देश में पिछले 24 घंटे में 1,17,100 नए मामले सामने आए हैं. 28 दिसंबर को 6,358 कोविड मामले सामने आए थे. पिछले एक हफ्ते में औसत दैनिक केसों में 485 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. एक बार फिर कोरोनावायरस के डेली मामलों की संख्या 1 लाख के पार हो गई है. पिछले 24 घंटों में भारत में कोरोनावायरस के मामले 28.8 फीसदी बढ़ गए हैं. वहीं शुक्रवार की सुबह तक देश में ओमिक्रॉन के 377 नए मामले सामने आए हैं, जिनसे कि इस नए वेरिएंट के केसों का आंकड़ा बढ़कर 3,007 हो गया है. वहीं, इससे अब तक 1,199 मरीज़ ठीक हो चुके हैं. गुरुवार तक देश में ओमिक्रॉन के 2,630 मामले थे.
बिहार (Bihar) में गुरुवार को कोरोना वायरस (Coronavirus) से संक्रमित दो और मरीजों की मौत हो गई, जबकि कोविड-19 (COVID-19) के 2,379 नए मामले प्रकाश में आए. पटना एम्स (Patna AIIMS) ने जानकारी देते हुए कहा कि यहां 22 संक्रमितों का इलाज चल रहा है, जिसमें दो मरीजों की संक्रमण से मौत हुई है. पटना एम्स (Patna AIIMS) के कोविड नोडल अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान उनके अस्पताल में 14 डॉक्टरों और कई पैरामेडिक्स की कोरोना जांच रिर्पोट पाजिटिव आयी है.
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के 2379 नए मामले प्रकाश में आने के साथ राज्य में उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 5,785 हो गई है जो पिछले दिन की तुलना में लगभग 50 प्रतिशत अधिक है. विभाग ने बताया कि उपचाराधीन मरीजों में आधे से अधिक यानी 3712 मरीज पटना के हैं.
इस बीच, राज्य में टीकाकरण तेजी से हो रहा है और अब तक कुल 10.25 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं. राज्य में 15 से 18 वर्ष आयुवर्ग के करीब 10 लाख किशोरों का गत चार दिन में टीकाकरण हुआ है.