चेन्नई:
मुल्लापेरियार बांध मुद्दे पर जारी तकरार के बीच तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जयललिता ने केरल की जनता से कहा है कि बांध को असुरक्षित माने जाने का कोई कारण नहीं है और उसे दोनों राज्यों में निहित स्वार्थी तथा विभाजनकारी ताकतों के बारे में जानना चाहिए। दोनों राज्यों के हित में किसी भी विभाजनकारी तत्व के आगे नहीं झुकने की केरल की जनता से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि केरल के लोगों के बीच डर का माहौल बना दिया गया है। प्रमुख अखबारों में दिए गए पूरे पृष्ठ के विज्ञापन में उन्होंने कहा है, मुल्लापेरियार बांध पूरी तरह से सुरक्षित है और यह नए बांध के समान ही ठीक है। केरल के लोगों को निहित स्वार्थों की साजिश को देखना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा है कि यह बांध पूरी तरह से सुरक्षित है और इससे क्षेत्र में जानमाल के नुकसान की कोई आशंका नहीं है। इससे पहले जयललिता ने केरल के अपने समकक्ष ओमन चांडी को बांध पूरी तरह से सुरक्षित होने का आश्वासन देते हुए एक पत्र में कहा था, बांध को असुरक्षित माने जाने का कोई उचित कारण नहीं है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि केरल के लोगों के मन में इसे लेकर डर पैदा हो गया है।
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
मुल्लापेरियार बांध, जयललिता, केरल, तमिलनाडु