उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव : प्रियंका गांधी ने कांग्रेस का 'महिला चुनाव घोषणा पत्र' जारी किया

कांग्रेस ने सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 40 फीसदी आरक्षण देने, बारहवीं क्लास की हर छात्रा को स्मार्टफोन, ग्रेजुएशन करने वाली हर लड़की को स्कूटी देने और सरकारी बसों में मुफ़्त यात्रा की सुविधा जैसे वादे किए

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव : प्रियंका गांधी ने कांग्रेस का 'महिला चुनाव घोषणा पत्र' जारी किया

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने यूपी चुनाव के लिए महिला चुनाव घोषणा पत्र जारी किया.

लखनऊ:

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आज लखनऊ में यूपी कांग्रेस का महिला चुनाव घोषणा-पत्र जारी किया. इसमें सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 40 फीसदी आरक्षण देने, बारहवीं क्लास की हर छात्रा को स्मार्टफ़ोन, ग्रेजुएशन करने वाली हर लड़की को स्कूटी,सरकारी बसों में मुफ़्त यात्रा जैसे लुभावने वादे किए गए हैं. आदि शक्ति दुर्गा की स्तुति की तर्ज़ पर प्रियंका ने महिला मुद्दे पर एक थीम सॉन्ग जारी किया...उसके बाद उन्होंने महिलाओं के लिए एक  अलग मेनिफेस्टो जारी किया.  

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि यह जो हिस्सेदारी है, इससे जो इमबैलेन्स है राजनीति में महिलाओं का, उसको हम ठीक करने की कोशिश करना चाहते हैं. संसद और विधान सभाओं में महिलाओं का प्रतिनिधित्व आज 14 प्रतिशत से कम है.जब 40 प्रतिशत महिलाएं टिकेट लेंगी और चुनाव लड़ेंगी तो आशा है यह बढ़ेगा. 

कांग्रेस दफ्तर में आज महिलाएं बड़ी तादाद में पहुंची थीं. सबके हाथों में “लड़की हूं, लड़ सकती हूं” नारा लिखी तख्तियां थीं. बड़े-बड़े कटआउट्स हर तरफ लगे थे. देश की सियासी तारीख में पहली बार किसी पार्टी ने महिलाओं के लिए अलग मैनिफेस्टो जारी किया है. 

प्रियंका गांधी ने कहा कि देखिए निश्चय,सक्षमता,शक्ति, यह महिला के सहज गुण होते हैं. इसके साथ-साथ करुणा,दया,आशा,साहस..यह सब महिलाओं का गुण होता है. हम चाहते हैं कि यह गुण राजनीति में भी प्रकट हों.

कांग्रेस के महिला मैनिफेस्टो को पांच हिस्सों में बनाया गया है. स्वाबलंबन,शिक्षा,सम्मान,सुरक्षा और सेहत. इसमें वादे भी किए गए हैं. बारहवें दर्जे की लड़कियों को स्मार्ट फोन, ग्रेजुएशन करने वाली लड़कियों को स्कूटी, आरक्षित सरकारी पदों पर 40 फीसदी महिलाओं की भर्ती, पुलिस में 25 फीसदी महिलाओं की भर्ती, मनरेगा में 40 फीसदी काम महिलाओं को, राशन की दुकानें 50 फीसदी महिलाओं को, आंगनबाड़ी वर्कर और आशा बहुओं को 10000 मानदेय. सरकारी बसों में महिलाओं को मुफ़्त यात्रा, बुज़ुर्ग और विधवाओं को 1000 रुपये महीना पेंशन और महिलाओं का 10 लाख तक का इलाज मुफ़्त किया जाएगा. 

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

प्रियंका कहती हैं कि यह कोशिश सिर्फ़ चुनाव के लिए नहीं बल्कि समाज में महिलाओं को मज़बूत बनाना के लिए है. प्रियंका गांधी ने कहा कि अगर नहीं भी जीतीं तब भी बहुत बढ़िया है, एक बार नहीं जीतेंगी तब भी बहुत बढ़िया है, क्योंकि एक बार नहीं जीतेंगी तो अगली बार और सक्षम बनेंगी. तो हमारी जो यह पहल है वह सिर्फ़ चुनाव के नज़रिए से नहीं है. हम बहुत स्पष्ट हैं. हम महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए एकदम पूरी तरह से संजीदगी से पहल करना चाहते हैं.