विज्ञापन
This Article is From Nov 05, 2015

शाहरुख पर हमले, गिरिराज बोले, पाकिस्तान का गाते हैं, रामदेव, मीनाक्षी भी कूदे

शाहरुख पर हमले, गिरिराज बोले, पाकिस्तान का गाते हैं, रामदेव, मीनाक्षी भी कूदे
गिरिराज सिंह (फाइल फोटो)
नई दिल्ली: असहनशीलता पर दिए बयान के बाद अभिनेता शाहरुख खान पर हमले जारी हैं। केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि वे खाते हैं यहां का, गाते हैं पाकिस्तान का तो वहीं मीनाक्षी लेखी ने बोला, ईडी का नोटिस मिलने के बाद शाहरुख के लिए भारत असहिष्णु हुआ।


इससे पहले कब-कब शाहरुख खान 'धर्म' के आधार पर विवादों में पड़े...

देखें वीडियो किसने क्या-क्या बोला

गिरिराज सिंह का बयान
इन्टॉलरेंस यानी असहिष्णुता पर अभिनेता शाहरुख खान के बयान के बाद सियासी गलियारे में हंगामा मचा हुआ है। अब बीजेपी के नेता गिरिराज सिंह ने भी शाहरुख पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि शाहरुख खान खाते यहां का हैं और गाते पाकिस्तान का हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह दूसरे को इंटॉलरेंस की बात कहते हैं और खुद क्रिकेट के मैदान में इंटॉलरेंस बन जाते हैं।
 


मीनाक्षी लेखी ने ईडी के नोटिस का दिया ब्योरा
वहीं बीजेपी की सांसद मीनाक्षी लेखी ने कहा कि ईडी के नोटिस के बाद शाहरुख को भारत असहनशील नज़र आने लगा है। यह मामला 100 करोड़ रुपये की हेराफेरी का है, जो 2008 से चला आ रहा है। रेड चिलीज़ कंपनी की फ्रेचाइज़ी नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड ने जूही चावला के पति जे मेहता की कंपनी सी आइलैंड को अपने शेयर्स नौ गुना सस्ते बेचे हैं। ईडी इस मामले में शाहरुख से जानकारी मांग रही है। 2008 से अब तक कई बार जानकारी मांगी गई पर वह जवाब नहीं दे रहे हैं। 26 अक्टूबर 2015 को शाहरुख को तीसरी बार नोटिस दिया गया है। 2011 में इस मामले में शाहरुख से पूछताछ भी हुई थी। अब 6 या 7 नवंबर को ईडी ने शाहरुख को पेश होने को कहा है।
 


रामदेव का भी पलटवार
रामदेव ने भी असहिष्णुता के मामले में शाहरुख के बयान के बाद उन पर निशाना साधा है। रामदेव ने कहा कि शाहरुख को पद्मश्री अवार्ड मिलने के बाद हुई सारी कमाई को लौटा देना चाहिए। उन्होंने शाहरुख के बयान को हवाबाजी करार देते हुए कहा कि अगर शाहरुख को वाकई विरोध करना है तो उन्हें पद्मश्री सम्मान के बाद कमाई सारी रकम की एक लिस्ट बनानी चाहिए और उसे दान दे देना चाहिए।
 


योगी आदित्यनाथ ने भी दिया था बयान
बीजेपी सांसद योगी आदित्यनाथ ने शाहरुख खान की तुलना 26/11 के मास्टरमाइंड हाफिज सईद से की है। योगी आदित्यनाथ ने कहा, शाहरुख को यह समझना चाहिए कि अगर एक बड़ा वर्ग उनकी फिल्में नहीं देखेगा तो वह सड़क पर आ जाएंगे। वह यहीं नहीं रुके उन्होंने शाहरुख की तुलना हाफिज सईद से की।

इससे पहले कैलाश विजयवर्गीय ने भी साधा था निशाना
इससे पहले कैलाश विजयवर्गीय ने शाहरुख पर सीधा हमला बोलते हुए ट्वीट किया था कि शाहरुख़ खान रहते भारत में हैं पर उनका मन सदा पाकिस्तान में रहता है। उनकी फिल्में यहां करोड़ों कमाती हैं पर उन्हें भारत असहिष्णु नजर आता है। हालांकि बाद में उन्होंने अपने सभी ट्वीट्स वापस ले लिए और कहा कि किसी को ठेस पहुंचाने की मेरी मंशा नहीं थी। मैं कल के ट्वीट्स वापस लेता हूं।
  पहले कैलाश विजयवर्गीय ने शाहरुख के खिलाफ ट्वीट किया था...

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
असहिष्णुता, रामदेव, गिरिराज सिंह, कैलाश विजयवर्गीय, शाहरुख खान, Intolerance Issue, Shahrukh Khan, Ramdev, Giriraj Singh, Kailash Vijayvargiya
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com