विज्ञापन
This Article is From Dec 14, 2020

नड्डा के काफिले पर हुए हमले में घायल होने के बाद कैलाश विजयवर्गीय की सुरक्षा बढ़ी, दी गई बुलेटप्रूफ गाड़ी

बीजेपी के महासचिव और प्रदेश प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. विजयवर्गीय को अब बुलेटप्रूफ गाड़ी दी गई है. बीजेपी प्रभारी को पहले ही जेड लेवल की सुरक्षा मिली हुई है,

नड्डा के काफिले पर हुए हमले में घायल होने के बाद कैलाश विजयवर्गीय की सुरक्षा बढ़ी, दी गई बुलेटप्रूफ गाड़ी
जेपी नड्डा के काफिले पर हुए हमले में कैलाश विजयवर्गीय को चोटें आई थीं. (फाइल फोटो)
नई दिल्ली:

पिछले हफ्ते पश्चिम बंगाल में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) के काफिले पर हुए हमले का शिकार बने बीजेपी के महासचिव और प्रदेश प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय (Kailash Vijayvargiya) की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. विजयवर्गीय को अब बुलेटप्रूफ गाड़ी दी गई है. अब वो सामान्य गाड़ी में नहीं चलेंगे. पश्चिम बंगाल के बीजेपी प्रभारी को पहले ही जेड लेवल की सुरक्षा मिली हुई है, अब उन्हें बुलेटप्रूफ गाड़ी भी दी गई है.

इस मौके पर कैलाश विजयवर्गीय ने मीडिया से बातचीत में कहा कि 'हां जानकारी मिली है कि मुझे बुलेटप्रूफ गाड़ी दी गई है, लेकिन मैंने अभी देखा नहीं है.' उन्होंने इसी बहाने बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि 'प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति बिल्कुल ही नहीं है. रोज हमारे एक कार्यकर्ता की मौत हो रही है और यह सब ममता जी के इशारे पर हो रहा है.'

बता दें कि पिछले गुरुवार को जेपी नड्डा दो दिवसीय पश्चिम बंगाल यात्रा के दौरान डायमंड हार्बर में उनके काफिले पर ईंट-पत्थर से हमला किया गया था. बीजेपी ने कहा था कि इस हमले में विजयवर्गीय सहित कई बीजेपी नेता घायल हो गए थे. बीजेपी ने इसके लिए तृणमूल कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया था और इसे प्रायोजित हमला बताया था.

यह भी पढ़ें : JP नड्डा पर हमले के दौरान इंचार्ज रहे IPS अधिकारियों को MHA ने भेजा था बुलावा, ममता ने भेजने से किया इनकार

बीजेपी इस मुद्दे को लेकर ममता सरकार पर हमलावर हो गई है. इस घटना को लेकर गृह मंत्रालय ने बंगाल के गवर्नर जगदीप घनखड़ से लॉ एंड ऑर्डर पर रिपोर्ट मांगी थी, वहीं, राज्य के मुख्य सचिव और डीआईजीपी को समन भी जारी किया था लेकिन ममता सरकार ने उन्हें भेजने से मना कर दिया था. 

अगले साल बंगाल में विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसके लिए बीजेपी और ममता आमने-सामने हैं. ममता का आरोप है कि बीजेपी खुद पर हमले करवाकर राज्य में इमरजेंसी लगवाने की साजिश कर रही है.

Video: केंद्र और पश्चिम बंगाल सरकार में बढ़ी तनातनी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kailash Vijayvargiya, Kailash Vijayvargiya Accuses Mamata Banerjee, West Bengal Assembly Election 2021
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com