विज्ञापन

मई में पारा क्या तोड़ेगा सारे रिकॉर्ड! झुलसाएगी भीषण गर्मी, लू को लेकर IMD ने जारी किया बड़ा अलर्ट

May Weather: राजस्थान के कुछ हिस्सों में हुई ओलावृष्टि के मद्देनजर मौसम विभाग ने 1 से 6 मई तक आंधी, बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है.

मई में पारा क्या तोड़ेगा सारे रिकॉर्ड! झुलसाएगी भीषण गर्मी, लू को लेकर IMD ने जारी किया बड़ा अलर्ट
  • मई महीने की शुरुआत में कई राज्यों में बारिश और तेज आंधी ने भीषण गर्मी के बीच मौसम का मिजाज बदल दिया है.
  • IMD ने मई में हिमालयी तराई, पूर्वी तटीय राज्य, गुजरात में लू के सामान्य से अधिक दिन होने की संभावना जताई है.
  • पूरे देश में मई में औसत वर्षा सामान्य से अधिक रहने की संभावना है.

देश के कई राज्यों में मई महीने की शुरुआत इस बार सामान्य से अलग रही है. भीषण गर्मी की आशंका के बीच कई इलाकों में बारिश और तेज आंधी ने मौसम का मिजाज अचानक बदल दिया है. कहीं गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई तो कुछ राज्यों में तेज हवाओं ने लोगों को तपती गर्मी से अस्थायी राहत दी है. ऐसे में आम लोगों के मन में सवाल उठ रहा है कि क्या यह राहत लंबे समय तक जारी रहेगी या फिर आने वाले दिनों में गर्मी फिर से अपना प्रचंड रूप दिखाएगी.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार को मासिक पूर्वानुमान जारी करते हुए कहा कि मई में हिमालय के तराई क्षेत्र के कुछ हिस्सों, पूर्वी तटीय राज्यों, गुजरात और महाराष्ट्र में सामान्य से अधिक दिन लू चलने की संभावना है. मौसम विभाग ने यह भी कहा कि मई के दौरान पूरे देश में औसत वर्षा सामान्य से अधिक होने की संभावना है, क्योंकि अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में दक्षिण-पश्चिमी मानसून का आगमन 14-16 मई के आसपास होने की उम्मीद है.

May Weather: न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने का पूर्वानुमान

आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने एक बयान में कहा कि मई 2026 के दौरान देश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने का पूर्वानुमान है. उन्होंने कहा कि हालांकि, उत्तर-पश्चिम भारत के कई क्षेत्रों के साथ-साथ मध्य भारत के कुछ हिस्सों, प्रायद्वीपीय भारत के सटे क्षेत्रों और पूर्वोत्तर भारत के दक्षिणी हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम या सामान्य के आसपास रहने का पूर्वानुमान है.

पूरे भारत में सामान्य से अधिक बारिश होने का पूर्वानुमान

आईएमडी ने यह भी कहा कि मई में पूरे भारत में सामान्य से अधिक बारिश होने का पूर्वानुमान है, हालांकि पूर्वी, पूर्वोत्तर और पूर्वी-मध्य भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य से कम वर्षा हो सकती है. दक्षिण-पश्चिम मानसून के बारे में महापात्र ने कहा कि मानसून 14-16 मई के आसपास अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह पहुंच सकता है.

IMD Update : अल नीनो को लेकर अब क्या है अपडेट

आईएमडी के अनुसार, वर्तमान में भूमध्यरेखीय प्रशांत क्षेत्र में अल नीनो दक्षिणी दोलन (ईएनएसओ)- तटस्थ स्थितियां अल नीनो की स्थितियों की ओर विकसित हो रही हैं- जो मध्य प्रशांत महासागर में पानी के आवधिक तापन की स्थिति है. मानसून मिशन युग्मित पूर्वानुमान प्रणाली के नवीनतम पूर्वानुमान से संकेत मिलता है कि दक्षिण-पश्चिमी मानसून के मौसम के दौरान अल नीनो की स्थिति विकसित हो सकती है.

हिमालयी क्षेत्र में कैसा रहेगा मौसम ? 

उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में इस सप्ताह के दौरान गरज-चमक, बिजली और तेज़ हवा (40-60 किमी/घंटा) के साथ भारी वर्षा, कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है. पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, उत्तर-पश्चिमी मैदानों और उससे सटे मध्य भारत के क्षेत्रों में 03 से 07 मई, 2026 के दौरान कहीं-कहीं गरज-चमक, बिजली और तेज़ हवा (40-60 किमी/घंटा) चलने की संभावना है,

राजस्थान में मौसम विभाग का अलर्ट

राजस्थान के कुछ हिस्सों में हुई ओलावृष्टि के मद्देनजर मौसम विभाग ने 1 से 6 मई तक आंधी, बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है. विभाग ने इस अवधि के दौरान जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा, जोधपुर, बीकानेर और उदयपुर संभाग में बारिश का पूर्वानुमान लगाया है.

दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम? 

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर ) में बीती रात मौसम में आए अचानक बदलाव के बाद अब लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है. मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले लगभग एक सप्ताह तक आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी. हालांकि, 4 और 5 मई को एक बार फिर मौसम करवट लेगा और तेज बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.

ये भी पढ़ें :  भीषण गर्मी का कहर! Climate Change से तेजी से बढ़ रहा है Stroke का खतरा, World Stroke Organization की बड़ी चेतावनी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
May Month Weather, Rain, Delhi NCR Weather, El Nino, Monsoon Entry
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com