विज्ञापन

दिवाली से पहले तुकाराम मुंढे का बड़ा एक्शन, FDA ने 12.74 करोड़ का माल किया जब्त, कई लाइसेंस सस्पेंड, 22 FIR

दिवाली और नवरात्रि से पहले महाराष्ट्र FDA ने राज्यभर में बड़ा अभियान चलाकर 12.74 करोड़ रुपये का माल जब्त किया. कार्रवाई में 68 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए, 7 को बंद करने के आदेश दिए गए और मिलावटी, घटिया व गलत लेबल वाले खाद्य उत्पादों की बड़ी खेप पकड़ी गई.

दिवाली से पहले तुकाराम मुंढे का बड़ा एक्शन, FDA ने 12.74 करोड़ का माल किया जब्त, कई लाइसेंस सस्पेंड, 22 FIR
फाइल फोटो
NDTV

दिवाली और नवरात्रि के त्योहारों के बीच बाजारों में मिलावटखोरी और खाद्य सुरक्षा उल्लंघनों पर नकेल कसते हुए महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने राज्यभर में बड़ा अभियान चलाया है. इस स्पेशल कैंपन में अधिकारियों ने करोड़ों रुपये के मिलावटी, घटिया, एक्सपायर्ड और प्रतिबंधित उत्पाद जब्त किए हैं. कार्रवाई का दायरा इतना बड़ा रहा कि कुल 12.74 करोड़ रुपये मूल्य का माल जब्त किया गया, जबकि दर्जनों प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए.

कितवने लाइसेंस रद्द?

राज्यव्यापी 'फेस्टिव क्रैकडाउन' कैंपेन के दौरान तुकाराम मुंढे के FDA ने 68 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए. इन संस्थानों में अस्वच्छ माहौल और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पाए गए थे. इसके अलावा 7 अन्य प्रतिष्ठानों को बंद करने के आदेश भी जारी किए गए. विभाग ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 69 के तहत 4 प्रतिष्ठानों से कुल 1.30 लाख रुपये का जुर्माना भी वसूला.

कैंपेन के दौरान 3,74,752 किलोग्राम और 28,297 लीटर ऐसे खाद्य उत्पाद जब्त किए गए जो या तो मिलावटी थे, मानक के अनुरूप नहीं थे या फिर गलत लेबलिंग के साथ बाजार में बेचे जा रहे थे. इनकी कुल कीमत 9.11 करोड़ रुपये आंकी गई है. इसके अलावा अधिकारियों ने 8,392 किलोग्राम एक्सपायर्ड या पहले से अस्वीकृत खाद्य सामग्री भी पकड़ी, जिसकी कीमत 48.09 लाख रुपये थी. जांच में पता चला कि इन उत्पादों को नष्ट किया जाना था, लेकिन इन्हें अवैध रूप से दोबारा बाजार में पहुंचाया जा रहा था.

कोल्ड स्टोरेज पर भी बड़ी कार्रवाई

FDA ने दो कोल्ड स्टोरेज पर भी बड़ी कार्रवाई की. एक ही दिन में यहां से 1,97,480 किलोग्राम खाद्य स्टॉक जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 4.19 करोड़ रुपये बताई गई है. अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के कारण मिलावट और नियमों के उल्लंघन की आशंका भी बढ़ जाती है, इसलिए निगरानी तेज की गई है.

कार्रवाई का एक बड़ा हिस्सा प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला और सुगंधित तंबाकू के खिलाफ रहा. FDA ने परिवहन वाहनों समेत 3.15 करोड़ रुपये मूल्य का प्रतिबंधित माल जब्त किया. इस मामले में 22 FIR दर्ज की गईं और 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया. सबसे बड़ी कार्रवाई पालघर में हुई, जहां अकेले 1.51 करोड़ रुपये का प्रतिबंधित सामान पकड़ा गया. इसके अलावा जालना, मुंबई, नासिक और धाराशिव में भी अहम जब्ती और कानूनी कार्रवाई की गई.

FDA का कहना है कि त्योहारों के मौसम में उपभोक्ताओं तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य उत्पाद पहुंचाना प्राथमिकता है. इसी मकसद से राज्यभर में निरीक्षण, सैंपलिंग और प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रहेंगे.

यह भी पढ़ें: ब्लिंकिट के गोदाम पर FDA का बड़ा एक्शन, 32.71 लाख रुपये का एक्सपायर्ड स्टॉक गायब; अधिकारियों पर FIR दर्ज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Maharashtra, Diwali, FDA
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com