विज्ञापन

सैयद सोहेल शो: कॉकरोच पुतला दहन पर सियासी संग्राम, AAP ने कपिल मिश्रा समेत आयोजकों पर FIR की मांग

दिल्ली में दशहरा समारोह के दौरान 30 फीट ऊंचे कॉकरोच के पुतले का दहन राजनीतिक विवाद का कारण बन गया है. 

दिल्ली में कॉकरोच के पुतले का दहन राजनीतिक विवाद का कारण बन गया.

दिल्ली के पीतमपुरा में आयोजित दशहरा समारोह के दौरान रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के साथ 30 फुट ऊंचे कॉकरोच के पुतले का दहन किया गया. आयोजन के बाद यह कार्यक्रम राजनीतिक विवाद का केंद्र बन गया. आम आदमी पार्टी ने इस पूरे मामले को गंभीर बताते हुए आयोजकों और कार्यक्रम से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है. दिल्ली प्रदेश AAP अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने उपराज्यपाल और दिल्ली पुलिस आयुक्त को शिकायत भेजकर श्री केशव रामलीला समिति के आयोजकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है. शिकायत में समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार सेवराहा और दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा का भी उल्लेख किया गया है.

AAP का आरोप है कि इस आयोजन से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और सामाजिक वैमनस्य फैलाने की कोशिश की गई है. पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि एफआईआर दर्ज नहीं हुई तो वह अदालत का दरवाजा खटखटाएगी.

कपिल मिश्रा भी कार्यक्रम में थे मौजूद

दशहरा समारोह में दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे. उन्होंने AAP के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि कॉकरोच के पुतले से प्रभावित होने वाले लोग देश की राजनीति के "दीमक" हैं.

आयोजकों ने दी सफाई

रामलीला समिति का कहना है कि कॉकरोच का पुतला किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति को निशाना बनाने के लिए नहीं बनाया गया था. समिति के अनुसार यह गंदगी, अस्वच्छता और उससे होने वाली बीमारियों का प्रतीक था. आयोजकों ने इसे "स्वच्छ भारत, स्वच्छ दिल्ली" का संदेश देने वाला अभियान बताया है. हालांकि विपक्षी दल और कई राजनीतिक पर्यवेक्षक इसे हाल के दिनों में चर्चा में रही "कॉकरोच जनता पार्टी" और उसके आंदोलनों से जोड़कर देख रहे हैं.

ज्ञानेश कुमार के पुतला दहन पर भी कार्रवाई

इसी बीच दिल्ली के संगम पार्क इलाके में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाने का मामला भी चर्चा में है. क्रांतिकारी युवा संगठन (KYS) से जुड़े छात्रों और कार्यकर्ताओं ने बिना अनुमति विरोध प्रदर्शन किया और पुतले को आग के हवाले कर दिया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 से 14 लोगों को हिरासत में लिया. प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर गंभीर सवाल हैं. हालांकि पूछताछ के बाद सभी लोगों को रिहा कर दिया गया.

दो पुतला दहन घटनाओं से गरमाई राजनीति

दिल्ली में एक ओर कॉकरोच पुतला दहन को लेकर FIR की मांग उठ रही है तो दूसरी ओर मुख्य चुनाव आयुक्त के पुतला दहन पर पुलिस कार्रवाई हुई है. इन दोनों घटनाओं ने राजधानी की राजनीति को गरमा दिया है और आने वाले दिनों में यह विवाद और तेज होने के संकेत दे रहा है.

यह भी पढ़ें- कॉकरोच के पुतला दहन पर सियासी बवाल! AAP ने की FIR की मांग, LG और पुलिस से शिकायत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cockroach Effigy, Saurabh Bharadwaj, Aam Aadmi Party
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com