प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक फेसबुक पोस्ट (PM Modi Facebook Post) के अस्थायी रूप से हटाए जाने के बाद सोशल मीडिया कंपनी मेटा (Meta) ने सरकार को भरोसा दिलाया है कि भविष्य में प्रधानमंत्री और अन्य प्रमुख हस्तियों की पोस्ट पर विशेष निगरानी रखी जाएगी. सूत्रों के अनुसार, मेटा ने सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय को पत्र लिखकर बताया है कि ऐसी सामग्रियों की समीक्षा अब वरिष्ठ अधिकारियों के कई स्तरों पर की जाएगी, ताकि तकनीकी त्रुटियों के कारण किसी महत्वपूर्ण पोस्ट पर कार्रवाई न हो. यह कदम उस विवाद के बाद उठाया गया है जिसमें प्रधानमंत्री मोदी का पेपर लीक पर दिया गया वीडियो संदेश फेसबुक से कुछ समय के लिए हटा दिया गया था.
सरकार को भेजी गई विस्तृत जानकारी
सूत्रों के मुताबिक, मेटा ने आईटी मंत्रालय को लिखे पत्र में बताया है कि प्रधानमंत्री समेत अन्य प्रमुख सार्वजनिक हस्तियों के खातों पर साझा की गई सामग्री के लिए अतिरिक्त निगरानी तंत्र लागू किया जाएगा. कंपनी ने कहा है कि ऐसी पोस्ट पर स्वचालित प्रक्रियाओं के साथ-साथ मानव समीक्षा भी सुनिश्चित की जाएगी. इसके तहत वरिष्ठ अधिकारियों के कई स्तरों पर सामग्री की जांच की जाएगी.
PM मोदी की पोस्ट हटने के बाद उठा था विवाद
यह मामला 23 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा साझा किए गए एक वीडियो संदेश से जुड़ा है. इस वीडियो में प्रधानमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए पेपर लीक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया था. वीडियो पहले इंस्टाग्राम पर साझा किया गया था और बाद में फेसबुक पर पोस्ट किया गया. हालांकि, फेसबुक पर यह सामग्री कुछ समय के लिए उपलब्ध नहीं रही, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया.
मेटा ने मानी तकनीकी गलती
विवाद बढ़ने पर मेटा ने इस घटना को तकनीकी गड़बड़ी का परिणाम बताया था. कंपनी के अनुसार, उसके स्वचालित एआई कंटेंट फिल्टर में आई समस्या के कारण पोस्ट को गलती से हटाया गया था. बाद में पोस्ट को बहाल कर दिया गया और कंपनी ने इस त्रुटि के लिए खेद भी जताया.
आईटी मंत्रालय ने जताई थी नाराजगी
सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लिया था. मंगलवार को आईटी मंत्रालय ने मेटा के वैश्विक लोक नीति प्रमुख को तलब कर इस मुद्दे पर जवाब मांगा था. सूत्रों के अनुसार, मंत्रालय ने केवल तकनीकी गड़बड़ी का हवाला देने वाले स्पष्टीकरण को पर्याप्त नहीं माना और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए मजबूत व्यवस्था की अपेक्षा जताई.
जल्द हो सकती है अहम बैठक
सूत्रों का कहना है कि मेटा की एक टीम इस सप्ताह के अंत या अगले सप्ताह की शुरुआत में सरकारी अधिकारियों से मुलाकात कर सकती है. इस बैठक में पोस्ट हटने की घटना, कंटेंट मॉडरेशन सिस्टम और भविष्य में ऐसी त्रुटियों को रोकने के लिए अपनाए जाने वाले उपायों पर चर्चा होने की संभावना है.
यह भी पढ़ें : 'तकनीकी खराबी की वजह से हटी प्रधानमंत्री की पोस्ट', META ने मांगी मोदी सरकार से माफी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं