New Delhi:
समूचा उत्तर भारत कड़ाके की शीतलहर की चपेट में है। राजधानी दिल्ली सोमवार सुबह कोहरे की मोटी चादर से ढक गई। घने कोहरे की वजह से कम हुई दृश्यता से वाहनों का परिचालन प्रभावित हुआ। सर्द हवाओं का दौर जारी है। इस बीच सोमवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री नीचे पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया, दिन चढ़ने के साथ कोहरा छंट जाएगा, लेकिन आने वाले दिनों में सर्दी बना रहेगी। आईएमडी के मुताबिक सुबह 8.30 बजे घने कोहरे के कारण दृश्यता 200 मीटर तक कम हो गई थी। आईएमडी अधिकारी ने बताया कि धूप खिलने के बावजूद सर्द हवाओं से कोई राहत नहीं मिल सकेगी। शाम के समय हल्का कोहरा छाया रहेगा। अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। रविवार को न्यूनतम तापमान पांच व अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर, ठंड के चलते अकेले उत्तर प्रदेश में 26 लोगों की मौत हो चुकी है। रविवार को राज्य में छह लोगों ने ठंड से दम तोड़ दिया। मेरठ में पारा दो डिग्री से कुछ ही ऊपर है। हरियाणा के हिसार और रोहतक में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस चला गया है। कोहरे की वजह से उत्तर भारत के कई इलाकों में सड़क और रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
ठंड, सर्दी, कोहरा, उत्तर भारत में शीतलहर