केंद्रीय गृह मंत्रालय का अधिकारी बर्खास्त, भ्रष्टाचार के आरोप

केंद्रीय गृह मंत्रालय का अधिकारी बर्खास्त, भ्रष्टाचार के आरोप

गृह मंत्रालय (फाइल फोटो)

नई दिल्ली:

गृह मंत्रालय के एक अफसर जीसी यादव को मंत्रालय ने बर्खास्त कर दिया है। उन पर भ्रष्टाचार और अनैतिक काम करने के आरोप हैं।

एनडीटीवी इंडिया को मिली हुई जानकारी के मुताबिक़ जीसी यादव गृह मंत्रालय की पुलिस डिवीजन में तैनात था। मंत्रालय ने यादव को पिछले हफ्ते बर्खास्त किया है। यादव कुछ समय पहले डिप्टी सेक्रेटेरी की पोस्ट पर मंत्रालय में कार्यरत था।

रिटायरमेंट के बाद कांट्रेक्ट पर नियुक्ति
एक वरिष्ठ अधिकारी ने एनडीटीवी इंडिया को बताया कि "थोड़े समय पहले वह रिटायर हुआ लेकिन उसे कांट्रैक्ट पर एक कन्सल्टेंट के तौर पर गृह मंत्रालय ने नियुक्त कर लिया। लेकिन जब उसके खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायतें आईं तो मंत्रालय ने उसे बर्खास्त कर दिया।"

गलत काम करने वाले पर होगी सख्त कार्रवाई
गृह राज्य मंत्री किरेन रिजीज़ू ने कहा कि "हमारी सरकार साफ सुथरी छवि रखती है। अगर कोई गलत काम करते हुए पकड़ा जाएगा तो उसके खिलाफ सख़्त करवाई की जाएगी।"

पुलिस डिवीज़न मंत्रालय की एक संवेदनशील यूनिट है। इसमें पूरे देश से जुड़े आईपीएस अफ़सरों से जुड़े मसले आते हैं। गृह मंत्रालय ही आईपीएस का कैडर कंट्रोल करता है। यह फैसला इसलिए भी अहम है क्योंकि केंद्र सरकार सभी सरकारी कर्मचारियों के काम करने के ढंग का रिव्यू कर रही है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com