विज्ञापन

दिल्ली में एंबुलेंस में आग के बाद धमाका, क्या पंजाब ब्लास्ट जैसा मामला तो नहीं? जांच में जुटी स्पेशल सेल

दिल्ली में मोती बाग फ्लाईओवर पर गुरुवार शाम चलती हुई एंबुलेंस में अचानक आग लग गई. इसके बाद एंबुलेंस में रखा ऑक्सीजन का सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया.

दिल्ली में एंबुलेंस में आग के बाद धमाका, क्या पंजाब ब्लास्ट जैसा मामला तो नहीं? जांच में जुटी स्पेशल सेल

दिल्ली में गुरुवार की शाम एक चलती एंबुलेंस में अचानक आग लग गई. इसके बाद एंबुलेंस में रखा ऑक्सीजन का सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया. इस घटना में कोई हताहत तो नहीं हुआ, लेकिन पास में खड़ी एक बाइक जलकर खाक हो गई. इसके बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मौके पर जाकर जांच की. पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या पंजाब में हुए ब्लास्ट और इस धमाके में कोई संबंध तो नहीं. 

मोती बाग फ्लाईओवर पर चलती एंबुलेंस में लगी आग

दिल्ली में ये घटना मोती बाग फ्लाईओवर के पास गुरुवार शाम हुई. पुलिस के मुताबिक, एंबुलेंस एक मरीज को समालखा में छोड़कर वापस सफदरजंग अस्पताल लौट रही थी. शाम करीब 7.20 बजे वह मोती बाग फ्लाईओवर के पास पहुंची, तभी उसमें धुआं उठने लगा. 

एंबुलेंस में रखा ऑक्सीजन सिलेंडर धमाके से फटा

एंबुलेंस से धुआं उठते ही ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाई और गाड़ी को तुरंत रोक दिया. लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी एंबुलेंस आग की लपटों में घिर गई. आग की वजह से एंबुलेंस में रखा ऑक्सीजन सिलेंडर धमाके के साथ फट गया. 

स्पेशल सेल, फोरेंसिक टीम ने की जांच 

ब्लास्ट की आवाज से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया. बाद में क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर जांच के लिए पहुंची. फोरेंसिक की टीमों  ने भी जाकर सैंपल उठाए. शुरुआती जांच में आग की वजह कंडक्टर सीट के पास हुआ शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है.

पंजाब में एक के बाद एक 2 धमाके

ये घटना ऐसे समय हुई है, जब पंजाब में एक के बाद एक दो धमाकों को लेकर केंद्रीय एजेंसियां अलर्ट पर हैं. मंगलवार की शाम 2 घंटे के अंदर जालंधर और अमृतसर में ब्लास्ट की घटनाएं हुई थीं. जालंधर में बीएसएफ के पंजाब फ्रंटियर मुख्यालय के बाहर खड़ी एक स्कूटी में अचानक धमाका हुआ था. इसके बाद रात करीब 11 बजे अमृतसर के खासा आर्मी कैंट की दीवार के पास धमाका हुआ. सूत्रों के मुताबिक, इन घटनाओं के पीछे पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI का हाथ होने की साजिश के एंगल से भी जांच की जा रही है. 

Latest and Breaking News on NDTV

पंजाब की घटना से समानता तो नहीं?

पंजाब की इन घटनाओं के मद्देनजर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल इस एंगल से भी जांच कर रही है कि मोतीबाग फ्लाईओवर पर एंबुलेंस में आग और धमाके में क्या कोई समानता है? दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल मुख्य रूप से आतंकवाद और संगठित अपराधों से निपटने का काम काम करती है. स्पेशल सेल के एडिशनल सीपी प्रमोद कुशवाहा भी मोतीनगर फ्लाईओवर के पास एबुंलेंस में हुए सिलेंडर ब्लॉस्ट के बाद मौके पर पहुंचे और जांच की. 

स्पेशल सेल फिलहाल इस बात की जांच कर रही है कि एंबुलेंस में आग कैसे लगी और कैसे ऑक्सीजन सिलेंडर फटा. पूरी घटना की कड़ियां जोड़ने पर काम किया जा रहा है. इस काम में फोंरेंसिक एक्सपर्ट्स की भी मदद ली जा रही है. जलकर खाक हुई एंबुलेंस में सबूत तलाशे जा रहे हैं. 

देखें- 2 साल में 25 धमाके, पाकिस्तान से कनेक्शन… पंजाब को दहलाने वाले ‘हाइब्रिड टेरर' की इनसाइड स्टोरी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Ambulance News, Punjab Explosion News, Ambulance Catches Fire
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com