विज्ञापन
This Article is From Dec 03, 2011

2जी मामले में बेगुनाही साबित करूंगी : कनिमोई

तिहाड़ जेल में 193 दिन काटने के बाद रिहा हुईं डीएमके सांसद कनिमोई के चेन्नई पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने शानदार स्वागत किया।
नई दिल्ली / चेन्नई: 2जी घोटाले में दिल्ली के तिहाड़ जेल में 193 दिन काटने के बाद रिहा हुईं डीएमके सांसद कनिमोई के चेन्नई पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने शानदार स्वागत किया। कनिमोई अपने पति अरविंदन और पुत्र आदित्य के साथ विमान से पहुंचीं। हवाई अड्डे पर उनका स्वागत उनके पिता एवं डीएमके अध्यक्ष करुणानिधि, सतौले भाई एमके स्टालिन और अन्य लोगों ने किया। कनिमोई की मां राजाती अम्मल, करुणानिधि की पत्नी एवं कलैंगनर टीवी की निदेशक दयालू अम्मल, पुत्री सेल्वी भी मौजूद थीं। कनिमाई के हवाई अड्डे से बाहर निकलने पर सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल बजाकर और नृत्य करके अपनी खुशी जाहिर की। कार्यकर्ताओं के हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर तमिल में उनका स्वागत करते हुए नारे लिखे हुए थे। हवाई अड्डा जाने वाली सड़क पर कनिमोई और करुणानिधि के चित्र वाले बैनर के साथ ही डीएमके पार्टी के झंडे लगाए गए थे। इससे पहले, उन्होंने चेन्नई जाने के लिए विमान में सवार होने से पहले संवाददाताओं से कहा, मुझे वापस (चेन्नई) जाने की बहुत खुशी है। मुझे अपनी चेन्नई यात्रा का बेसब्री से इंतजार है। हम सभी को इस बात की प्रसन्नता है कि इस मामले में अब लोगों को जमानत मिल रही है। यह पहला कदम है। अगले कदम के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, मुझे अपनी बेगुनाही साबित करके इस मामले को कानूनी रूप से सामना करते हुए इससे बाहर निकलना है। मुझे इस बात का पक्का विश्वास है कि मैं ऐसा कर लूंगी।
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
कनिमोई, 2जी घोटाला, चेन्नई
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com