विज्ञापन
This Article is From Nov 10, 2020

उत्तर प्रदेश : अखिलेश यादव ने ‘खजांची’ को दिया साइकिल का उपहार

सपा अध्यक्ष ने कहा- नोटबंदी की लाइन में जन्‍मे नन्‍हे खजांची को दिया साइकिल का तोहफा ताकि उसके भविष्‍य में खुशी का चक्‍का घूमता रहे

उत्तर प्रदेश : अखिलेश यादव ने ‘खजांची’ को दिया साइकिल का उपहार
सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (फाइल फोटो).
नई दिल्ली:

उत्तर प्रदेश में साल 2017 के चुनाव के दौरान समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के प्रचार में नोटबंदी       (Demonetisation) के विरोध में प्रतीक के रूप में इस्तेमाल कर चुके 'खजांची' (Khajanchi) को अब सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने अपनी पार्टी के चुनाव चिह्न की प्रतीक साइकिल भेंट की है. नोटबंदी के बाद कानपुर देहात के रसूलाबाद क्षेत्र में पंजाब नेशनल बैंक में नोट बदलवाने के लिए लंबी लाइन में लगी महिला ने बच्चे को जन्म दिया था. उसका नाम कथित रूप से अखिलेश यादव ने खजांची रखा था. 

अखिलेश यादव ने सोमवार को खजांची नाम के इस बच्चे को भेंट में अपनी पार्टी का चुनाव चिह्न साइकिल भेंट किया. उन्होंने ट्विटर पर उसकी फोटो भी पोस्ट की. अखिलेश ने ट्विटर पर लिखा, ''नोटबंदी की लाइन में जन्‍मे नन्‍हे खजांची को दिया साइकिल का तोहफा ताकि उसके भविष्‍य में खुशी का चक्‍का घूमता रहे.''

इतना ही नहीं, सोमवार को समाजवादी पार्टी मुख्‍यालय में नोटबंदी की चौथी वर्षगांठ के बाद हर वर्ष की तरह खजांची का जन्‍मदिन मनाया गया. इस मौके पर सपा कार्यालय में ढोल नगाड़ों की गूंज सुनाई दी. सपा के मुख्‍य प्रवक्‍ता राजेंद्र चौधरी ने बताया कि खजांची के जन्मदिन पर केक काटा गया और उसे उपहार दिए गए.

खजांची को उसकी मां ने पीएम नरेद्र मोदी द्वारा नोटबंदी की घोषणा किए जाने के बाद बैंक के बाहर कतार में जन्म दिया था. खजांची की मां सर्वेशा देवी बैंक की कतार में पांच घंटे तक खड़ी रहीं. इसके बाद उन्हें प्रसव पीड़ा होने लगी. खजांची उनकी पांचवीं संतान है. उसके जन्म से कुछ समय पहले ही सर्वेशा के पति की मौत हो गई थी. वह एक सपेरा था. बैंक कर्मचारियों और अन्य लोगों ने बच्चे का नाम खजांची रखने का सुझाव दिया था जिसे सर्वेशा की मां ने मान लिया था. हालांकि बाद में चुनावों के दौर में इस नौनिहाल का राजनीति से वास्ता जोड़ दिया गया. खजांची के एक महीने के होने से पहले ही चुनावी माहौल में अखिलेश यादव ने उसकी मां को दो लाख रुपये की आर्थिक मदद दी थी.

VIDEO: अखिलेश की हर चुनावी रैली में खजांची का जिक्र

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Akhilesh Yadav, Samajwadi Party, Khajanchi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com