विज्ञापन
This Article is From Jun 17, 2024

उड़ी हुई है नींद, आखिर दिल्ली में दिन से ज्यादा रात में क्यों लग रही है गर्मी?

Delhi Weather: दिल्‍ली में रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक 44.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि न्यूनतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से 5.7 डिग्री अधिक है.

उड़ी हुई है नींद, आखिर दिल्ली में दिन से ज्यादा रात में क्यों लग रही है गर्मी?
दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री अधिक 44.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज
नई दिल्‍ली:

दिल्ली में रातें इन दिनों करवटें बदलते बीत रही हैं. गर्मी ऐसी है कि नींद उड़ी हुई है. दिन में चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़े, तो पिछले काफी दिनों से लोग झेल रहे थे, लेकिन अब रात में भी प्रचंड गर्मी महसूस हो रही है. रात में भी पसीना नहीं सूख रहा है. बीती रात तो दिल्‍ली में पारा 33.2 डिग्री के पार पहुंच गया. पिछले छह सालों में दिल्ली की रात इतनी गर्म रही है. आखिर दिल्ली में रातों के इतनी गर्म होने की वजह क्या है? 

आखिरी रात में इतनी गर्मी क्यों?

दरअसल रातों के गर्म होने की बड़ी वजह है अधिकतम और न्यूनतम तामपान में लगातार घटता अंतर. गर्मी के आम दिनों में दिन में गर्मी होती थी, लेकिन सूरज ढलते ही टेंपरेटर थोड़ा मेंटेन हो जाता था. लेकिन दिल्ली में इन दिनों लगातार लू चल रही है. ऐसे में रात में दर्ज किया जाने वाला न्यूनतम तापमान बढ़ रहा है. रविवार को तो जून में 33.2 डिग्री के साथ रात के तापमान ने दूसरी बार रेकॉर्ड तोड़ा. यह सामान्य से 6 डिग्री अधिक था. इससे पहले शुक्रवार को भी न्यूनतम तापमान 33.3 डिग्री तक जा चढ़ा था. पिछले कुछ दिनों से लगातार अधिकतम और न्यूनतम का अंतर घटकर 12-15 रह गया है. यही वजह है कि रातें ज्यादा गर्म महसूस हो रही हैं. मौसम विभाग की 'गर्म रात' की परिभाषा के मुताबिक ऐसा तब होता है जब अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक हो जाए या फिर न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री ज्यादा दर्ज हो. पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में यह सिलसिला चल रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में लू का सिलसिला 19 जून तक चलेगा. 

आज कैसा रहेगा दिल्‍ली का मौसम?

दिल्‍ली में रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक 44.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि न्यूनतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से 5.7 डिग्री अधिक है. मौसम विभाग ने सोमवार को आसमान साफ रहने, गर्म हवाएं चलने, भीषण गर्मी, रात में गर्मी रहने और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है. शाम साढ़े पांच बजे आर्द्रता 19 प्रतिशत दर्ज की गई.  केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) शाम छह बजे 195 अंक के साथ 'मध्यम' श्रेणी में दर्ज किया गया. 

Latest and Breaking News on NDTV


यूपी में भीषण गर्मी और 'लू' का दौर जारी, प्रयागराज सबसे गर्म

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और 'लू' का दौर जारी है तथा पूरा राज्य इसकी चपेट में है. राज्य के सभी मंडलों में दिन का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया. प्रयागराज 47.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ रविवार को राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा. लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम केन्द्र की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। प्रदेश में ज्यादातर स्थानों पर भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी रहा. झुलसाने वाली गर्मी से जल्द राहत मिलने की संभावना भी नहीं है.

Latest and Breaking News on NDTV

रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार को प्रयागराज राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां दिन का तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 8.7 डिग्री सेल्सियस ज्यादा था. इसके अलावा झांसी में 47.1 डिग्री, वाराणसी और कानपुर में 46.8, आगरा में 46.5, सुलतानपुर में 46.4, फतेहपुर में 46.2, फुरसतगंज और बाराबंकी में 46—46, उरई में 45.8 और राजधानी लखनऊ में 45.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया. अगले 24 घंटों के दौरान भी राज्य के लगभग सभी स्थानों पर लू चलने और कहीं-कहीं भीषण लू चलने का अनुमान है. 

हरियाणा के नूंह में पारा 47 के पार 

हरियाणा में भीषण लू की स्थिति रविवार को भी जारी रही और समराला एवं नूंह में तापमान 47.2 डिग्री व 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम कार्यालय ने कहा कि प्रचंड गर्मी ने दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ को भी प्रभावित किया, जहां अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.  पंजाब के लुधियाना के समराला में भीषण गर्मी जारी है, जबकि हरियाणा में नूंह सबसे गर्म स्थान रहा. हरियाणा के अन्य स्थानों में फरीदाबाद और सिरसा में भीषण गर्मी की स्थिति बनी रही। फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस और सिरसा में 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

Latest and Breaking News on NDTV

महेंद्रगढ़ में अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हिसार में अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री रहा.  गर्म मौसम की स्थिति ने गुरुग्राम और कुरुक्षेत्र को भी प्रभावित किया। गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस और कुरुक्षेत्र में 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम कार्यालय ने कहा कि रोहतक में अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं अंबाला में अधिकतम तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस तथा करनाल में 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

पंजाब में बठिंडा रहा सबसे गर्म 

पंजाब के बठिंडा में अधिकतम तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि पठानकोट में यह 46.1 डिग्री दर्ज किया गया. अमृतसर में तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 44.6 डिग्री, पटियाला में 45.5 डिग्री, गुरदासपुर में 46 डिग्री और फिरोजपुर में 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.

Latest and Breaking News on NDTV

मौसम कार्यालय के पूर्वानुमान के अनुसार, हरियाणा और चंडीगढ़ में 18 जून को अलग-अलग स्थानों पर और 19-21 जून के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. पंजाब में 17 जून को अलग-अलग स्थानों पर और 18-21 जून के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
(भाषा इनपुट के साथ...)

इसे भी पढ़ें :- चोपता घूमने साथ निकलीं थीं नोएडा के फ्लैट में रहने वालीं 6 सहेलियां, पर किस्मत देखिए

लेखक के बारे में
img
तिलकराज
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Heat Wave, Delhi Weather, UP Heatwave
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com