- पुणे में 30 वर्षीय आईटी इंजीनियर रोहन कुबादी की इलेक्ट्रिक हॉट वॉटर बैग से करंट लगने से मौत हुई.
- रोहन तीन महीनों से वडगांव शेरी स्थित सोमनाथ नगर के किराये के फ्लैट में अकेले रह रहे थे.
- घटना के दो दिन बाद तेज बदबू आने पर मकान मालिक ने दरवाजा खोलकर रोहन का शव बिस्तर पर पाया.
पुणे में एक दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय आईटी इंजीनियर रोहन कुबादी की बिजली का झटका लगने से मौत हो गई. रोहन अपनी गर्दन के नीचे इलेक्ट्रिक हॉट वॉटर बैग रखकर सो रहे थे. पुलिस को आशंका है कि हॉट वॉटर बैग में खराबी आने से उन्हें करंट लगा, जिससे उनकी जान चली गई.
मौत के 2 दिन बाद पता चला
रोहन पिछले तीन महीनों से पुणे के वडगांव शेरी स्थित सोमनाथ नगर में किराये के फ्लैट में अकेले रह रहे थे. घटना का पता दो दिन बाद तब चला, जब कमरे से तेज बदबू आने लगी. कई बार फोन करने के बावजूद जवाब नहीं मिलने पर मकान मालिक ने दरवाजा खोला. अंदर रोहन का शव बिस्तर पर पड़ा मिला.
सूचना मिलने पर चंदननगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. शुरुआती जांच में सामने आया है कि इलेक्ट्रिक हॉट वॉटर बैग से करंट लगने के कारण यह हादसा हुआ. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.
हॉट वॉटर बैग के इस्तेमाल में सावधानी बरतना जरूरी
बता दें कि आमतौर पर लोग दर्द और अकड़न से राहत पाने के लिए हॉट वॉटर बैग का इस्तेमाल करते हैं. ऐसे में इलेक्ट्रिक हॉट वॉटर बैग से मौत की खबर चिंता बढ़ाने वाली है. डॉक्टरों के मुताबिक, गर्म सिकाई से मांसपेशियों को आराम मिलता है और गर्दन, कमर, कंधे तथा पीठ के दर्द में राहत मिलती है. सर्दियों में भी कई लोग शरीर को गर्म रखने के लिए इसका उपयोग करते हैं. हालांकि, इलेक्ट्रिक हॉट वॉटर बैग का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए.
ये भी पढ़ें : एक ही मुद्दा और एक ही मांग, फिर क्यों CJP से दूरी बनाकर चल रहे राहुल गांधी; इनसाइड स्टोरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं