- गृह मंत्री अमित शाह अगले कुछ दिनों में राजस्थान, गुजरात, त्रिपुरा और बंगाल के सीमाई इलाकों का दौरा करेंगे
- अमित शाह 25 मई को राजस्थान के बीकानेर पहुंचेंगे और 26 मई को बीएसएफ की सीमा चौकी सांचू का दौरा करेंगे
- दौरे के दौरान वे सीमा सुरक्षा, घुसपैठ-रोधी उपायों और सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अगले कुछ दिनों में बॉर्डर से सटे इलाकों का दौरा करेंगे. उनके दौरे में पाकिस्तान के साथ-साथ बांग्लादेश की बॉर्डर से सटे इलाके भी शामिल होंगे. सीमाई इलाकों में अमित शाह सुरक्षा को लेकर बैठकें भी करेंगे. जानकारी के मुताबिक, अमित शाह पहले राजस्थान, फिर गुजरात और आखिर में त्रिपुरा के सीमाई इलाकों का दौरा करेंगे.
कार्यक्रम के तहत गृह मंत्री अमित शाह 25 मई की रात को दो दिन के दौरे पर राजस्थान के बीकानेर पहुचेंगे और 26 मई सुबह 10 बजे सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की सीमा चौकी सांचू का दौरा करेंगे. वहां वह सुरक्षा बलों के जवानों के साथ बातचीत करेंगे और सुरक्षा बलों के लिए योजनाओं का उद्घाटन करेंगे.
इसके बाद अमित शाह दोपहर 2 बजे बीकानेर में बॉर्डर क्षेत्र की सुरक्षा की समीक्षा करेंगे, जिसमें गृह मंत्रालय, राजस्थान सरकार, बीएसएफ के अधिकारी और 5 सीमावर्ती जिलों के जिला अधिकारी और एसपी मौजूद रहेंगे.
यह भी पढ़ेंः छत्तीसगढ़: गृहमंत्री अमित शाह ने की प्रेसवार्ता, कहा- कांग्रेस ने नक्सलवाद की लड़ाई में साथ नहीं दिया
राजस्थान में क्या है शाह का प्लान?
केंद्रीय कानून मंत्री और बीकानेर के सांसद अर्जुन राम मेघवाल ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि गृह मंत्री शाह सोमवार रात बीकानेर पहुंचेंगे और रात में वहीं रुकेंगे. इसके बाद 26 मई को वह सीनियर अफसरों के साथ एक हाई लेवल मीटिंग करेंगे, जिसमें सीमा सुरक्षा, घुसपैठ-रोधी उपायों और सीमावर्ती क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की जाएगी.
मेघवाल के अनुसार, इस बैठक का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, विभिन्न एजेंसियों के बीच तालमेल बेहतर बनाने और सीमावर्ती क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे का विस्तार करने पर रहेगा. गृह मंत्री शाह का सांचू सीमा चौकी का दौरा करने का कार्यक्रम भी है, जहां वे सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों से बातचीत करेंगे और मौजूदा सुरक्षा स्थिति, ऑपरेशनल चुनौतियों तथा भविष्य की रणनीतियों पर सीधे तौर पर उनकी राय लेंगे.
मेघवाल ने इस दौरे को रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बताया और कहा कि बीएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ होने वाली चर्चाएं सीमा प्रबंधन और विकास से जुड़े मुद्दों का आकलन करने में अहम भूमिका निभाएंगी. उन्होंने कहा कि गृह मंत्री से यह अपेक्षा है कि वे मौजूदा सुरक्षा व्यवस्थाओं, घुसपैठ-रोधी उपायों और सीमा पर कार्यरत विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय तंत्र की समीक्षा करेंगे.
त्रिपुरा और बंगाल भी जाएंगे
राजस्थान के बाद अमित शाह 29 मई को गुजरात के भुज जाएंगे, जहां वह बीएसएफ की सीमा चौकी का दौरा करेंगे और स्थानीय अधिकारियों और जवानों के साथ बैठक करेंगे. अमित शाह अगले महीने 5 जून को त्रिपुरा में बॉर्डर क्षेत्र भी जाएंगे. फिर वह 15 जून के आसपास पश्चिम बंगाल का जाएंगे और वहां सीमाई इलाकों का दौरा करेंगे.
यह भी पढ़ेंः महाराष्ट्र MLC चुनाव: 17 सीटों पर महायुति में घमासान, अमित शाह से मिलने दिल्ली पहुंचे उपमुख्यमंत्री शिंदे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं