अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का भिंडी बाजार स्थित पुश्तैनी घर आज बीएमसी की कार्रवाई में ढहाया जाएगा.इसका नाम हाजी इस्माइल हबीब मुसाफिरखाना इमारत है. ये दाऊद इब्राहिम का पुश्तैनी घर है और 1986 में भारत से भागने से पहले दाऊद इब्राहिम और उसका परिवार इसी इमारत में रहता था. इसी इमारत में दाऊद इब्राहिम का घर और कार्यालय था, जहां 1993 के मुंबई बम धमाकों की साजिश रची गई थी. BMC ने इस इमारत को गिराने के लिए 18 और 19 नवंबर 2026 की तारीख तय की थी. बता दें कि ये इमारत करीब 80 साल से अधिक पुरानी है और बेहद खतरनाक अति-जर्जर स्थिति में पहुंच चुकी थी. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए और बॉम्बे हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद इसे गिराने का फैसला लिया गया है. BMC के 'सी' वार्ड ने 16 नवंबर 2026 को नोटिस जारी कर इसे 'सी-1' श्रेणी की अत्यधिक जर्जर और खतरनाक की इमारत घोषित करते हुए गिराने का आदेश दिया है. ये कार्रवाई 31 अगस्त 2020 के बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश के तहत भारी पुलिस बंदोबस्त के बीच की जाएगी.
कुछ लोगों का वक्फ बोर्ड की संपत्ति का दावा
तोड़फोड़ की इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय निवासियों और प्रशासन के बीच कुछ तनाव भी देखा गया है, क्योंकि कुछ लोगों ने इस संपत्ति पर वक्फ बोर्ड के स्वामित्व का दावा किया है. निवासियों और ट्रस्ट का दावा है कि वक्फ ट्रिब्यूनल ने तोड़फोड़ पर रोक लगाई है, उनका आरोप है कि अदालत जाने से रोकने के लिए बीएमसी ने नियमों के तहत 15 दिन का समय देने के बजाय केवल 24 घंटे का नोटिस दिया है.
सड़क के चौड़ीकरण में भी रुकावट बन रही ये इमारत
पाकमोडिया स्ट्रीट और सेकंड कूपर स्ट्रीट सीएस नंबर 4315 पर स्थित यह इमारत सेकंड कूपर स्ट्रीट के सड़क चौड़ीकरण प्रोजेक्ट में भी रुकावट बन रही है. इमारत फिलहाल लगभग खाली है. केवल इसके ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद एक प्रार्थना कक्ष यानी प्रेयर हॉल का इस्तेमाल हो रहा है, लेकिन इमारत की जर्जर हालत के कारण यहां आने-जाने वालों की जान को खतरा है.सैफी बुरहानी अपलिफ्टमेंट ट्रस्ट ने प्रार्थना कक्ष के लिए दो विकल्प दिए हैं. सेक्टर 4 के अन-नस्र टॉवर यूनिट F67, F68 और S68 में अस्थायी जगह, या नई जगह किराए पर लेने के लिए आर्थिक मुआवजा. BMC ने प्रार्थना कक्ष का उपयोग करने वालों से कुरान और अन्य सभी धार्मिक वस्तुओं को सम्मानपूर्वक और सुरक्षित रूप से बाहर निकालने का निर्देश दिया है.
भिंडी बाजार का नहीं है भिंडी की सब्जी से कोई नाता
बहुत से लोग मानते हैं कि भिंडी बाजार रहा होगा इसलिए इसका नाम भिंडी बाजार पड़ा, लेकिन भिंडी की सब्जी से इसका कोई नाता नहीं है.ब्रिटिश काल में ये क्रॉफोर्ड मार्केट था. उस समय अंग्रेज इस इलाके को बिहाइंड द बाजार कहते थे. फिर लोग इसे धीरे धीरे भेंडी बाजार कहने लगे और फिर ये भिंडी बाजार हो गया. एक दूसरी मान्यता के मुताबिक यहां कुम्हारों की बस्ती थी जो मिट्टी के बर्तन बनाते थे. मराठी में इसे भांडी कहा जाता था. उसी वजह से इसे भांडी बाजार कहा जाता था, जो ब्रिटिश काल में भेंडी बाजार बन गया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं