- कोलकाता के सरसुना थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग को लेकर युवक और उसके पिता को निर्वस्त्र कर घुमाया गया
- युवती के परिवार ने युवक को घर में बंद कर पीटा और युवक के पिता को बेटे को गोली मारने के लिए बंदूक दी
- पुलिस ने मामले में युवती के पिता, चाचा समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेम प्रसंग की वजह से एक शख्स और उसके पिता को निर्वस्त्र कर घुमाया गया. यह घटना सरसुना थाना क्षेत्र के बसुंधरा पार्क इलाके में हुई. इस घटना के बाद वहां भारी तनाव फैल गया और लोगों में काफी आक्रोश है. कोलकाता पुलिस ने सोमवार को बताया कि मामले में युवती के पिता और चाचा समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
लड़की के परिवार वाले थे रिश्ते के खिलाफ
जानकारी के अनुसार, युवती बेहाला इलाके के सरसुना के रहने वाले एक युवक के साथ रिश्ते में थी. बताया जा रहा है कि युवती के परिवार वाले शुरू से ही इस रिश्ते का विरोध कर रहे थे. रविवार को जब युवती के रिश्तेदारों ने दोनों को एक साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया, तो यह विवाद हिंसक हो गया.
पहले घर में बंद कर पीटा
आरोप है कि युवती के पिता और चाचा ने युवक को घर के अंदर बंद कर दिया और उसके साथ बुरी तरह मारपीट की. इसके बाद युवक के पिता को भी मौके पर बुला लिया गया. इस मामले में सबसे हैरान कर देने वाली बात तो यह रही कि युवती के परिजनों ने युवक के पिता को बंदूक देकर बेटे को गोली मारने के लिए कहा.
कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, 'युवक के परिवार की शिकायत के आधार पर तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. आज उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा. पुलिस आगे की पूछताछ के लिए उनकी कस्टडी की मांग करेगी.'
भीड़ ने लड़की के घर में की तोड़फोड़
इस घटना से स्थानीय लोग हैरान और गुस्से में हैं. मारपीट और सार्वजनिक अपमान की खबर फैलते ही वहां भीड़ जमा हो गई और लोगों ने युवती के घर में तोड़फोड़ की. घटना की सूचना मिलने पर सरसुना पुलिस मौके पर पहुंची. तनाव बढ़ने पर युवती के पिता और परिवार के अन्य सदस्य वहां से फरार हो गए.
हालांकि, भीड़ ने उसके चाचा को पकड़ लिया, उसके साथ मारपीट की और उसे पुलिस के हवाले कर दिया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रविवार देर रात युवती के पिता और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया. स्थानीय लोगों का आरोप है कि युवती का परिवार पहले स्थानीय टीएमसी नेताओं के काफी करीब था. उनका कहना है कि इसी वजह से उनमें कथित तौर पर अहंकार आ गया था. उन्होंने इस मामले के आरोपियों के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग की.
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए, सामाजिक कार्यकर्ता शाश्वती घोष ने घटना को अंजाम देने वालों और वहां मौजूद चश्मदीदों, दोनों के बर्ताव पर सवाल उठाए. घोष ने कहा, 'जिन्होंने इस घटना को अंजाम दिया, वे मानसिक रूप से असंतुलित हैं. जो लोग वहां मौजूद थे, क्या उन्हें इसमें मजा आ रहा था? या फिर उन्होंने इसका विरोध किया? इस बात की भी जांच होनी चाहिए.'
यह भी पढ़ें | कोलकाता भगदड़ पर गरमाई राजनीति: TMC का आरोप- भतीजे और BJP नेताओं को बचा रहे CM, शुभेंदु ने क्या कहा?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं