गुजरात के अहमदाबाद से हिट एंड रन का एक बड़ा मामला सामने आया है. इस मामले में आरोपी और कोई नहीं, बल्कि बीजेपी विधायक का भतीजा है. इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. लेकिन इस पूरे मामले में पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं.
आरोपी का नाम राघवेंद्र कुशवाहा है, जो बीजेपी विधायक दिनेश कुशवाहा का भतीजा है. आरोप है कि पार्टी से लौटते समय राघवेंद्र कुशवाहा ने अपनी रेंज रोवर कार से बाइक सवार दो लोगों को कुचल दिया. इस घटना में हर्षभाई पुराबिया की मौत हो गई है.

Photo Credit: आरोपी राघवेंद्र कुशवाहा और बगल में बीजेपी विधायक दिनेश कुशवाहा.
कब क्या हुआ?
जानकारी के मुताबिक, राघवेंद्र कुशवाहा गांधीनगर के कलोल इलाके में दीवाली पार्टी में गया था. पूरी रात उन्होंने वहां पार्टी की. वहां से वह अपने चार दोस्तों के साथ रेंज रोवर कार से लौट रहा था.
यह घटना दो दिन पहले यानी 11 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे हुई थी. उन्होंने रेंज रोवर कार से बाइक सवारों को कुचल दिया था. बाइक ड्राइवर रैपडो में काम करता था.

मृतक हर्षभाई पुराबिया.
Photo Credit: NDTV
इस घटना के बाद आरोपी और उसके चारों दोस्त भाग गए थे. राघवेंद्र कुशवाहा का कहना है कि वह दिवाली पार्टी से लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया. वह बहुत डर गया था, इसलिए मौके से भाग गया.
आरोपी राघवेंद्र कुशवाहा 35 साल का है और रियल एस्टेट के कारोबार से जुड़ा है.
पुलिस पर भी उठे सवाल
इस पूरे मामले पर पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. सवाल इसलिए उठ रहे हैं कि पुलिस को दो दिन बाद आरोपी राघवेंद्र कुशवाहा का पता चला.
सवाल इसलिए भी खड़े हुए हैं, क्योंकि गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाने में ही जमानत भी दे दी गई. उसका मेडिकल भी नहीं कराया गया.
पुलिस इन सारे सवालों के जवाब नहीं दे रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं