नई दिल्ली:
समूचे उत्तर भारत में सोमवार को भी शीतलहर जारी रही। कड़ाके की ठंड की वजह से जनजीवन प्रभावित हुआ। दिल्ली में पारा गिरकर 3.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि जम्मू एवं कश्मीर के लेह कस्बे में तापमान बर्फ जमने के बिंदु से 18.2 डिग्री नीचे रहा। राष्ट्रीय राजधानी में हालांकि दिन का अधिकतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के कारण लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली। सुबह के समय घने कोहरे के कारण रेल यातायात बाधित होने का सिलसिला जारी रहा। पंजाब में चंडीगढ़ का तापमान 3.4 डिग्री, अमृतसर में माइनस 1.2 डिग्री और लुधियाना में 0.2 डिग्री दर्ज किया गया। हरियाणा के अंबाला में ठंड का प्रकोप काफी रहा। उत्तर प्रदेश में सर्द हवाएं चलना जारी है, लेकिन धूप खिलने से लोगों को कुछ राहत अवश्य मिली है। सोमवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम था। उत्तर प्रदेश में शीतलहर और सर्दी से अब तक कुल 141 लोगों की मौत हो चुकी है। जम्मू एवं कश्मीर में सोमवार को भी पारे का गिरना जारी रहा। श्रीनगर में तापमान शून्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस और लेह में शून्य से 18.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.4 डिग्री सेल्सिय कम और पहलगाम में यह शून्य से 7.4 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। मौसम में आए बदलाव का असर मध्य प्रदेश में भी नजर आने लगा है। राज्य के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को मौसम ने करवट बदली है और इसने राज्य में ठंड बढ़ा दी है। रीवा, उमरिया व मंडला में तापमान तीन डिग्री पर पहुंच गया है। ग्वालियर, जबलपुर व सागर संभाग में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। ग्वालियर के तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है जिससे तापमान 3.8 डिग्री पर पहुंच गया है। वहीं जबलपुर में तापमान आठ डिग्री पर पहुंच गया है। इसके अलावा भोपाल व इंदौर में तापमान दो डिग्री सेल्सियस बढ़ा है। वहीं राज्य के कई हिस्सों में सुबह कोहरा का असर नजर आया, इससे जनजीवन प्रभावित रहा। इसके अलावा सर्द हवाएं जोर पकड़ रही हैं। दिन की धूप काफी राहत देने वाली रही। उधर, पटना समेत बिहार के अन्य हिस्सों में सोमवार को सुबह धूप निकली और लोगों ने राहत की सांस ली परंतु गया का न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस से नीचे लुढ़क गया। पटना मौसम विभाग के अनुसार सोमवार सुबह गया का तापमान लुढ़ककर 3.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है जबकि पटना में सुबह का तापमान 6़ 2 डिग्री तथा पूर्णिया का न्यूनतम तापमान 7.5 दर्ज किया गया। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक अनिमेश चंद्रा ने सोमवार को बताया कि कोहरा छंटने, मौसम के साफ रहने और ठंडी हवा चलने के कारण न्यूनतम तापमान गिर रहा है। उन्होंने बताया कि अगले एक-दो दिनों तक मौसम के साफ रहने की सम्भावना है।
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
उत्तर भारत, शीतलहर, रेल, यातायात