विज्ञापन
This Article is From Apr 03, 2026

गजब का फर्जीवाड़ा... अब सेंसोडाइन भी नकली, दिल्ली में फैक्ट्री का भंडाफोड़, वीडियो में दिखा असल खेल

Fake Sensodyne Factory: देश की राजधानी दिल्ली से फर्जी सेंसोडाइन टूथपेस्ट की एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है. फैक्ट्री से पुलिस ने हजारों ट्यूब जब्त किए. इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया गया है.

गजब का फर्जीवाड़ा... अब सेंसोडाइन भी नकली, दिल्ली में फैक्ट्री का भंडाफोड़, वीडियो में दिखा असल खेल
दिल्ली में नकली सेंसोडाइन टूथपेस्ट की फैक्ट्री का खुलासा.
  • दिल्ली पुलिस ने खंजावाला के महावीर विहार में नकली सेंसोडाइन टूथपेस्ट बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया.
  • छापेमारी में हजारों नकली टूथपेस्ट ट्यूबें, मशीनरी, कच्चा माल और पैकेजिंग सामग्री जब्त की गई है.
  • इस नकली टूथपेस्ट में इस्तेमाल होने वाला पेस्ट घटिया क्वालिटी का था, अस्वच्छ परिस्थितियों में बनाया जा रहा था.
नई दिल्ली:

Fake Sensodyne Factory: दांतों में झनझनाहट हो या दर्द, मसूड़ में सूजन हो या दर्द... ज्यादातर डेंटिस्ट सेंसोडाइन लेने की सलाह देते हैं. अब तो आम लोग भी इस टूथपेस्ट को इतना जान गए हैं कि डेंटिस्ट के जाने के बदले सीधे मेडिकल स्टोर से सेंसोडाइन खरीद लेते हैं. लेकिन अब सेंसोडाइन खरीदने या यूज करने से पहले यह सोचना जरूरी हो गया है कि जो ट्यूब आप ले रहे हैं या यूज कर रहे हैं वह ओरिजनल सेंसोडाइन है भी या नहीं. ओरिजनल और डुप्लीकेट सेंसोडाइन की चर्चा हम इसलिए कर रहे हैं क्योंकि शुक्रवार को दिल्ली में पुलिस ने डुप्लीकेट सेंसोडाइन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है. 

खंजावाला के महावीर विहार में चल रही थी फैक्ट्री

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राजधानी में नकली सेंसोडाइन टूथपेस्ट बनाने वाली एक बड़ी अवैध यूनिट का सफल भंडाफोड़ किया है. इस कार्रवाई में भारी मात्रा में नकली उत्पाद, मशीनरी और कच्चा माल जब्त किया गया. क्राइम ब्रांच की ईस्टर्न रेंज-1 की टीम को 2 अप्रैल को गुप्त सूचना मिली कि खंजावाला के महावीर विहार, सी-ब्लॉक में एक गोदाम में नकली सेंसोडाइन टूथपेस्ट बनाया जा रहा है. टीम ने इंस्पेक्टर आशीष शर्मा के नेतृत्व में तुरंत छापा मारा. 

छापेमारी के दौरान सैकड़ों ट्यूब भी मिले

मौके पर 6 मजदूर ट्यूबों में पेस्ट भरने और सील करने का काम करते पाए गए. छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में नकली सामान जब्त किया. इसमें 1,800 भरी हुई और सील की हुई नकली सेंसोडाइन टूथपेस्ट ट्यूबें, 10,472 खाली ट्यूबें, 616 ढक्कन लगी हुई खाली ट्यूबें और 1,224 पहले से भरी हुई एवं पैक की हुई ट्यूबें शामिल हैं. इसके अलावा, लगभग 130 किलोग्राम नीला कच्चा पेस्ट, एक पूरी ट्यूब भरने और सील करने वाली मशीन, सेंसोडाइन ब्रांडिंग वाले कार्टन, कैप्स, श्रिंक स्लीव्स, हीटिंग गन, गोंद तथा अन्य पैकेजिंग सामग्री भी बरामद की गई.

सभी सामान अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार किया जा रहा था, जिससे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को गंभीर खतरा था. नकली टूथपेस्ट में इस्तेमाल होने वाला पेस्ट स्थानीय और घटिया क्वालिटी का था.

रोहिणी निवासी हरि ओम मिश्रा गिरफ्तार

मुख्य आरोपी हरि ओम मिश्रा (उम्र 58 वर्ष, निवासी सेक्टर-2, रोहिणी) को गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने गोदाम किराए पर लिया था और बिना किसी लाइसेंस या ब्रांड मालिक की अनुमति के खाली सेंसोडाइन ट्यूबों में कच्चा पेस्ट भरकर बाजार में बेचने के लिए पैक कर रहा था. मजदूरों में अधिकांश बिहार और उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं. पुलिस ने मौके पर मौजूद अधिकृत ब्रांड प्रतिनिधि श्री राजेश कुमार से भी पुष्टि कराई, जिन्होंने सभी सामान को नकली बताया.

इस मामले में क्राइम ब्रांच पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और कॉपीराइट एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब कच्चे माल के आपूर्तिकर्ताओं, अन्य सहयोगियों और पूरे वितरण नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है.  

यह भी पढ़ें - ईनो-टूथपेस्ट के साथ अब सिगरेट भी असली नहीं... नकली प्रोडक्ट्स बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 6 गिरफ्तार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sensodyne, Sensodyne Toothpaste, Fake Sensodyne Toothpaste, Delhi, Khanjawala
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com