विज्ञापन
This Article is From Feb 28, 2019

आतंकी कैंप पर एयरस्ट्राइक के बाद भारत-पाक के बीच तनाव, सिर्फ 16 प्वाइंट में जानें 48 घंटे का हर अपडेट

Indian Air Force: विदेश मंत्रालय की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया कि हमारा एक पायलट पाकिस्तान की कस्टडी में है और हम पाकिस्तान से मांग करते हैं कि वह भारतीय वायुसेना के उस पायलट को तुरंत सुरक्षित वापस भेजें.

आतंकी कैंप पर एयरस्ट्राइक के बाद भारत-पाक के बीच तनाव, सिर्फ 16 प्वाइंट में जानें 48 घंटे का हर अपडेट
Indian Air Force Strike: भारत और पाकिस्तान के बीच तनातनी बढ़ गई है...
नई दिल्ली:
  1. भारत की ओर से जैश के कैम्प पर किए गए हवाई हमले (IAF Air Strike) के बाद पाकिस्तानी वायुसेना की घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करने के क्रम में भारतीय वायुसेना के विमान ने पलटवार किया, मगर इसमें हमारा एक विमान मिग 21 दुर्घटनाग्रस्त हो गया और हमारा एक पायलट भी पाकिस्तान की सीमा में गिरफ्तार हो गया. पाकिस्तान के दावों की पुष्टि करने के बाद भारत ने पाकिस्तान से पायलट को सुरक्षित वापस करने की बात कही है. भारत ने यह भी कहा कि पाकिस्तान यह सुनिश्चित करे कि सैनिक को कोई नुकसान नहीं पहुंचे. विदेश मंत्रालय ने कहा कि वह पाकिस्तान द्वारा भारतीय वायुसेना के घायल कर्मी को अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन कर अशोभनीय तरीके से दिखाए जाने की निंदा करता है.
  2. इससे पहले भारत में सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहे पाकिस्तानी जेट विमान को भारतीय वायुसेना को मार गिराए जाने (IAF Air Strike) के बाद एक भारतीय पायलट लापता था. यह जानकारी बुधवार को भारत सरकार ने पाकिस्तान के उन दावों के बाद दी, जिनमें उसने 'अपने वायुक्षेत्र में रहकर नियंत्रण रेखा के पार हमले करने' की बात कही थी. बालाकोट में आतंकवादी अड्डे को भारतीय वायुसेना द्वारा निशाना बनाए जाने के बाद से दोनों देशों के बीच तनाव इस वक्त चरम पर नज़र आ रहा है.
  3. वहीं, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) ने भी भारत से बातचीत की बात कही. उन्होंने कहा कि हम पुलवामा पर बात करने के लिए तैयार हैं, और हमने पहले भी कहा था और अब भी कह रहे हैं कि आप हमें सबूत दें, हम उन पर कार्रवाई करेंगे. उन्होंने कहा कि हमारे लिए भी यह सही नहीं कि हमारी जमीन का इस्तेमाल आतंकवाद के लिए हो. उन्होंने कहा कि जंग हुई तो यह किसी के काबू में नहीं रहेगी.
  4. पाकिस्तान में, प्रधानमंत्री इमरान खान ने परोक्ष रूप से दोनों देशों के पास मौजूद परमाणु हथियारों के परिप्रेक्ष्य में तनाव को कम करने की कोशिश के तहत कहा कि युद्ध निरर्थक है और कोई नहीं जानता कि यह किन परिणामों की तरफ लेकर जा सकता है. पाकिस्तान ने दावा किया कि उसने भारत के दो सैन्य विमानों को मार गिराया है जिनमें से एक पाक अधिकृत कश्मीर में गिरा जबकि दूसरा जम्मू कश्मीर में गिरा. अधिकारियों ने कहा कि जम्मू के राजौरी सेक्टर में भारतीय हवाई सुरक्षा बलों ने पाकिस्तानी वायुसेना के एफ-16 युद्धक विमान को मार गिराया. झड़प के दौरान एक मिग-21 विमान गिर गया और उसका पायलट लापता है. 
  5. जैसे तनाव बढ़ा नई दिल्ली से उत्तर के समूचे वायुक्षेत्र को कुछ समय के लिये “खाली” करा दिया गया. जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और पंजाब के नौ हवाई अड्डों को सुबह कुछ समय के लिये नागरिक उड़ानों के लिए बंद कर दिया गया लेकिन बाद में वहां सामान्य हवाई सेवाएं फिर बहाल कर दी गईं. दोनों पड़ोसियों के बीच तनाव बढ़ने के साथ ही जम्मू कश्मीर कार्रवाई के केंद्र में रहा. 
  6. कश्मीर के बडगाम में भारतीय वायुसेना का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिसमें कुल 7 लोगों की मौत हो गई. मृतकों में से एक की पहचान स्थानीय नागरिक किफायत हुसैन गनी के तौर पर हुई है जबकि शेष वायुसेना कर्मी हैं. इतना ही नहीं, राजौरी और पुंछ में नियंत्रण रेखा पर दोनों तरफ से अग्रिम चौकियों और नागरिक इलाकों पर रात भर भारी गोलाबारी होती रही और इस दौरान सेना व सीमा सुरक्षा बलों को सतर्कता के सर्वोच्च स्तर पर रखा गया. सीमावर्ती इलाकों में रहने वालों से घरों के अंदर रहने और बाहर नहीं निकलने को कहा गया है.
  7. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने एअर वाइस मार्शल आरजीके कपूर के साथ एक अत्यंत संक्षिप्त बयान में यह भी कहा कि भारतीय पायलट को पकड़ लेने के पाकिस्तान के दावे की पड़ताल की जा रही है. अधिकारियों ने कहा कि पाकिस्तानी युद्धक विमानों ने जम्मू क्षेत्र के पुंछ और राजौरी सेक्टरों में भारतीय वायुक्षेत्र का उल्लंघन किया लेकिन भारतीय विमानों ने उन्हें वापस खदेड़ दिया. उन्होंने कहा कि लौटते हुए पाकिस्तानी विमानों ने बम गिराये लेकिन इससे जानमाल के किसी नुकसान की खबर नहीं है. 
  8. रवीश कुमार ने कहा, ‘पाकिस्तान ने आज सुबह भारतीय सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने के लिए अपनी वायुसेना का इस्तेमाल किया. हमारी उच्च स्तर की तैयारी और सतर्कता की वजह से पाकिस्तान के प्रयासों को सफलतापूर्वक विफल कर दिया गया.' उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी वायुसेना के विमान दिखते ही भारतीय वायुसेना ने त्वरित कार्रवाई की. रवीश कुमार ने कहा, ‘‘हवा में हुई उस झड़प में भारतीय वायुसेना के मिग 21 बाइसन ने पाकिस्तानी वायुसेना के एक लड़ाकू विमान को मार गिराया। जमीनी बलों ने पाकिस्तानी विमान को आसमान से पाकिस्तान की ओर गिरते देखा.' उन्होंने कहा, ‘‘इस भिड़ंत में दुर्भाग्य से हमने एक मिग 21 को खो दिया. कार्रवाई में पायलट लापता है. पाकिस्तान का दावा है कि वह उसकी हिरासत में है. हम तथ्यों की पड़ताल कर रहे हैं.'    
  9. इस्लामाबाद में पाकिस्तानी सेना ने 46 सेकंड का एक वीडियो जारी किया जिसमें आंखों पर पट्टी बंधे एक शख्स के बारे में दावा किया गया कि वह भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर हैं. भारतीय राजनेता (सरकार और विपक्ष के) दोपहर बाद तक अधिकतर चुप्पी साधे हुए थे. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने टेलीविजन पर अपना संबोधन दिया और परमाणु संपन्न पड़ोसियों से बातचीत के जरिये मुद्दों को सुलझाने की वकालत की. उन्होंने हालांकि दावा किया कि दो भारतीय मिग विमानों ने नियंत्रण रेखा पार की और उन्हें मार गिराया गया. 
  10. मंगलवार को पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब देते हुए उनकी कमर तोड़ दी. पीओके और पाकिस्तान के आतंकी कैंपों पर  भारतीय वायुसेना ने हवाई हमला किया और उसके सारे कैंपों को तबाह कर दिया. भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान मिराज 2000 के 12 जेट ने पीओके और पाकिस्तान के बालाकोट (Balakot) में जाकर हवाई हमले (India Strikes) किए और आतंकी कैपों को न सिर्फ पूरी तरह तबाह किया, बल्कि करीब 300 आतंकवादी भी मार गिराए.

  11. वायुसेना की इस बड़ी कार्रवाई में न सिर्फ 300 आतंकवादी मारे गए हैं, बल्कि इसमें जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अज़हर का बहनोई यूसुफ अज़हर भी मारा गया है जो यह कैंप चला रहा था. भारतीय वायुसेना ने इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने के लिए 12 मिराज फाइटर जेट का सहारा लिया. इतना ही नहीं, करीब 1000 किलो बम भी बरसाए गए. बता दें कि 14 फरवरी को पुलवामा में हुए आतंकी हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे, जिसकी जिम्मेदारी जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी.

  12. पाकिस्तानी सीमा में आतंकी कैंप पर हमले के बाद भारत सरकार ने कहा कि हमला किसी सैन्य ठिकाने पर नहीं, केवल आतंकी ठिकाने पर किया गया और इसे ‘हमलों को रोकने' के उद्देश्य से ‘‘ऐहतियात'' के तौर पर अंजाम दिया गया. उन्होंने कहा कि यह ठिकाना जंगल में एक पहाड़ी पर स्थित था और पांच सितारा रिजॉर्ट शैली में बना था. इसके चलते यह ‘‘आसान निशाना'' बन गया तथा आतंकवादियों को नींद में ही मौत के आगोश में सुला दिया गया.

  13. विदेश सचिव विजय गोखले ने सभी देशों के राजनयिकों को इस कार्रवाई की जानकारी दी और इसे नॉन मिलेट्री ऑपरेशन बताया. भारत सरकार ने कहा कि यह कार्रवाई सिर्फ आतंकवादियों के खिलाफ थी, न कि पाकिस्तान और वहां के नागरिकों के. इस हवाई हमले पर न सिर्फ भारत से बल्कि, दुनिया से भी अलग-अलग तरह की प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है. 

  14. सूत्रों ने कहा कि संदर्भ पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत स्थित शहर का था जो नियंत्रण रेखा से करीब 80 किलोमीटर दूर और ऐबटाबाद के नजदीक स्थित है जहां अमेरिकी बलों ने 2011 में अलकायदा के सरगना ओसामा बिन लादेन को ढेर किया था. विजय गोखले ने इस बारे में भी ब्योरा नहीं दिया कि हमले किस तरह किए गए, लेकिन सूत्रों ने बताया कि बम गिराने के लिए 12 मिराज 2000 जेट विमानों के बेड़े का इस्तेमाल किया गया जिनमें अन्य विमान और दूसरी प्रणालियां भी शामिल थीं.

  15. भारतीय सेना ने सीमापार से पाकिस्तानी गोलाबारी का करारा जवाब देते हुए जम्मू कश्मीर में नियंत्रण रेखा के उस पार स्थित पाकिस्तान की पांच चौकियां ध्वस्त कर दी. इस कार्रवाई में कई पाकिस्तानी सैनिक ‘हताहत' हुए हैं. एक रक्षा अधिकारी ने यह जानकारी दी. एक रक्षा पीआरओ ने कहा, ‘भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई की और हमारी लक्षित गोलीबारी में पांच चौकियों को गंभीर नुकसान पहुंचा और (राजौरी और पुंछ जिलों में नियंत्रण रेखा से लगे क्षेत्र में) पाकिस्तानी सेना के कई जवान हताहत हुए.'

  16. इससे पहले 14 फरवरी को पुलवामा में हुए एक आत्‍मघाती हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थें. हमले की जिम्‍मेदारी पाकिस्‍तान स्‍थ‍ित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्‍मद ने ली थी. भारत ने इसके अगले दिन ही सेना को खुली छूट देने की बात कही थी और पाकिस्‍तान से 'मोस्‍ट फेवरेट नेशन' दर्जा वापस ले लिया था. इसके बाद घाटी में हुए सर्च ऑपरेशन में जैश के कई आतंकवादी मारे गए थें. 26 फरवरी की रात में वायु सेना ने अपने असैन्‍य कार्रवाई में पाकिस्‍तान के बालाकोट स्‍थ‍ित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्‍मद के कैंप को ध्‍वस्‍त कर दिया था. भारत के इस कार्रवाई का पूरी दुनिया ने समर्थन किया.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Indian Air Force, India, Pakistan, IAF Air Strike, Mig 21 Bison, Pakistan F-16, Mig 21 Bison Shot Down, Balakot Air Strike, Pulwama Terror Attack, Mig 21, Surgicalstrike2, Surgical Strike 2, Surgical Strike 2 In Hindi, Surgical Strike 2 News In Hindi, Surgical Strike 2.0, Surgicalstrike2 Surgical Strike 2
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com