विज्ञापन

'प्रधानमंत्री के पॉकेट में 10 का नोट! कोई विश्वास करेगा?', ममता बनर्जी ने झालमुरी वीडियो को बताया नौटंकी

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान एक साधारण सी दुकान से झालमुरी खाने का वीडियो पोस्ट किया था जिस पर अब ममता बनर्जी ने तंज कसा है.

'प्रधानमंत्री के पॉकेट में 10 का नोट! कोई विश्वास करेगा?', ममता बनर्जी ने झालमुरी वीडियो को बताया नौटंकी
पीएम मोदी के वीडियो के 1 करोड़ से ज्यादा व्यूज आए हैं
PTI
  • पीएम का एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें वे एक दुकान से झालमुरी खरीदते और दुकानदार से पैसे लेने के लिए कहते दिखे
  • ममता बनर्जी ने इस वीडियो को चुनावी प्रचार की नौटंकी बताते हुए कहा कि वहां कैमरे पहले से मौजूद थे.
  • ममता बनर्जी ने कहा कि वो जीत के बाद बंगाल आने वाले भाजपा नेताओं को पारंपरिक बंगाली मिठाई भेजेंगी.

पश्चिम बंगाल के चुनाव में इस बार सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच सीधी लड़ाई हो रही है और दोनों ही पार्टियां एक-दूसरे पर प्रहार का एक भी मौका नहीं छोड़ रही हैं. अब एक ताज़ा मामले में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा है. पीएम मोदी बंगाल में लगातार चुनाव प्रचार कर रहे हैं. इसी दौरान उनका एक वीडियो चर्चा में है. इसमें प्रधानमंत्री मोदी एक दुकान से बंगाल की मशहूर झालमुरी खरीदकर खाते हैं. अब ममता बनर्जी ने इसी वीडियो को लेकर प्रतिक्रिया दी है.

प्रधानमंत्री का झालमुरी वाला वीडियो

प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को अपने आधिकारिक ‘एक्स' अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया था. इसमें वह झाड़ग्राम की एक साधारण-सी दुकान से ‘झालमुरी' खरीदते दिखाई दे रहे थे. इस दौरान उनके सुरक्षाकर्मी भी साथ थे. वीडियो में देखा जा सकता है कि मोदी ‘झालमुरी' के लिए दुकानदार को भुगतान करते हैं और जब ​​दुकानदार रुपये लेने से इनकार करता है, तो वह जोर देकर कहते हैं कि उसे रुपये स्वीकार करने चाहिए.

पीएम मोदी ने दुकानदार को पैसे देने की कोशिश की पर वो मना करता रहा

पीएम मोदी ने दुकानदार को पैसे देने की कोशिश की पर वो मना करता रहा
Photo Credit: PTI

ममता बनर्जी ने बताया नौटंकी

इस वीडियो पर अपनी प्रतिक्रिया में ममता बनर्जी ने आरोप लगाया है कि झाड़ग्राम में चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का अचानक “झालमुरी” खरीदने के लिए रुकना सिर्फ एक “नौटंकी” था.

ममता बनर्जी ने बीरभूम जिले के मुरारई विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, "चुनाव प्रचार के दौरान जब प्रधानमंत्री बिना किसी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अचानक झालमुरी खरीदने के लिए रुके थे, तो उस समय वहां कैमरे कैसे मौजूद थे? वहां कैमरे पहले से ही लगा दिए गए थे. एसपीजी ने पूरी व्यवस्था की हुई थी."

ममता ने दावा किया, "प्रधानमंत्री को अपनी जेब में 10 रुपये का नोट रखे देखा गया था. क्या यह विश्वास करने लायक है? यह सब नौटंकी है."

बीजेपी पर खान-पान को लेकर हमला

तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने इस घटनाक्रम के जरिए बीजेपी को भी निशाने में लिया और आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी लोगों की खानपान की आदतों पर प्रतिबंध लगाने की कोशिश कर रही है. 

खारदाहा विधानसभा क्षेत्र में एक रैली को संबोधित करते हुए ममता ने सवाल किया, "आपको अचानक झालमुरी पसंद आने लगी है. लेकिन भाजपा शासित राज्यों में लोगों को मछली और मटन खाने से क्यों रोका जा रहा है? हर किसी को अपनी पसंद का खाना खाने का अधिकार है। मुझे लिट्टी और ढोकला, सब कुछ पसंद है. तो आपको मांसाहारी खाना क्यों बंद कर देना चाहिए?"

ममता ने आगे कहा,"हम कभी किसी की खानपान की आदतों को नियंत्रित करने की कोशिश नहीं करते। (पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव) जीतने के बाद मैं बंगाल आने वाले हर भाजपा नेता को तिलेर नारू (तिल के लड्डू) और खीरेर नारू (मावे के लड्डू) भेजूंगी."

देखें वीडियो-: 

ये भी पढ़ें-: पीएम मोदी के झालमुड़ी वीडियो में ऐसा क्या था जो अब तक 10 करोड़ से ज्यादा लोगों ने देखा

लेखक के बारे में
img
with Bhasha input
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mamata Banerjee, West Bengal News, West Bengal Election, Jhalmuri
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com