विज्ञापन

ममता बनर्जी के CM पद से इस्तीफा न देने की धमकी के बाद एक्‍शन में चुनाव आयोग, जारी की अधिसूचना

पश्चिम बंगाल चुनाव में हार के बाद भी ममता बनर्जी ने इस्तीफा देने से इनकार किया है, जबकि चुनाव आयोग ने नई विधानसभा गठन के लिए अधिसूचना जारी कर दी है.

ममता बनर्जी के CM पद से इस्तीफा न देने की धमकी के बाद एक्‍शन में चुनाव आयोग, जारी की अधिसूचना
  • पश्चिम बंगाल में चुनाव हारने के बाद भी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस्तीफा देने से साफ इंकार कर दिया है
  • चुनाव आयोग ने नई विधानसभा के गठन के लिए अधिसूचना जारी कर चुनावी प्रक्रिया की औपचारिक समाप्ति का संकेत दिया है
  • निर्वाचन आयोग ने पूरी चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी बताया
कोलकाता:

पश्चिम बंगाल चुनाव में हार का सामना करने के बावजूद मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी ने पद से इस्‍तीफा देने से इनकार कर दिया है. लेकिन इसके बाद चुनाव आयोग ने बंगाल में नई विधानसभा के गठन के लिए अधिसूचना जारी कर अपने इरादे साफ कर दिये हैं. ममता बनर्जी की प्रेस कॉन्‍फ्रेंस के बाद चुनाव आयोग भी हरकत में आ गया. निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य में नई विधानसभा के गठन के लिए मंगलवार को एक अधिसूचना जारी की. यह अधिसूचना पश्चिम बंगाल के राज्यपाल को भेज दी गई है, जो औपचारिक रूप से चुनावी प्रक्रिया की समाप्ति का संकेत है.

चुनाव आयोग ने शुरू कर दी आगे की प्रक्रिया 

निर्वाचन आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि नतीजों की घोषणा के बाद, अधिसूचना जारी करना एक अहम संवैधानिक कदम है. अधिकारी ने कहा, "इसके साथ ही, पश्चिम बंगाल में नई विधानसभा के गठन की प्रक्रिया आयोग की तरफ से पूरी हो गई है. इससे तय प्रक्रियाओं के तहत सरकार बनाने के अगले कदम उठाने में मदद मिलती है." उन्होंने कहा कि आयोग ने चुनावों के संचालन के दौरान सभी मानदंडों का पालन सुनिश्चित किया. उन्होंने कहा, "मतदान से लेकर मतगणना तक की पूरी प्रक्रिया, वैधानिक ढांचे के अनुरूप, स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई." अधिकारियों ने बताया कि इस अधिसूचना से निर्वाचित प्रतिनिधियों के शपथ ग्रहण और राज्य में नयी सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त हो गया है.

"मैं अभी इस्तीफा क्यों दूं? हम वास्तव में हारे नहीं"

ममता बनर्जी ने हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में गड़बड़ी और 'वोट चोरी' के आरोप लगाए हैं और उन्होंने अगली सरकार के शपथ ग्रहण से पहले इस्तीफा देने से इनकार कर दिया है. उन्होंने मीडिया से कहा, "मैं अभी इस्तीफा क्यों दूं? हम वास्तव में हारे नहीं हैं. नतीजे असली जनादेश को नहीं दिखाते, बल्कि गड़बड़ी और 'वोट चोरी' के परिणाम हैं. इसलिए इस्तीफा देने राजभवन नहीं जाऊंगी. ममता बनर्जी के इस बयान के बाद सियासत तेज हो गई है. भाजपा सांसद और अधिवक्ता उज्जवल निकम ने कहा, "हमारे देश में यह पहली बार है कि चुनाव हारने के बाद कोई मुख्यमंत्री पद छोड़ने से इनकार कर रहा है. यह स्पष्ट रूप से एक गतिरोध पैदा करने का प्रयास है, जिसका कोई कानूनी आधार नहीं है."

ये भी पढ़ें :- चुनाव बाद बंगाल हिंसा में 2 की मौत, एक्शन में इलेक्शन कमीशन, चीफ सेक्रेटरी से लेकर DGP को जारी कड़ा फरमान

अगर ममता बनर्जी इस्‍तीफा नहीं देंगी, तो क्‍या? 

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफा देने से इनकार करने पर विशेषज्ञों ने मंगलवार को कहा कि उन्हें इस्तीफा देना ही होगा अन्यथा राज्यपाल उन्हें बर्खास्त कर सकते हैं. कुछ विशेषज्ञों का कहना है कि राज्यपाल द्वारा सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किए जाने पर नए व्यक्ति के पदभार ग्रहण करते ही बनर्जी का मुख्यमंत्री कार्यकाल स्वतः समाप्त हो जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि उनका और निवर्तमान विधानसभा का कार्यकाल सात मई को समाप्त हो रहा है. संविधान विशेषज्ञ और लोकसभा के पूर्व महासचिव पी डी टी आचारी ने  को बताया कि नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण के बाद बनर्जी के पास पद छोड़ने के अलावा कोई विकल्प नहीं है. उन्होंने कहा कि क्योंकि एक राज्य में दो मुख्यमंत्री नहीं हो सकते. वरिष्ठ अधिवक्ता अजीत सिन्हा ने कहा कि नए मुख्यमंत्री के पदभार संभालने के बाद, 'वह पद से हट चुकी मानी जाएंगी.'

ये भी पढ़ें :- 'योगी अवतार' में सुवेंदु अधिकारी ! क्या बंगाल अब हिंदुत्व की नई प्रयोगशाला बनने की ओर है?

लेखक के बारे में
img
तिलकराज
Deputy News Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Election Commission On Mamata, Mamata Banerjee, Beangal CM, EC Issues Notification
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com