजबल के बयानों ने भी विलय की संभावनाओं को चर्चा में बनाए रखा. शुक्रवार को दिल्ली में वित्त संबंधी संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की बैठक के दौरान सुप्रिया सुले और प्रफुल्ल पटेल के बीच करीब आधे घंटे तक बातचीत हुई. राजनीतिक गलियारों में कयास लगाए गए कि इस मुलाकात में दोनों गुटों के संभावित विलय पर चर्चा हुई होगी, हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई. इस बीच, छगन भुजबल ने कहा कि विलय जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर फैसला सामूहिक रूप से लिया जाएगा. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि यदि दोनों गुट एकजुट होते हैं तो उनकी राजनीतिक दिशा क्या होगी. क्या नई पार्टी एनडीए के साथ जाएगी या फिर इंडिया गठबंधन का हिस्सा बनेगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है.
भुजबल ने दोनों गुटों के संभावित एकीकरण का समर्थन करते हुए कहा कि इससे उन वरिष्ठ नेताओं और पुराने कार्यकर्ताओं को संतोष मिलेगा, जिन्होंने एनसीपी की स्थापना और विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. हालांकि, नेतृत्व और राजनीतिक भविष्य को लेकर कई सवाल अब भी बने हुए हैं.
ये भी पढें : यूपी चुनाव में कांग्रेस ने सपा से कितनी सीटें मांग लीं, अखिलेश यादव ने खुद बताया आंकड़ा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं