विज्ञापन
This Article is From Jul 13, 2020

बंगाल: BJP नेता देबेंद्र नाथ की मौत मामले में राज्‍यपाल जगदीप धनखड़ ने किया ट्वीट, निष्पक्ष जांच की मांग की

राज्‍यपाल ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘राजनीतिक हिंसा और प्रतिशोध की भावना कम होती नहीं दिख रही है. उत्तरी दिनाजपुर जिले के हेमताबाद से विधायक देबेंद्र नाथ रे की मौत हत्या के आरोपों सहित कई गंभीर मुद्दों को उठाती है. सच्चाई को उजागर करने और राजनीतिक हिंसा पर लगाम लगाने के लिए गहन और निष्पक्ष जांच की आवश्यकता है.’’

बंगाल: BJP नेता देबेंद्र नाथ की मौत मामले में राज्‍यपाल जगदीप धनखड़ ने किया ट्वीट, निष्पक्ष जांच की मांग की
भाजपा नेता देबेंद्र नाथ की मौत मामले को लेकर राज्‍यपाल जगदीप धनखड़ ने ट्वीट किया है
कोलकाता:

बंगाल (Bengal) के राज्यपाल जगदीप धनखड़ (Jagdeep Dhankhar) ने सोमवार को भाजपा नेता देबेंद्र नाथ रे (Debendra Nath Roy) की मौत मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की और कहा कि राज्य में राजनीतिक हिंसा और प्रतिशोध की लड़ाई लगातार जारी है. गौरतलब है कि रे का शव सोमवार सुबह उत्तर दिनाजपुर जिले के हेमताबाद इलाके में उनके घर के पास फांसी पर लटका पाया गया. धनखड़ ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘राजनीतिक हिंसा और प्रतिशोध की भावना कम होती नहीं दिख रही है. उत्तरी दिनाजपुर जिले के हेमताबाद से विधायक देबेंद्र नाथ रे की मौत हत्या के आरोपों सहित कई गंभीर मुद्दों को उठाती है. सच्चाई को उजागर करने और राजनीतिक हिंसा पर लगाम लगाने के लिए गहन और निष्पक्ष जांच की आवश्यकता है.''

रे ने हेमताबाद की अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीट से माकपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी, लेकिन पिछले साल लोकसभा चुनाव के बाद वह BJP में शामिल हो गए थे. हालांकि उन्होंने माकपा से विधायक के तौर पर इस्तीफा नहीं दिया था. भाजपा नेता के परिवार ने हत्या की आशंका जताते हुये मामले में सीबीआई जांच की मांग की है. परिवार के एक सदस्य ने कहा, ‘‘हमें लगता है कि उनकी हत्या हुई है. इसकी सीबीआई जांच होनी चाहिए.'' जिला पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘रे का शव हेमताबाद इलाके में सोमवार सुबह एक दुकान के पास लटका मिला. हमने मामले में जांच शुरू कर दी है. फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई है और उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.''

भाजपा के राज्य नेतृत्व ने रे की हत्या को सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पार्टी की सोची समझी साजिश करार दिया. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा, ‘‘यह तृणमूल कांग्रेस के गुंडों द्वारा की गई जघन्य हत्या है. तृणमूल रे की इलाके में लोकप्रियता को लेकर परेशान थी. हम सच सामने लाने के लिए मामले में स्वतंत्र जांच चाहते हैं. आप राज्य की कानून एवं व्यवस्था अच्छी तरह समझ सकते हैं, जब विधायक ही सुरक्षित नहीं है.'' दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं जिला अध्यक्ष कनाईलाल अग्रवाल ने इन सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पुलिस रे की मौत के कारणों का पता लगाएगी.

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bengal, Death Of Debendra Nath Roy, Governor Jagdeep Dhankhar, Probe
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com