विज्ञापन
This Article is From Nov 17, 2018

PM मोदी की चुनौती पर चिदंबरम का पलटवार, गांधी परिवार से बाहर के 15 कांग्रेस अध्यक्षों के गिनाए नाम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस को  एक गैर-गांधी पार्टी अध्यक्ष नियुक्त करने की चुनौती दी तो कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने पलटवार किया है.

PM मोदी की चुनौती पर चिदंबरम का पलटवार, गांधी परिवार से बाहर के 15 कांग्रेस अध्यक्षों के गिनाए नाम
पी चिदंबरम की फाइल फोटो.
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस को  एक गैर-गांधी पार्टी अध्यक्ष नियुक्त करने की चुनौती दी तो कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने पलटवार किया है. पूर्व केंद्रीय वित्तमंत्री चिदंबरम ने शनिवार को मोदी को गांधी परिवार से बाहर के अब तक हुए कांग्रेस अध्यक्षों के नाम गिनाकर निशाना साधा. उन्होंने गांधी परिवार से बाहर से अध्यक्ष बने नेताओं की सूची भी जारी की. चिदंबरम ने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा कि वह 'आभारी' हैं कि प्रधानमंत्री इस बात को लेकर चिंतित हैं कि कौन कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर निर्वाचित हुआ है. साथ ही सवाल किया कि क्या मोदी अपने भाषणों का आधा समय नोटबंदी, जीएसटी, राफेल, सीबीआई, और आरबीआई पर बोलने में लगाएंगे?

  उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी की याददाश्त सही करने के लिए बता दूं कि सन 1947 के बाद से कांग्रेस अध्यक्ष आचार्य कृपलानी, पट्टाभि सीतारमैया, पुरुषोत्तम दास टंडन, यू.एन. धेबर, संजीव रेड्डी, संजीवैया.., कामराज, निजलिंगप्पा, सी. सुब्रमण्यम, जगजीवन राम, शंकर दयाल शर्मा, डी.के. बरुआ, बह्मानंद रेड्डी, पी.वी. नरसिम्हा राव और सीताराम केसरी रह चुके हैं." चिदंबरम ने यह भी कहा कि कांग्रेस को आजादी के बाद के अपने नेताओं बाबासाहेब अंबेडकर, लाल बहादुर शास्त्री, कामराज, मनमोहन सिंह व कई अन्य पर नाज है और आजादी से पहले के अपने हजारों नेताओं पर गर्व है.
 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, "आभारी हूं कि प्रधानमंत्री मोदी इस बात को लेकर चिंतित हैं कौन कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में चुना गया और इस बारे में बात करने के लिए उनके पास काफी समय भी है, लेकिन क्या वह नोटबंदी, जीएसटी, राफेल, सीबीआई और आरबीआई के बारे में बोलने पर अपने भाषणों का आधा समय भी लागाएंगे?"

  चिदंबरम ने कहा, "क्या प्रधानमंत्री मोदी किसान आत्महत्या, भीषण बेरोजगारी, भीड़ द्वारा पीट-पीटकर मार डालने, दुष्कर्म, महिलाओं व बच्चों के विरुद्ध अपराध, एंटी रोमियो टीम व गौरक्षकों के हमले और बढ़ती आतंकी घटनाओं के बारे में कुछ बोलेंगे?" बता दें कि कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा था कि एक 'चायवाला' प्रधानमंत्री इसलिए बन सका, क्योंकि जवाहरलाल नेहरू लोकतंत्र के लिए प्रतिबद्ध थे, उन्होंने लोकतंत्र को मजबूत किया, और यही वजह है कि मोदी आज प्रधानमंत्री हैं. थरूर के इस बयान के बाद मोदी ने शुक्रवार को कांग्रेस पर निशाना साधा था.
   
वीडियो- सिंपल समाचार : पीएम मोदी और राहुल गांधी ने किए एक-दूसरे पर हमले 

 
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Narendra Modi, P Chidambaram, Chidambram Attacks Pm Modi, Congress President List, Rahul Gandhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com