विज्ञापन
This Article is From Dec 10, 2011

अजित सोनिया से मिले, संप्रग में शामिल होगा रालोद

मंत्री बनाए जाने की अटकलों के बीच अजित सिंह सोनिया गांधी से मिले और उप्र में होने वाले चुनाव के मद्देनजर अपनी पार्टी के कांग्रेस से गठजोड़ की पेशकश की।
नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री बनाए जाने की अटकलों के बीच राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) नेता अजित सिंह शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिले और उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अपनी पार्टी का कांग्रेस से गठजोड़ की पेशकश की। बैठक के बाद कांग्रेस महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने यहां संवाददाताओं से कहा, "सोनिया गांधी ने संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) में रालोद को एक घटक बनाने पर सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी है।" द्विवेदी ने कहा कि अजित सिंह संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी को एक पत्र लिखेंगे। इसके बाद उनकी पार्टी को संप्रग में प्रवेश दिए जाने की औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। सूत्रों ने बताया कि रालोद को संप्रग में शामिल कर लिए जाने के बाद अजित सिंह को केंद्रीय मंत्रिमंडल में एक पद दिए जाने की पेशकश की जाएगी। ज्ञात हो कि 2009 के लोकसभा चुनाव के दौरान रालोद ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया था। इस चुनाव में रालोद को पांच सीटें मिली थीं। अजित सिंह और उनके बेटे जयंत चौधरी लोकसभा सदस्य हैं। कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने भी कहा कि रालोद के साथ चुनावी गठजोड़ को स्वीकृति दे दी गई है। सूत्रों के अनुसार चुनावी गठजोड़ पर सहमति शुक्रवार को अजित सिंह और कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी के बीच हुई बैठक में बनी। समझा जाता है कि उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए रालोद को 40 से 50 सीटें दी जाएंगी। प्रदेश में 403 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र हैं। रालोद के सूत्रों ने कहा कि वरिष्ठता और अनुभवों को देखते हुए अजित सिंह को केंद्रीय मंत्रालय में जगह दिए जाने की सम्भावना है। उन्होंने कहा कि अजित सिंह इसी महीने एक मंत्री के रूप में शपथ लेंगे।
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
अजित, सोनिया, संप्रग, रालोद
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com