- दिलजीत दोसांझ ने आलोचकों को दिया जवाब, फिर CJP नेता अभिजीत दिपके ने लिखा भावुक खुला पत्र
- ‘पंजाबियों को मत सिखाओ लड़ाई कैसे लड़ी जाती है’, दिलजीत का मंच से जवाब
- ‘मैं आज भी आपका प्रशंसक हूं’, दिपके ने दिलजीत को लिखा भावुक संदेश
पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के Aura India Tour 2026 की शुरुआत दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से हुई, लेकिन इस बार चर्चा उनके गीतों से ज्यादा उनके बयान और उस पर आई प्रतिक्रिया की हो रही है. करीब 70 हजार से अधिक दर्शकों के सामने दिलजीत ने अपने आलोचकों को जवाब दिया और साफ कहा कि पंजाबियों को लड़ाइयां लड़ना सिखाने की जरूरत नहीं है. उनके इस बयान के बाद CJP नेता अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर एक भावुक खुला पत्र लिखकर अपनी बात रखी.
दिल्ली कॉन्सर्ट में दिलजीत का पलटवार
Aura India Tour 2026 के उद्घाटन शो में दिलजीत दोसांझ ने उन आलोचनाओं का जिक्र किया, जो उन्हें इस साल छात्र आंदोलनों और विरोध प्रदर्शनों से दूरी बनाए रखने के बाद झेलनी पड़ी थीं. दिलजीत ने मंच से कहा, "I love all of you because I am an artist, bro. I am being quiet, so let me stay quiet. I support all of you. But don't teach Punjabis how to fight." उन्होंने आगे कहा कि उनकी फिल्म 'Satluj' का कुछ लोगों द्वारा मजाक उड़ाया गया, जबकि उस फिल्म के लिए लंबा संघर्ष किया गया था. यह फिल्म मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन पर आधारित बताई जाती है.
दिल्ली में हुए कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत दोसांझ ने स्टेज से अभिजीत दीपके को करारा जवाब दिया. दिलजीत ने कहा, 'मैं पंजाबी हूं, मुझे मत सिखाओ लड़ना. मैं चुप हूं, मुझे चुप रहने दो' #DiljitDosanj #AbhijitDipke https://t.co/aFfDlwgli9
— NDTV India (@ndtvindia) October 31, 2026
'पंजाबियों को मत सिखाओ लड़ाई कैसे लड़ी जाती है'
दिलजीत दोसांझ ने अपने संबोधन में कहा, "Punjabion ko naa sikhaao kaise ladayiaan ladi jaati hain." उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई उनसे नफरत करता है तो यह उसकी पसंद है, लेकिन वह सभी से प्यार करते हैं. बाद में इंस्टाग्राम लाइव के दौरान भी उन्होंने स्पष्ट किया कि नकारात्मक माहौल बनाने की कोशिशों से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता. उनका कहना था कि कुछ लोग केवल उन्हें परेशान करना और नकारात्मकता फैलाना चाहते हैं, लेकिन वह इन बातों से ऊपर उठ चुके हैं.

अभिजीत दीपके का पत्र
Photo Credit: NDTV
अभिजीत दीपके ने लिखा खुला पत्र
दिलजीत के बयान के बाद CJP नेता अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर "To Diljit Paaji" शीर्षक से एक लंबा संदेश साझा किया. दीपके ने लिखा कि जून में हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान दिलजीत की टिप्पणी से उन्हें दुख पहुंचा था, लेकिन इसका कारण व्यक्तिगत नाराजगी नहीं थी. उन्होंने कहा कि वह हमेशा दिलजीत को ऐसे कलाकार के रूप में देखते रहे हैं, जो किसी मुद्दे पर खुलकर बोलते हैं. दीपके ने लिखा कि वह आज भी दिलजीत के प्रशंसक हैं और उनकी संगीत यात्रा का सम्मान करते हैं. उन्होंने यह भी याद दिलाया कि वह इस वर्ष मई में शिकागो में आयोजित दिलजीत के कॉन्सर्ट में भी शामिल हुए थे.
'सम्मान आज भी कायम है'
अपने पत्र में दीपके ने कहा कि एक मतभेद या गलतफहमी से उनके मन में दिलजीत के लिए सम्मान कम नहीं हुआ है. उन्होंने लिखा, "Baaki paaji, chhota bhai samajh ke mitti pao." संदेश के अंत में उन्होंने पंजाबी पंक्तियों के जरिए भी अपनी भावना व्यक्त की और कहा कि उनके मन में कलाकार के रूप में दिलजीत के लिए सम्मान बना हुआ है.
5 दिसंबर तक चलेगा टूर
दिलजीत दोसांझ इस समय अपने Aura India Tour 2026 के तहत भारत के विभिन्न शहरों में प्रस्तुति दे रहे हैं. टूर की शुरुआत 30 अक्टूबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से हुई है और इसका समापन 5 दिसंबर को लखनऊ के जंबोरी ग्राउंड में होगा.
यह भी पढ़ें : पंजाबियों को मत सिखाओ... दिलजीत दोसांझ ने दिल्ली कॉन्सर्ट में सीजेपी को लिया आड़े हाथों, दीपके ने दिया जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं