विज्ञापन
This Article is From Jan 20, 2022

अरुणाचल से 17 साल के लड़के के लापता होने का मामला, आर्मी ने चीनी सेना से किया हॉटलाइन पर संपर्क : सूत्र

रक्षा सूत्रों ने बताया कि भारतीय सेना के स्थानीय कमांडर ने लड़के की सुरक्षित वापसी के लिए चीनी सेना से हॉटलाइन पर संपर्क किया है.

अरुणाचल से 17 साल के लड़के के लापता होने का मामला, आर्मी ने चीनी सेना से किया हॉटलाइन पर संपर्क : सूत्र
अरुणाचल प्रदेश से लापता हुए लड़के को वापस लाने के प्रयास तेज
नई दिल्ली:

अरुणाचल प्रदेश (Arunachal Pradesh) से 17 साल के किशोर के लापता होने की सूचना मिलने के बाद उसे वापस लाने की कोशिशें तेज हो गई हैं. रक्षा सूत्रों ने बताया कि भारतीय सेना के स्थानीय कमांडर ने अरुणाचल प्रदेश से लापता हुए लड़के की सुरक्षित वापसी के लिए चीनी सेना से हॉटलाइन पर संपर्क किया है. चीन की सेना का अभी कोई जवाब नहीं आया है. 

यह मामला उस वक्त सामने आया था जब अरुणाचल प्रदेश के एक सांसद ने दावा किया था कि चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) की ओर से किशोर को अगवा किया गया है. 

रक्षा सूत्रों ने अरुणाचल प्रदेश से लापता हुए किशोर मीराम तारौन के बारे में जानकारी दी. सूत्रों ने कहा कि लड़के के लापता होने की जानकारी मिलने पर भारतीय सेना ने हॉटलाइन के स्थापित तंत्र के जरिये तत्काल पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) से संपर्क किया. उन्हें बताया गया कि जड़ी-बूटियों लेने गया लड़का रास्ता भटक गया है और मिल नहीं रहा है. 

READ ALSO: चीनी सेना ने अरुणाचल में भारतीय क्षेत्र के अंदर से किशोर का अपहरण किया: सांसद

सूत्रों ने कहा कि लड़के का पता लगाने और स्थापित प्रोटोकॉल के तहत उसे वापस करने के लिए पीएलए से सहायता मांगी गई है.

इससे पहले, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने युवक के कथित अपहरण को लेकर सरकार पर निशाना साधा. राहुल गांधी ने ट्वीट किया, 'गणतंत्र दिवस से कुछ दिन पहले भारत के एक भाग्य विधाता का चीन ने अपहरण किया है- हम मीराम तारौन के परिवार के साथ हैं और उम्मीद नहीं छोड़ेंगे, हार नहीं मानेंगे. PM की बुज़दिल चुप्पी ही उनका बयान है- उन्हें फर्क नहीं पड़ता!' 

अरुणाचल प्रदेश के सांसद ने किया PLA द्वारा अगवा करने का दावा
अरुणाचल प्रदेश से सांसद तापिर गाओ ने बुधवार को दावा किया था कि चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी ने राज्य में भारतीय क्षेत्र के अपर सियांग जिले से 17 वर्षीय एक किशोर का अपहरण कर लिया है. उन्होंने ट्वीट के साथ अपहृत किशोर की तस्वीर साझा की और कहा, '' भारत सरकार की सभी एजेंसियों से किशोर की जल्द रिहाई सुनिश्चित करने का अनुरोध है.''

वीडियो: भारतीय सीमा में चीनी सैनिकों ने किशोर को किया अगवा, छुड़ाने में जुटी एजेंसियां

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Chinese Army Kidnaps Teen, Arunachal Pradesh, PLA, Indian Army
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com