विज्ञापन
This Article is From Feb 13, 2021

मंगोलपुरी हत्याकांड: दिल्ली पुलिस ने पांचवें आरोपी को गिरफ्तार किया

पुलिस ने कहा कि घटना की सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि आरोपी पीड़ित के घर की तरफ लाठियां लेकर जा रहे हैं. रिंकू शर्मा लैब टेक्निशियन के तौर पर कार्यरत था.

मंगोलपुरी हत्याकांड: दिल्ली पुलिस ने पांचवें आरोपी को गिरफ्तार किया
जन्मदिन की एक पार्टी में रिंकू शर्मा का झगड़ा आरोपियों के साथ हुआ था. (फाइल फोटो)
नई दिल्ली:

बाहरी दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में कथित तौर पर जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुए झगड़े के बाद 25 वर्षीय रिंकू शर्मा की हत्या के मामले में पुलिस ने पांचवें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने यह जानकारी दी. हालांकि, शर्मा के भाई मन्नू ने आरोप लगाया कि राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा एकत्र करने के अभियान में सक्रिय रहने के चलते रिंकू की हत्या की गई. इस बीच, हत्याकांड को लेकर पुलिस ने किसी भी सांप्रदायिक कोण से इंकार किया है. साथ ही कहा कि जन्मदिन की पार्टी में किसी कारोबारी रंजिश के चलते झगड़ा हुआ था. पुलिस के मुताबिक, पांचवें आरोपी की पहचान ताजुद्दीन (29) के रूप में हुई है जोकि पहले होम गार्ड के तौर पर कार्य करता था. इससे पहले पुलिस ने बृहस्पतिवार को चार अन्य आरोपियों जाहिद, मेहताब, दानिश और इस्लाम को गिरफ्तार किया था.

दिल्ली : बर्थ-डे पार्टी में हुए झगड़े के बाद युवक की चाकू गोदकर हत्या, 4 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने कहा कि घटना की सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि आरोपी पीड़ित के घर की तरफ लाठियां लेकर जा रहे हैं. रिंकू शर्मा लैब टेक्निशियन के तौर पर कार्यरत था. घटना के बाद से ही इलाके में किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है. दिल्ली पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी चिन्मय बिस्वाल ने कहा कि 10 फरवरी को एक इलाके के कुछ युवक जन्मदिन की पार्टी मनाने एक रेस्त्रां में एकत्र हुए थे. उन्होंने कहा कि पार्टी के दौरान एक रेस्त्रां को बंद किए जाने को लेकर झगड़ा हुआ. यह एक पुरानी कारोबारी मसला था. झगड़ा होने के बाद सभी अपने घरों को लौट गए. बिस्वाल ने कहा कि बाद में कुछ युवक रिंकू शर्मा के घर पहुंचे और उन्हें चाकू मारकर घायल कर दिया. रिंकू को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई.

सांप्रदायिक कोण के आरोपों को खारिज करते हुए बिस्वाल ने कहा कि अब तक की जांच में जन्मदिन की पार्टी में झगड़े के बाद यह घटना होने की बात सामने आई है. रिंकू शर्मा की बुधवार को चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी. इस बीच, भाजपा की दिल्ली प्रदेश इकाई के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने शुक्रवार को रिंकू शर्मा के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की. इसके साथ ही भाजपा नेता ने पीड़ित परिवार को दिल्ली सरकार से एक करोड़ रुपये की सहायता दिये जाने की मांग की. वहीं, आम आदमी पार्टी ने एक बयान में आरोप लगाया कि दिल्ली में कानून एवं व्यवस्था के हालात बिगड़ चुके हैं और ऐसी कई घटनाएं यह दर्शाती हैं कि गृह मत्रालय दिल्ली में कानून-व्यवस्था को बनाए रखने में नाकाम रही है.

दिल्‍ली: बथर्ड पार्टी के दौरान विवाद, युवक की चाकू से गोदकर हत्‍या

बयान में कहा गया, “हम निर्मम हत्या की निंदा करते हैं और केंद्रीय गृह मंत्रालय से दिल्ली के लोगों में कानून-व्यवस्था के प्रति विश्वास बहाली के लिए तत्काल कदम उठाने का अनुरोध करते हैं.” मंगोलपुरी में शर्मा के परिजन से मुलाकात के बाद गुप्ता ने कहा, “रिंकू शर्मा सामाजिक रूप से सक्रिय थे. वह राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा एकत्र करने में भी शामिल थे. भाजपा उनकी निर्मम हत्या की निंदा करती है.” भाजपा नेता ने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक अदालत में करने की भी मांग की. विश्व हिंदू परिषद समेत कई हिंदूवादी संगठनों ने दावा किया है कि राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा एकत्र करने से जुड़े होने के चलते शर्मा की हत्या कर दी गई.

Video: मंगोलपुरी में हुई रिंकू शर्मा हत्या के मामले में एक और आरोपी को पुलिस ने दबोचा

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rinku Sharma Murder, Mangolpuri Murder Case, Mangolpuri Murder
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com