विज्ञापन

मुंबई से आई दिलचस्प तस्वीर, CM देवेंद्र फडणवीस के साथ दिखे ठाकरे ब्रदर्स, उद्धव-राज से हुई बात

Devendra Fadnavis Met Thackeray Brothers: महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे एक ही मंच पर नजर आए, इस दौरान तीनों ने एक दूसरे से बातचीत भी की है.

मुंबई से आई दिलचस्प तस्वीर, CM देवेंद्र फडणवीस के साथ दिखे ठाकरे ब्रदर्स, उद्धव-राज से हुई बात
CM देवेंद्र फडणवीस के साथ एक मंच पर दिखे ठाकरे ब्रदर्स (फोटो:NDTV)
  • महाराष्ट्र की राजनीति से दिलचस्प तस्वीर सामने आई है, जहां तीन बडे़ नेता एक मंच पर नजर आए.
  • सीएम देवेंद्र फडणवीस, उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे एक कार्यक्रम में एक साथ नजर आए.
  • इस दौरान तीनों ने एक दूसरे से बातचीत भी की है, जहां मंच पर तंज भरा माहौल भी दिखा.
मुंबई:

महाराष्ट्र की सियासत से एक दिलचस्प तस्वीर सामने आई है. गुरुवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे और मनसे प्रमुख राज ठाकरे एक साथ एक ही मंच पर नजर आए. इस दौरान तीनों ने एक दूसरे से बातचीत करते हुए भी नजर आए. यह मौका सीनियर कार्टूनिस्ट प्रशांत कुलकर्णी की तरफ से संपादित पुस्तक 'महाराष्ट्राची हास्यरेषा' के विमोचन का था. जिसमें तीनों नेता शामिल हुए थे. इस किताब में महाराष्ट्र के पिछले 75 कार्टूनिस्टों के काम और उनके जीवन के रेखाचित्रों को संकलित किया गया है. ठाकरे परिवार का कार्टूनिंग से पुराना नाता रहा है. बाल साहब ठाकरे और राज ठाकरे दोनों ही बेहतरीन कार्टूनिस्ट रहे हैं. इसलिए इस आयोजन में ठाकरे परिवार के साथ-साथ सीएम देवेंद्र फडणवीस भी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल थे. जहां तीनों की मुलाकात हुई तो राजनीति चर्चा भी होना लाजमी है. 

मुंबई में आयोजित हुआ कार्यक्रम 

तीनों नेताओं के बीच हल्के-फुल्के माहौल में हंसी और तंज का दौर भी दिखा. सीएम ने कहा 'मुझे नहीं पता कि कुछ लोग हमें एक मंच पर देखकर हैरान क्यों हैं, हम हैरान नहीं हैं. यह महाराष्ट्र की गौरवशाली राजनीतिक परंपरा है कि अलग-अलग दलों के नेता एक कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं, साथ में चाय पी सकते हैं और खुलकर हंस सकते हैं. कार्यक्रम की शुरुआत में संस्कृति मंत्री आशीष शेलार ने राज ठाकरे का निमंत्रण स्वीकार करने के लिए फडणवीस की तारीफ की, उन्होंने कहा कि राजनीतिक नेताओं को कला और संस्कृति के लिए अपने मतभेदों को एक तरफ रख देना चाहिए. इस पर एमएनएस प्रमुख राज ठाकरे ने तुरंत जवाब दिया. उन्होंने कहा कि वे खुशी-खुशी फडणवीस को बार-बार आमंत्रित करेंगे, बशर्ते शेलार यह सुनिश्चित करें कि फडणवीस 2029 तक मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बने रहें. उनके इस मजेदार जवाब पर वहां मौजूद लोग ठहाके लगाकर हंस पड़े.

उद्धव ठाकरे चाय पर नहीं बुलाते: देवेंद्र फडणवीस

देवेंद्र फडणवीस ने उद्धव ठाकरे की तरफ इशारा करते हुए हल्के-फुल्के अंदाज में एक बड़ा राजनीतिक बयान दे दिया. उन्होंने कहा '2019 तक जब भी उद्धव जी मुझे फोन करते थे, मैं जाता था. लेकिन 2019 के बाद उन्होंने फोन ही नहीं किया, मैं तो बस इंतजार ही करता रह गया, चाय पीने का. फडणवीस के इस बयान पर मंच पर मौजूद उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे भी मुस्कुराए बिना नहीं रह सके. इसके अलावा फडणवीस ने राज ठाकरे की कार्टूनिंग कला का जिक्र करते हुए मजाक में कहा कि अगर वे कभी उनका स्केच बनाएं, तो उनकी नाक थोड़ी बड़ी दिखाएं. 

ये वीडियो भी देखिए

बता दें कि 2019 के पहले तक बीजेपी और शिवसेना (अविभाजित) लंबे समय तक एक साथ रही है. लेकिन उसके बाद हुए विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पद के बंटवारे को लेकर दोनों दल एक-दूसरे के कट्टर विरोधी बन गए. जिसके बाद शिवसेना भी दो गुटों में बंट गई. उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में शिवसेना का एक गुट है, जो विपक्ष में है. जबकि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना महाराष्ट्र में बीजेपी के साथ गठबंधन का हिस्सा है. 

भले ही यह मौका सांस्कृतिक कार्यक्रम का था, लेकिन जब यह विरोधी नेता एक दूसरे से इस तरह से मिले तो राजनीतिक हलचल तेज होना लाजमी है. सीएम देवेंद्र फडणवीस के राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे के साथ मंच सांझा करने के बाद राजनीतिक हलचल तेज है. 

ये भी पढे़ंः MLC चुनाव: नागपुर की हार से महायुति में खलबली, BJP केंद्रीय नेतृत्व ने लिया संज्ञान; शिवसेना-BJP में आरोप-प्रत्यारोप तेज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
CM Devendra Fadnavis, Maharashtra Politics, Maharashtra News, Raj Thackeray, Uddhav Thackeray
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com