Coronavirus India Updates:देश में कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं. देशभर में पिछले 24 घंटे में 2.82 लाख नए COVID-19 केस सामने आए हैं, जो कि मंगलवार के मुकाबले 18 फीसदी ज्यादा हैं. वहीं पिछले 24 घंटे में 441 मरीज़ों की संक्रमण के चलते मौत हुई है. अब तक कुल 4,87,202 लोग महामारी के चलते जान गंवा चुके हैं. नए वैरिएंट ओमिक्रॉन (Omicron) के मामले में भी आज तेजी देखी गई है. देश में अब तक ओमिक्रॉन के 8,961 मामले सामने आ चुके हैं. ओमिक्रॉन को देश में कोरोना की तीसरी लहर की वजह माना जा रहा है. दुनिया में अब तक 33 करोड़ से अधिक लोग COVID-19 की चपेट में आ चुके हैं. यह वायरस 55 लाख से अधिक लोगों की जिंदगी छीन चुका है. भारत (Coronavirus India Report) में COVID-19 के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. कुल संक्रमितों की संख्या तीन करोड़ 76 लाख से अधिक हो चुकी है. दुनिया के कई देशों के साथ-साथ भारत में भी कोविड-19 के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन से संक्रमण के केस भी बढ़ रहे हैं.
असम में मंगलवार को कोरोना वायरस (Coronavirus) संक्रमण के 8,072 नए मामले सामने आए जो कि महामारी की शुरुआत के बाद से एक दिन में सर्वाधिक मामले रहे. राज्य में अब तक संक्रमण के कुल 6,61,789 मामले सामने आ चुके हैं. इससे पहले, एक दिन में सबसे ज्यादा नए मामले सोमवार को सामने आए थे. सोमवार को 6,982 लोग कोविड-19 के संक्रमित पाए गए थे. असम में क्रिसमस, नए साल और बिहू उत्सव के बाद कोविड के मामलों में चिंताजनक वृद्धि देखी गई है.
कर्नाटक में मंगलवार को समाप्त 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के 41,457 नए मामले दर्ज किए गए. राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को कहा कि राज्य में इस बीमारी के कुल मामलों की संख्या 32,88,700 हो गई है. पॉजिटिविटी रेट 22.30 प्रतिशत है. स्वास्थ्य मंत्री के सुधाकर ने बताया कि राज्य में 41,457 मामलों में से 25,595 मामले बेंगलुरु के हैं.