
सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता और शुचिता के प्रति कटिबद्धता प्रदर्शित करते हुए ओड़िशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने शुक्रवार को महीनेभर के अंदर लोकायुक्त के गठन की घोषणा की।
पटनायक ने कहा कि केंद्रीय कानून संबंधित कानून बनाने के लिए एक साल का वक्त देता है, लेकिन ओड़िशा सरकार यह काम एक महीने में करेगी।
राज्यमंत्रिमंडल से इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने यह घोषणा की।
उन्होंने कहा, 'मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद भी इस राज्य कानून के दायरे में होंगे।' उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने भ्रष्टाचार से निबटने में हमेशा कड़ा, प्रभावी और नजीर वाले कदम उठाए। पारदर्शिता में सुधार और सार्वजनिक सेवाओं की आपूर्ति उनकी सरकार की प्राथमिकता है।
पटनायक ने कहा, 'भ्रष्टाचार से लड़ने और सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता लाने की अपनी प्रतिबद्धता के तहत राज्य सरकार यह कानून बनाएगी।' उन्होंने इस सिलसिले में विशेष अदालत कानून और सार्वजनिक सेवा आपूर्ति कानून का हवाला दिया।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं